विज्ञापन

टाटा संस में बोर्ड रूम की लड़ाई कोर्ट रूम कैसे पहुंची? नोएल टाटा, चंद्रशेखरन की नियुक्ति के खिलाफ अब पहुंचे हाईकोर्ट

Tata Trusts ने एन चंद्रशेखरन की तीसरी बार Tata Sons चेयरमैन नियुक्ति को चुनौती देने के लिए कानूनी कार्रवाई की मंजूरी दी है. जानिए बोर्ड वोटिंग, 65 करोड़ रुपये के हर्जाने और हितों के टकराव का पूरा विवाद कैसे हाईकोर्ट पहुंचा.

टाटा संस में बोर्ड रूम की लड़ाई कोर्ट रूम कैसे पहुंची? नोएल टाटा, चंद्रशेखरन की नियुक्ति के खिलाफ अब पहुंचे हाईकोर्ट
टाटा ट्रस्‍ट अब चंद्रशेखरन की नियुक्ति के खिलाफ पहुंचा हाईकोर्ट
Source: NDTV Graphics/Canva

Tata Sons Chairman Row: टाटा समूह के भीतर लंबे समय से चल रही नेतृत्व और बोर्डरूम की खींचतान अब कानूनी लड़ाई में बदलती दिख रही है. टाटा ट्रस्ट्स ने टाटा संस के एग्जीक्यूटिव चेयरमैन एन चंद्रशेखरन की तीसरी बार नियुक्ति को बॉम्बे हाईकोर्ट में चुनौती देने की तैयारी की है. ट्रस्ट्स का आरोप है कि 17 सितंबर को हुई बोर्ड बैठक में चंद्रशेखरन को अगले पांच साल के लिए फिर से नियुक्त करने का फैसला कंपनी के आर्टिकल्स ऑफ एसोसिएशन में तय प्रक्रिया के मुताबिक नहीं लिया गया.

मामले से जुड़े सूत्रों के हवाले से NDTV  प्रॉफिट ने बताया है कि सर दोराबजी टाटा ट्रस्ट (SDTT) और रतन टाटा ट्रस्ट (RDTT) ने 25 नवंबर को सर्कुलर प्रस्ताव पारित कर कानूनी कार्रवाई शुरू करने की मंजूरी दी. ट्रस्ट्स ने नियुक्ति के फैसले को अमान्य घोषित करने और टाटा संस को इस नियुक्ति पर आगे कार्रवाई करने से रोकने की मांग करने का फैसला किया है.

इसके साथ ही दोनों ट्रस्ट्स ने कुल 65 करोड़ रुपये के हर्जाने की मांग भी की है. इसमें सर दोराबजी टाटा ट्रस्ट की ओर से 50 करोड़ रुपये और रतन टाटा ट्रस्ट की ओर से 15 करोड़ रुपये शामिल हैं. इस रकम पर 18% ब्याज की मांग भी की गई है.

किस फैसले को दी जा रही चुनौती?

टाटा संस के बोर्ड ने 17 सितंबर को एन चंद्रशेखरन को पांच साल के एक और कार्यकाल के लिए एग्जीक्यूटिव चेयरमैन नियुक्त करने का फैसला किया था. उनका नया कार्यकाल 21 फरवरी 2027 से शुरू होना है.

टाटा ट्रस्ट्स का कहना है कि इस फैसले के लिए कंपनी के आर्टिकल्स ऑफ एसोसिएशन के आर्टिकल 121 के तहत जरूरी सकारात्मक वोट नहीं मिले. इसी आधार पर ट्रस्ट्स ने बोर्ड के प्रस्ताव की वैधता पर सवाल उठाया है.

ट्रस्ट्स की मांग है कि अदालत इस नियुक्ति संबंधी प्रस्ताव को अमान्य घोषित करे और टाटा संस को इस फैसले पर अमल करने से रोके. वे यह भी चाहते हैं कि कंपनी आर्टिकल्स ऑफ एसोसिएशन में तय जरूरी सकारात्मक वोट के बिना ऐसे प्रस्ताव पारित न करे.

बोर्ड में कैसे हुई थी चंद्रशेखरन की नियुक्ति?

चंद्रशेखरन के अगले कार्यकाल को लेकर टाटा संस के बोर्ड में कई दौर की चर्चा हुई थी. सितंबर 2025 में बोर्ड ने सैद्धांतिक रूप से उनके कार्यकाल को आगे बढ़ाने पर सहमति जताई थी. हालांकि, इस पर मई और जून में हुई चर्चाओं के बाद भी अंतिम फैसला नहीं हो पाया.

अगस्त में चंद्रशेखरन ने संकेत दिया था कि वे एक और कार्यकाल नहीं लेना चाहते. इसके बाद 3 सितंबर को नॉमिनेशन एंड रेम्यूनरेशन कमेटी (NRC) की बैठक हुई. कमेटी ने उनसे अपने फैसले पर दोबारा विचार करने को कहा. कमेटी ने समूह में उनके योगदान और व्यापक हितों का हवाला देते हुए उन्हें पद पर बने रहने की सिफारिश की.

इसके बाद चंद्रशेखरन ने अपने फैसले पर पुनर्विचार किया और 17 सितंबर को बोर्ड ने उन्हें पांच साल के लिए फिर से नियुक्त कर दिया.

वोटिंग में नोएल टाटा ने किया विरोध, कास्टिंग वोट पर भी सवाल

रिपोर्ट के मुताबिक, बोर्ड में चंद्रशेखरन की दोबारा नियुक्ति का प्रस्ताव बहुमत से पारित हुआ था. नोएल टाटा ने इसका विरोध किया, जबकि वेणु श्रीनिवासन ने समर्थन किया.

बैठक की अध्यक्षता कर रहे हरीश मनवानी ने कास्टिंग वोट का इस्तेमाल करते हुए प्रस्ताव के पक्ष में फैसला दिया था.

टाटा ट्रस्ट्स का तर्क है कि आर्टिकल 121 के तहत जिस तरह के सकारात्मक वोट की जरूरत थी, वह इस प्रक्रिया में नहीं मिला. ट्रस्ट्स ने यह भी सवाल उठाया है कि कास्टिंग वोट के इस्तेमाल से आर्टिकल्स ऑफ एसोसिएशन की शर्तें पूरी नहीं होतीं. उनके मुताबिक, प्रस्ताव से जुड़ी कुछ शर्तें भी पूरी नहीं की गईं.

यही इस कानूनी विवाद का सबसे अहम हिस्सा है. अदालत को यह देखना होगा कि बोर्ड की वोटिंग कंपनी के नियमों के अनुरूप थी या नहीं.

वेणु श्रीनिवासन की भूमिका पर भी उठाए सवाल

नोएल टाटा ने चंद्रशेखरन की नियुक्ति प्रक्रिया में वेणु श्रीनिवासन की भागीदारी पर भी सवाल उठाए हैं. उनका तर्क है कि श्रीनिवासन के टीवीएस मोटर कंपनी से जुड़े कारोबारी हित और चंद्रशेखरन के परिवार से जुड़ी कंपनी के साथ कथित व्यावसायिक संबंधों के कारण हितों के टकराव की स्थिति बन सकती थी.

26 अक्टूबर को टाटा संस के कंपनी सेक्रेटरी सुप्रकाश मुखोपाध्याय को लिखे पत्र में नोएल ने पूछा था कि क्या चंद्रशेखरन की नियुक्ति पर विचार करने से पहले बोर्ड को इन कारोबारी संबंधों की जानकारी दी गई थी.

उन्होंने 3 सितंबर की NRC बैठक और 17 सितंबर की बोर्ड बैठक में श्रीनिवासन की भागीदारी पर भी आपत्ति जताई.

विवाद में हन्नो वन वेयरहाउसिंग नाम की कंपनी का जिक्र है. ये कंपनी चंद्रशेखरन की पत्नी ललिता और बेटे प्रणव से जुड़ी बताई गई है. नोएल के पत्र में टीवीएस मोटर और हन्नो वन के बीच कारोबारी व्यवस्थाओं का उल्लेख किया गया है. इनमें टीवीएस मोटर के होसुर प्लांट के पास जमीन लीज पर लेने और वहां एक सुविधा के निर्माण का मामला भी शामिल है.

नोएल का कहना है कि श्रीनिवासन को इन संबंधों का खुलासा करना चाहिए था और नियुक्ति से जुड़ी चर्चा और वोटिंग से खुद को अलग रखना चाहिए था.

टाटा संस ने हितों के टकराव के आरोपों को नकारा

टाटा संस ने इस मामले में हितों के टकराव की बात से इनकार किया है. कंपनी ने नोएल टाटा को दिए जवाब में कहा था कि हन्नो वन से जुड़े खुलासे अप्रैल 2025 में चंद्रशेखरन की अध्यक्षता वाली कंपनियों के सामने किए गए थे.

कंपनी का यह भी कहना था कि टीवीएस मोटर से जुड़ा लेनदेन टाटा संस के सामने अलग से बताना जरूरी नहीं था.

इस तरह एक तरफ नोएल टाटा नियुक्ति प्रक्रिया और संभावित हितों के टकराव पर सवाल उठा रहे हैं, वहीं टाटा संस ने अपनी प्रक्रिया और खुलासों का बचाव किया है.

बोर्ड बैठक की रिकॉर्डिंग और दस्तावेज भी चाहते हैं नोएल

नोएल टाटा ने चंद्रशेखरन की दोबारा नियुक्ति से जुड़ी प्रक्रिया के दस्तावेज हासिल करने की भी कोशिश की है. उन्होंने 17 सितंबर की बोर्ड बैठक और 3 सितंबर की NRC बैठक की ऑडियो-वीडियो रिकॉर्डिंग, मिनट्स, वोटिंग रिकॉर्ड और अन्य दस्तावेज मांगे थे.

टाटा संस ने 17 सितंबर की बैठक की रिकॉर्डिंग देने से इनकार कर दिया था. कंपनी का कहना था कि फिजिकल बोर्ड बैठकों की रिकॉर्डिंग निदेशकों के साथ साझा करने की उसकी कोई प्रथा नहीं है.

इसके बाद नोएल ने एक और पत्र लिखकर रिकॉर्डिंग देने की मांग दोहराई और नियुक्ति प्रक्रिया में वेणु श्रीनिवासन की भागीदारी पर फिर आपत्ति जताई.

अब अदालत में पहुंचा मामला 

इस विवाद में अदालत के सामने कई अहम सवाल होंगे. क्या चंद्रशेखरन की दोबारा नियुक्ति के लिए बोर्ड में जरूरी वोट मिले थे? क्या कास्टिंग वोट का इस्तेमाल कंपनी के आर्टिकल्स ऑफ एसोसिएशन के अनुरूप था? क्या वेणु श्रीनिवासन की भागीदारी में हितों के टकराव की स्थिति थी? और क्या नियुक्ति प्रक्रिया से जुड़े रिकॉर्ड और खुलासे पर्याप्त थे?

इस मामले में अदालत का रुख और आगे की कानूनी प्रक्रिया तय करेगी कि चंद्रशेखरन की नियुक्ति पर उठे सवालों का क्या नतीजा निकलता है. फिलहाल टाटा ट्रस्ट्स ने कानूनी कार्रवाई शुरू करने की मंजूरी दे दी है. 

यह भी पढ़ें | Tata Sons में नया विवाद? नोएल टाटा ने बोर्ड मीटिंग की ऑडियो-वीडियो रिकॉर्डिंग मांगी, वेणु-चंद्रा पर सवाल!

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Noel Tata, Tata Sons Board, Tata Sons Chairman N Chandrasekaran, Tata Trusts Chairman Veto Powers, Noel Tata Tata Trusts
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com