एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने सामाजिक परिवर्तन मोर्चे की रैली को सफल करार दिया. उन्होंने रैली में शामिल हुए सभी लोगों का दिल की गहराइयों से आभार व्यक्त किया. ओवैसी ने कहा कि जिन लोगों की अलग धारणा थी, उन्होंने अब स्वयं देख लिया है कि कितनी बड़ी संख्या में लोग स्वेच्छा से यहां आए थे. एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने कहा, "हमारी सामाजिक परिवर्तन मोर्चे की रैली बहुत सफल रही. रैली में शामिल हुए सभी लोगों का हम दिल की गहराइयों से आभार व्यक्त करते हैं. जिन लोगों की अलग धारणा थी, उन्होंने अब स्वयं देख लिया है कि कितनी बड़ी संख्या में लोग स्वेच्छा से यहां आए थे."
उन्होंने आजाद समाज पार्टी के उन तमाम जिम्मेदार लोगों और हमारी पार्टी के कार्यकर्ताओं का भी आभार व्यक्त किया, जिन्होंने मेहनत की. यहां से हमारा सफर चलता रहेगा. राज्य मंत्री असीम अरुण ने कहा, "न तो असदुद्दीन ओवैसी और न ही चंद्रशेखर ने बाबासाहेब के संविधान की असली भावना को समझा है. अगर बाबासाहेब द्वारा तैयार किए गए संविधान का मकसद यह होता कि लोग धर्म और जाति के आधार पर बंट जाएं और अपनी अलग-अलग राजनीति करें, तो उन्होंने संविधान में ऐसे प्रावधान जरूर शामिल किए होते लेकिनउन्होंने संविधान में ऐसा कोई प्रावधान नहीं रखा."
एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी और आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के अध्यक्ष और नगीना के सांसद चंद्रशेखर आजाद ने लखनऊ के रमाबाई अंबेडकर मैदान में संयुक्त महारैली कर चुनावी बिगुल फूंका. सामाजिक परिवर्तन मोर्चे की इस रैली में चंद्रशेखर आजाद को मुख्यमंत्री पद का चेहरा घोषित किया गया. गठबंधन ने प्रदेश की सभी 403 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ने का ऐलान किया. ओवैसी ने कहा कि गरीबों और कमजोरों के अधिकारों की बात करना अगर किसी को भड़काऊ भाषण लगता है तो वह ऐसी आवाज उठाते रहेंगे. उन्होंने अजमल कसाब का जिक्र करते हुए कहा कि जब उसे सजा दी गई तो मुंबई के मुसलमानों ने भी कहा था कि उसे भारत की जमीन पर दफन नहीं किया जाना चाहिए. इसके बावजूद मुसलमानों से बार-बार सवाल किए जाते हैं.
चंद्रशेखर आजाद के साथ अपनी राजनीतिक साझेदारी पर ओवैसी ने कहा कि लोग उनसे पूछते हैं कि उन्हें चंद्रशेखर आजाद क्यों पसंद हैं. उन्होंने शायराना अंदाज में कहा कि जिस पर दिल आ गया, उस पर क्या कर सकते हैं. उन्होंने कहा कि दोनों के दिल मिल चुके हैं और अब इस एकजुटता को जमीन पर उतारना है. वहीं, चंद्रशेखर आजाद ने कहा कि सामाजिक परिवर्तन मोर्चा उत्तर प्रदेश से भाजपा को सत्ता से बेदखल करने का काम करेगा. उन्होंने कहा कि जनता के पास इतनी ताकत है कि वह अपने वोट से किसी को भी सत्ता की कुर्सी पर बैठा सकती है और किसी को जमीन पर ला सकती है. अपने संघर्ष का जिक्र करते हुए चंद्रशेखर ने कहा कि निर्दोष होने के बावजूद उन्हें 16 महीने जेल में रहना पड़ा. जेल में कई तरह की यातनाएं झेलनी पड़ीं.
IANS के इनपुट के साथ
ये भी पढ़ें : मैदान पर रनों का 'बवंडर' लाने वाले वैभव सूर्यवंशी बजरंगबली के हैं भक्त, सेमीफाइनल में भी दिखाया दम
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं