- संजय कपूर की संपत्ति और फैमिली ट्रस्ट को लेकर चल रहे विवाद पर सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई हुई
- रानी कपूर फैमिली ट्रस्ट में अपना हिस्सा मांग रही हैं और उनका दावा करीब छह हजार करोड़ रुपये का है
- सुप्रीम कोर्ट ने पूछा कि इतनी बड़ी रकम कौन देगा और ट्रस्ट की संपत्तियों का परिसमापन कैसे होगा
बॉलीवुड एक्ट्रेस करिश्मा कपूर के एक्स पति संजय कपूर का प्रॉपर्टी विवाद सुलझने का नाम नहीं ले रहा है. इसे लेकर कानूनी लड़ाई लगातार जारी है. संजय कपूर की संपत्ति और फैमिली ट्रस्ट को लेकर उनकी मां रानी कपूर और परिवार के अन्य सदस्यों के बीच चल रहे विवाद में गुरुवार को सुप्रीम कोर्ट में अहम सुनवाई हुई.रानी कपूर की ओर से वरिष्ठ वकील सिद्धार्थ दवे ने अदालत को बताया कि उनकी मुवक्किल फैमिली ट्रस्ट में अपना हिस्सा मांग रही हैं और उनका दावा करीब 6,000 करोड़ रुपये का है.
जस्टिस जेबी पारदीवाला और जस्टिस के. विनोद चंद्रन की पीठ ने सुनवाई के दौरान सवाल किया कि आखिर रानी कपूर का दावा क्या है और वह कितनी रकम मांग रही हैं? इस पर दवे ने बताया कि वह ट्रस्ट की संपत्ति में अपना हिस्सा चाहती हैं और उनकी मांग लगभग 6,000 करोड़ रुपये की है.
6,000 करोड़ रुपये कौन देगा, ट्रस्ट की संपत्ति कौन बेचेगा?
सुनवाई के दौरान सुप्रीम कोर्ट ने यह भी सवाल उठाया कि यदि रानी कपूर को इतनी बड़ी रकम दी जानी है तो ट्रस्ट की संपत्तियों का परिसमापन (Liquidation) कौन करेगा और भुगतान किस तरह किया जाएगा? अदालत ने दोनों पक्षों से लचीला रुख अपनाने की अपील की.पीठ ने टिप्पणी की कि रानी कपूर लड़ रही हैं, लेकिन सवाल यह है कि बाकी सभी लोग भी क्यों लड़ रहे हैं?
15 बार मध्यस्थता, फिर भी नहीं निकला समाधान
अदालत ने कहा कि अब तक मध्यस्थता की 15 बैठकें हो चुकी हैं, लेकिन कोई अंतिम समाधान नहीं निकल पाया है. रानी कपूर की ओर से सिद्धार्थ दवे ने कहा कि उनकी तरफ से समझौते का प्रस्ताव दिया गया था. इसके बाद छह महीने तक दूसरे पक्ष के जवाब या प्रति-प्रस्ताव का इंतजार किया गया, लेकिन कोई जवाब नहीं आया. इस रिपोर्ट में सुप्रीम कोर्ट को बताया गया कि 15 बैठकों के बावजूद, दोनों पक्ष किसी समझौते पर नहीं पहुंच पाए.
उन्होंने कहा कि उनकी मुवक्किल मध्यस्थ से अकेले में बातचीत करना चाहती हैं. वहीं, प्रिया कपूर की ओर से वरिष्ठ अधिवक्ता मुकुल रोहतगी ने मध्यस्थता जारी रखने पर आपत्ति जताई और कहा कि दोनों पक्षों को पर्याप्त अवसर मिल चुका है. अब इस प्रक्रिया को समाप्त किया जाना चाहिए.
मध्यस्थता सफल हो सकती है, लेकिन रानी कपूर का दावा गतिरोध में
सुप्रीम कोर्ट ने मध्यस्थ की रिपोर्ट का उल्लेख करते हुए कहा कि मध्यस्थ का मानना है कि बातचीत से समाधान निकल सकता है. हालांकि, विवाद के दो प्रमुख पहलू हैं.पहला, प्रतिवादी संख्या 10 और 11 के ट्रस्ट से बाहर निकलने की प्रक्रिया और उससे जुड़ी शर्तें. दूसरा, रानी कपूर के दावे का निपटारा. अदालत ने कहा कि रानी कपूर के दावे को लेकर मध्यस्थता गतिरोध (Impasse) पर पहुंच गई है
मध्यस्थता के मोह में नहीं पड़ेंगे: सुप्रीम कोर्ट
पीठ ने दोनों पक्षों के सामने दो विकल्प रखे. पहला, मध्यस्थता समाप्त कर मुख्य मामले की सुनवाई शुरू की जाए. दूसरा, मध्यस्थता की प्रक्रिया जारी रखी जाए. अदालत ने स्पष्ट टिप्पणी की कि वह मध्यस्थता की प्रक्रिया के मोह में नहीं पड़ेगी. पीठ ने कहा कि वह एक संक्षिप्त आदेश पारित करेगी और इन कार्यवाहियों को समाप्त करेगी.
ये वीडियो भी देखें-
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं