- युवक को कुचलने के केस में जमानत मिली, बाहर आते ही फिर सड़क पर मचाया कहर
- बिल्डर के बेटे की दबंगई, ढाबा मालिक पर कार चढ़ाने की कोशिश
- कार से लोगों को निशाना बनाने वाला आरोपी भीड़ के हत्थे चढ़ा
ओडिशा की राजधानी भुवनेश्वर में एक बार फिर एक रईसजादे की कथित दबंगई चर्चा में है. कुछ महीने पहले लग्जरी कार से एक व्यक्ति को कुचलने के मामले में गिरफ्तार होकर जमानत पर बाहर आए सौम्य रंजन रथ पर अब दोबारा गंभीर आरोप लगे हैं. पुलिस का कहना है कि रथ ने सड़क पर मौजूद लोगों और वाहनों को जानबूझकर निशाना बनाते हुए कार दौड़ा दी. इस घटना में तीन लोग घायल हो गए और कई वाहन क्षतिग्रस्त हो गए. पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर हत्या के प्रयास समेत कई धाराओं में मामला दर्ज किया है.
सड़क पर लोगों को बनाया निशाना
NDTV को पुलिस की ओर से प्राप्त जानकारी के अनुसार सोमवार सुबह करीब साढ़े आठ बजे कटक-पुरी बाईपास पर सौम्य रंजन रथ की कार ने सड़क किनारे खड़े एक व्यक्ति को टक्कर मार दी. हादसे के बाद आरोपी वहां से निकल गया. घायल की मदद के लिए एक दंपती अपनी बाइक रोककर खड़े हुए थे. आरोप है कि कुछ देर बाद रथ दूसरी दिशा से वापस लौटा और जानबूझकर उनकी मोटरसाइकिल में कार मार दी. पुलिस का दावा है कि इस दौरान कार ने सात मोटरसाइकिलों को भी टक्कर मारी, जिससे तीन लोग घायल हो गए.
ढाबा मालिक और कर्मचारियों पर भी कार चढ़ाने का आरोप
भुवनेश्वर जोन-4 के एसीपी अभिमन्यु नायक के मुताबिक, आरोपी ने इससे पहले एक सड़क किनारे होटल (ढाबे) के मालिक और कर्मचारियों को भी निशाना बनाया था. बताया जा रहा है कि बिल भुगतान को लेकर विवाद हुआ था, जिसके बाद आरोपी ने कथित तौर पर कार से उन्हें कुचलने की कोशिश की. पुलिस को संदेह है कि घटना के समय आरोपी शराब के नशे में हो सकता है. हालांकि इसकी पुष्टि जांच रिपोर्ट के बाद ही होगी.
भीड़ ने घेरा, पुलिस ने बचाया
पुलिस के मुताबिक जब आरोपी ने दोबारा कार मोड़कर लोगों की तरफ बढ़ाने की कोशिश की, तभी वाहन का इलेक्ट्रिक मोटर सिस्टम बंद हो गया. इसका फायदा उठाकर स्थानीय लोगों ने उसे पकड़ लिया. घटना से नाराज लोगों की भीड़ ने आरोपी को घेर लिया. बाद में पुलिस मौके पर पहुंची और उसे हिरासत में लेकर थाने पहुंचाया.
हत्या के प्रयास का केस दर्ज
पुलिस ने सौम्य रंजन रथ के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है. उस पर हत्या के प्रयास, लापरवाही से वाहन चलाने, लोगों की जान खतरे में डालने और संपत्ति को नुकसान पहुंचाने जैसे आरोप लगाए गए हैं. एसीपी अभिमन्यु नायक ने बताया कि रथ के खिलाफ थाने में पहले से चार आपराधिक मामले दर्ज हैं. पुलिस सीसीटीवी फुटेज, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और अन्य साक्ष्यों की जांच कर रही है.
ड्राइविंग लाइसेंस और वाहन पंजीकरण रद्द करने की तैयारी
घटना के बाद क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय (आरटीओ) ने भी कार्रवाई शुरू कर दी है. अधिकारियों ने बताया कि आरोपी का ड्राइविंग लाइसेंस और घटना में इस्तेमाल की गई कार का पंजीकरण रद्द करने की प्रक्रिया शुरू की जा रही है.
पहले भी लग चुका है जानलेवा ड्राइविंग का आरोप
यह मामला इसलिए भी चर्चा में है क्योंकि जुलाई में सौम्य रंजन रथ पर अपनी लग्जरी कार से एक व्यक्ति को कुचलने का आरोप लगा था. उस हादसे में युवक की मौत हो गई थी. पुलिस ने उस मामले में उसे गिरफ्तार किया था, लेकिन अगस्त में उसे जमानत मिल गई थी.
यह भी पढ़ें : मुंबई में पूर्व सांसद की कार ने बाइक को मारी टक्कर, हादसे में BMC वर्कर की मौत; पत्नी सहित 2 घायल
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं