ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने सोमवार को अधिकारियों को चक्रवात ‘अर्नब' और ‘अकवान' के बाद लगातार आई बाढ़ से गंजाम जिले में फसलों को हुए नुकसान का आकलन जल्द पूरा करने का निर्देश दिया. माझी ने किसानों को आश्वासन दिया कि उन्हें जल्द से जल्द मुआवजा दिया जाएगा.
उन्होंने बाढ़ प्रभावित जिले के अपने दूसरे दौरे के दौरान प्रभावित गांवों का दौरा किया और किसानों से बातचीत की. मुख्यमंत्री ने कटाई के लिए तैयार धान की खड़ी फसल को हुए व्यापक नुकसान को स्वीकार किया.
माझी ने कहा, 'हवाई सर्वेक्षण और प्रभावित इलाकों के दौरे के दौरान हमने खड़ी फसलों को व्यापक नुकसान होते देखा. अब इन फसलों को बचा पाना लगभग असंभव लग रहा है. राज्य सरकार ने जिले में फसलों को हुए नुकसान को गंभीरता से लिया है.'
उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन फसल को हुए नुकसान का आकलन कर रहा है और रिपोर्ट मिलने के तुरंत बाद प्रभावित किसानों को मुआवजा दिया जाएगा.
बिना राशन कार्ड वालों को भी मिलेगी मदद
मुख्यमंत्री ने कहा, 'जिन लोगों के पास राशन कार्ड नहीं है, वे तुरंत अपने संबंधित प्रखंड कार्यालयों में संपर्क कर इसके लिए आवेदन करें. जिला प्रशासन को घर-घर जाकर सर्वेक्षण करने का निर्देश दिया गया है, ताकि कोई भी प्रभावित व्यक्ति सरकारी सहायता से वंचित न रहे.'
माझी ने सब्जी किसानों, छोटे व्यापारियों और रेहड़ी-पटरी वालों को भी सहायता देने का आश्वासन दिया.
उन्होंने बताया कि चक्रवात ‘अर्नब' के दौरान गंजाम जिले में 2.11 लाख लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया था, जबकि चक्रवात ‘अकवान' के दौरान 1.54 लाख लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया.
50 किलो चावल और 2500 रुपये की सहायता
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रभावित परिवारों को 50 किलोग्राम चावल और 2,500 रुपये की आर्थिक सहायता दी जा रही है.
उन्होंने बताया कि करीब 80 प्रतिशत परिवारों को चावल वितरित किया जा चुका है, जबकि 60 प्रतिशत परिवारों को आर्थिक सहायता मिल चुकी है.
मुख्यमंत्री ने कहा कि संशोधित राज्य आपदा राहत कोष (एसडीआरएफ) के प्रावधानों के तहत प्रभावित किसानों को कृषि कार्यों के लिए सब्सिडी भी दी जा रही है और इन संशोधित नियमों में पहले की तुलना में बढ़ी हुई दरों पर सहायता देने का प्रावधान है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं