दिल्ली पुलिस ने एक बड़े इंटरनेशनल साइबर स्लेवरी सिंडिकेट का भंडाफोड़ किया है. इस कार्रवाई में कंबोडिया, इंडोनेशिया और मलेशिया के 164 नागरिकों को रिहा कराया गया है. देश में अपने तरह का ये पहला सिंडिकेट पकड़ा गया है.
पुलिस ने बताया कि सिंडिकेट के लोग बिजनेस वीजा बनवाकर इन देशों के नागरिकों को भारत लाते थे. अच्छी नौकरी का झांसा देकर लाते थे. यहां आने के बाद उनके पासपोर्ट जब्त कर लेते थे और इनको बंधक बना लेते थे. फिर इन नागरिकों को साइबर ठगी की ट्रेनिंग देकर उनसे उन्हीं के देशों में कॉल करवाते थे.
नोएडा के सेक्टर 136 में चल रहा था कॉल सेंटर
नोएडा के सेक्टर 136 में एक कॉल सेंटर चलाया जा रहा था. वहां एक पीजी में इन विदेशी नागरिकों को रखा गया था. उनके रहने के लिए पीजी सुशील भाटी ने किया था.
एक विदेशी नागरिक ने ईमेल कर इस सिंडिकेट के बारे में बताया. पूरे ह्यूमन ट्रैफिकिंग नेटवर्क के बारे में बताया. उससे मिली डिटेल्स के आधार पर कार्रवाई की गई. कॉल सेंटर में 164 विदेशी नागरिक साइबर फ्रॉड की कॉल करते हुए पाए गए.
रिहा हुए लोगों में कौन-कौन?
रिहा हुए लोगों में 92 मलेशिया के जबकि 72 लोग इंडोनेशियन हैं. सभी की उम्र 19 से 25 साल के बीच है. अधिकतर लोग पहली बार भारत आए थे. ज्यादातर कॉल्स मलेशिया और इंडोनेशिया में करवाते थे और पैसा वसूलते थे.
यह भी पढ़ें | D कंपनी के शूटर नसीम दुर्रानी के साथी अमन गाजी का एनकाउंटर, उस्मानपुर इलाके में स्पेशल टीम का ऑपरेशन
पुलिस को क्या-क्या मिला?
पुलिस ने मौके से 355 मोबाइल, 168 डेस्कटॉप और 26 लैपटॉप, 53 सिमकार्ड बरामद किए हैं. इसके अलावा 174 पासपोर्ट बरामद हुए हैं.
मास्टरमाइंड विलियम गिरफ्तार, 2 भारतीय फरार
पुलिस ने इस मामले में एक मलेशियन नागरिक को सिंडिकेट चलाने के आरोप में गिरफ्तार किया है. आरोपियों में 2 भारतीय नागरिक जबकि एक मलेशियन नागरिक है. मलेशियन नागरिक विलियम पकड़ा गया है. अभी तक की जांच में मास्टरमाइंड विलियम लग रहा है.
आरोपी सुनील कुमार जो भारतीय नागरिक है वो विदेश में है जबकि दूसरा भारतीय नागरिक सुशील भाटी फरार है. मास्टरमाइंड समेत कई और लोगों की तलाश जारी है. पिछले कई महीने में कई विदेशी नागरिक पैसे देकर वापस अपने देश भी लौटे हैं.
इनकार करने पर होती थी पिटाई
शुरुआत में मारपीट नहीं करते थे, लेकिन जो लोग बाद में गलत काम करने से इनकार करते थे उनके साथ मारपीट की जाती थी. इनके लोकल आने जाने के लिए 40 कैब की व्यवस्था थी. केवल कॉल सेंटर से पीजी तक जाने देते थे.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं