- IAS मधुमिता ओडिशा के नबरंगपुर जिले की जिला कलक्टर हैं
- मधुमिता हरियाणा के पानीपत जिले की रहने वाली हैं.
- आदिवासी छात्रों के लिए ‘UDAAN’ करियर मार्गदर्शन कार्यक्रम शुरू किया.
ias madhumita nabarangpur Collector udaan: ओडिशा कैडर में भारतीय प्रशासनिक सेवा की अधिकारी और नबरंगपुर की जिला कलक्टर मधुमिता इन दिनों अपनी नई पहल ‘UDAAN' को लेकर चर्चा में हैं. 25 नवंबर 2026 को उन्होंने इंस्टाग्राम के माध्यम से बताया कि यह कार्यक्रम आदिवासी छात्रों के लिए करियर काउंसलिंग और मार्गदर्शन उपलब्ध कराने के उद्देश्य से शुरू किया गया है. इसका लक्ष्य दूरदराज के क्षेत्रों के विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा और प्रतियोगी परीक्षाओं के बारे में सही जानकारी देकर उनके सपनों को नई दिशा देना है.
आईएएस मधुमिता कहां की रहने वाली हैं?
हरियाणा के पानीपत जिले के समालखा की रहने वाली मधुमिता ने संघ लोक सेवा आयोग की सिविल सेवा परीक्षा 2019 में अखिल भारतीय स्तर पर 86वीं रैंक हासिल की थी. बीबीए और पब्लिक एडमिनिस्ट्रेशन में एमए कर चुकीं मधुमिता के लिए आईएएस बनना केवल एक करियर लक्ष्य नहीं था, बल्कि उनके पिता का अधूरा सपना भी था. परिवार के सहयोग और अपनी मेहनत के दम पर उन्होंने इस सपने को साकार किया.

ias madhumita nabarangpur Collector udaan air 86 upsc success story
मधुमिता यूपीएससी में दो बार हुई फेल
मधुमिता की यूपीएससी यात्रा आसान नहीं रही. पहले प्रयास में वे इंटरव्यू तक पहुंचीं, लेकिन अंतिम चयन सूची में जगह नहीं बना सकीं. दूसरे प्रयास में वे प्रारंभिक परीक्षा भी पास नहीं कर पाईं. लगातार झटके मिलने के बाद उन्होंने अपनी तैयारी की रणनीति बदली और बेहतर मार्गदर्शन के लिए दिल्ली चली गईं. वहां उन्होंने सोशल मीडिया और सामाजिक गतिविधियों से दूरी बनाकर पूरी तरह पढ़ाई पर ध्यान केंद्रित किया. यहां तक कि एक पारिवारिक शादी में भी शामिल नहीं हुईं. उनकी यह एकाग्रता तीसरे प्रयास में रंग लाई और वे टॉप-100 में जगह बनाते हुए AIR 86 हासिल करने में सफल रहीं.
अब छात्रों को दे रही हैं नई दिशा
मधुमिता का मानना है कि यूपीएससी की तैयारी में टेस्ट सीरीज, उत्तर लेखन अभ्यास और लगातार रिवीजन सबसे महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं. उनके अनुसार परीक्षा जैसे माहौल में अधिक से अधिक टेस्ट देने से उम्मीदवार अपनी कमजोरियों को पहचान सकता है और समय रहते उन्हें सुधार सकता है. यूट्यूब और अन्य मंचों के जरिए यूपीएससी अभ्यर्थियों का मार्गदर्शन करने वाली मधुमिता अब प्रशासनिक जिम्मेदारियों के साथ शिक्षा और करियर जागरूकता पर भी फोकस कर रही हैं. नबरंगपुर में शुरू की गई ‘UDAAN' पहल को इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है, जिससे आदिवासी और ग्रामीण पृष्ठभूमि के छात्रों को अपने भविष्य की उड़ान भरने में मदद मिलेगी.
यह भी पढ़ें | IAS पल्लवी मिश्रा ने बैचमेट IAS आदित्य शर्मा संग लिए 7 फेरे, IPS भाई से प्रेरित होकर पास की UPSC
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं