विज्ञापन

ईंधन बचाने के लिए PM मोदी ने पेश की मिसाल, महज 2 गाड़ियों के काफिले में निकले

प्रधानमंत्री की सुरक्षा एसपीजी के हाथों में होती है. आमतौर पर उनके सुरक्षा काफिले में 12 से 15 गाड़ियां होती हैं. लेकिन बुधवार को वह महज 2 कारों के काफिले में सफर करते नजर आए.

ईंधन बचाने के लिए PM मोदी ने पेश की मिसाल, महज 2 गाड़ियों के काफिले में निकले

सुरक्षा, सुविधा और सरकारी खर्च में कटौती के मामले में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नई मिसाल पेश की है. देशवासियों से अपील के बाद, अब पीएम मोदी ने अपने काफिले को महज 2 गाड़ियों तक सीमित कर दिया है. मिडिल ईस्ट तनाव की वजह से गहराए ऊर्जा संकट को देखते हुए प्रधानमंत्री ने ईंधन बचाने के लिए नेताओं से अपने काफिले में वाहनों की संख्या घटाने की अपील की थी. 

प्रधानमंत्री ने खुद इस मामले में बड़ी पहल की है. बुधवार को सामने आए वीडियो में एक कार में प्रधानमंत्री सवार दिखे और दूसरी कार में एसपीजी कर्मी थे. इस दौरान एसपीजी  प्रोटोकॉल का पालन करते हुए प्रधानमंत्री के सुरक्षा इंतजाम किए गए थे. इससे पहले पीएम मोदी जब कैबिनेट बैठक के लिए पहुंचे थे, तब उनके काफिले में सिर्फ 4 गाड़ियां ही थीं. 

प्रधानमंत्री की सुरक्षा एसपीजी के हाथों में होती है. आमतौर पर उनके सुरक्षा काफिले में 12 से 15 गाड़ियां होती हैं. पीएम के काफिले को दिल्ली पुलिस का कार लीड करती है और रास्ता क्लियर करती हुई चलती है. एसपीजी की कार, एनएसजी कमांडोज की कार और अन्य सुरक्षा अधिकारी भी काफिले में चलते हैं. एसपीजी की पायलट कार खतरों की एडवांस उपकरणों के साथ स्कैनिंग करती है. उनके काफिले में जैमर कार, एंबुलेंस वगैरा भी होती हैं. 

खबरें आई थीं कि पीएम मोदी ने एसपीजी से अपने आधिकारिक काफिले में वाहनों की संख्या घटाकर आधी करने को कहा था. काफिले में इलेक्ट्रिक कारों की संख्या बढ़ाने की भी सलाह दी थी. इसके बाद ये नया वीडियो चौंकाने वाला है, जिसमें पीएम मोदी महज एक सुरक्षा कार के साथ सफर करते नजर आ रहे हैं. 

प्रधानमंत्री ने ईंधन बचाने के उद्देश्य से लोगों से निजी वाहनों का इस्तेमाल घटाने की अपील की है. पेट्रोल-डीजल की बचत और पर्यावरण संरक्षण को ध्यान में रखते हुए उन्होंने इलेक्ट्रिक कारों का प्रयोग बढ़ाने की सलाह दी है. इसके बाद तमाम राज्यों के मुख्यमंत्रियों, नेताओं और अन्य पदाधिकारियों ने सरकारी कामकाज में भी पर्सनल वाहनों में कटौती का ऐलान किया है. केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह भी छोटे काफिले के साथ देखे गए.

देखें- PM के काफिले में कटौती का असर... 50% गाड़ियां घटाने से सालाना 1 करोड़ की बचत

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com