- समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खान ने चुनावी जुलूसों और राजनीतिक प्रतियोगिता को लेकर विवादित बयान दिया है
- आजम खान ने रौनक कुरैशी के जुलूस और चुनावी जीत की खुशी में निकाले गए जुलूस पर सवाल उठाए हैं
- एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने समाजवादी पार्टी की चुनावी हार और रणनीतिक विफलताओं पर कटाक्ष किया है
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर राजनीतिक दलों ने अपनी रणनीतियां तेज कर दी हैं. इसी बीच समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खान के एक बयान से नई राजनीतिक चर्चा शुरू हो गई है. उनके बयान को चंद्रशेखर आजाद और एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी के संभावित गठबंधन पर टिप्पणी के तौर पर देखा जा रहा है. आजम खान के बयान के बाद ओवैसी ने भी सपा पर निशाना साधते हुए अपने आंकड़े और तर्क सामने रखे हैं. ऐसे में चुनाव से पहले विपक्षी खेमे के भीतर ही सियासी जुबानी जंग तेज होती नजर आ रही है.
क्या बोले आजम खान?
समाजवादी पार्टी के घोषणा पत्र कार्यक्रम में आजम खान ने कहा, "एक बार मैं रास्ते से गुजर रहा था. मेरे पास एक सूमो गाड़ी थी. मैंने वह गाड़ी खुद नहीं खरीदी थी, पार्टी की तरफ से मिली थी. ईडी को एक और टॉपिक मिल जाएगा उसका हिसाब भी मांगा जा सकता है."
उन्होंने आगे कहा, "उस समय एक जुलूस निकल रहा था. मैंने पूछा कि यह किसका है तो लोगों ने बताया कि यह रौनक कुरैशी का है. फिर एक और जुलूस दिखाई दिया. मैंने पूछा यह किसलिए है तो जवाब मिला कि किसी चुनावी जीत की खुशी में निकाला जा रहा है. राजनीति में कुछ लोग जीतने के लिए नहीं बल्कि दूसरों को हराने के लिए खड़े होते हैं. ऐसे लोग हमेशा नुकसान पहुंचाते हैं."
ओवैसी ने दिया जवाब
आजम खान के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने कहा, "समाजवादी पार्टी 2014, 2017, 2019, 2022 और 2024 के चुनाव हार गई. वे बीजेपी को नहीं रोक सके. आप इसे क्या कहेंगे? क्या उन्हें ओलंपिक का गोल्ड मेडल देंगे? बीजेपी उनकी वजह से जीत रही है, एसपी की वजह से जीत रही है."
ओवैसी ने आगे कहा, "2022 से 2025 के बीच समाजवादी पार्टी ने 13 राज्यों के विधानसभा चुनाव लड़े. उन्होंने करीब 600 सीटों पर उम्मीदवार उतारे, लेकिन केवल लगभग 114 सीटें जीतीं. इनमें से 111 सीटें सिर्फ उत्तर प्रदेश में थीं. आप ऐसी टीम को क्या कहेंगे? वे आत्ममंथन नहीं करते."
उन्होंने महाराष्ट्र का जिक्र करते हुए कहा, "तीसरी बात, महाराष्ट्र में भी आपने हमारे खिलाफ उम्मीदवार उतारे. विधानसभा चुनाव में आपने उम्मीदवार दिए. वहां क्या कहेंगे आप? जो डेटा है उस पर भी बात होनी चाहिए. इनकी वजह से बीजेपी जीत रही है."
यह भी पढ़ें | 25 लाख सरकारी नौकरी, महिलाओं को ₹40 हजार, फ्री बिजली... सपा के घोषणा पत्र के 10 बड़े वादे
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं