- दिल्ली के उस्मानपुर इलाके में नॉर्थ-ईस्ट जिले के स्पेशल स्टाफ और अमन गाजी के बीच मुठभेड़ हुई थी
- मुठभेड़ में अमन गाजी के पैर में गोली लगी, जिसे पुलिस ने इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है
- अमन गाजी हत्या के एक मामले में वांटेड है और वह डी कंपनी के शूटर नसीम दुर्रानी का साथी बताया गया है
राजधानी दिल्ली के उस्मानपुर इलाके में नॉर्थ-ईस्ट जिले के स्पेशल स्टाफ और एक बदमाश के बीच मुठभेड़ हो गई. पुलिस की जवाबी फायरिंग में डी कंपनी के शूटर नसीम दुर्रानी का साथी अमन गाजी घायल हो गया. उसके पैर में गोली लगी है. पुलिस ने उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है. अमन गाजी हत्या के एक मामले में वांटेड बताया जा रहा है. हाल ही में बुलंदशहर में नसीम दुर्रानी का एनकाउंटर स्पेशल टास्क फोर्स ने किया था.
पुलिस के मुताबिक, मुठभेड़ उस्मानपुर इलाके में पुश्ता रोड पर हुई. नॉर्थ-ईस्ट जिले के स्पेशल स्टाफ को सूचना मिली थी कि हत्या के मामले में वांछित अमन गाजी इलाके के आसपास मौजूद है. सूचना मिलते ही स्पेशल टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और आरोपी को पकड़ने की कोशिश की. बताया जा रहा है कि पुलिस टीम ने अमन गाजी को सरेंडर करने के लिए कहा, लेकिन उसने सरेंडर करने के बजाय पुलिसकर्मियों पर फायरिंग शुरू कर दी. इसके बाद पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की. दोनों तरफ से हुई गोलीबारी में आरोपी के पैर में गोली लग गई.
पुलिस के अनुसार, अमन गाजी ने टीम पर चार राउंड फायरिंग की, जबकि जवाबी कार्रवाई में पुलिस की ओर से पांच राउंड गोलियां चलाई गईं. मुठभेड़ के बाद घायल आरोपी को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया.
कपिल मिश्रा के दफ्तर के बाहर फायरिंग से भी जुड़ा नाम
अमन गाजी का नाम डी कंपनी के कथित शूटर नसीम दुर्रानी के साथ जुड़ा हुआ है. जांच एजेंसियों के अनुसार, दिल्ली सरकार के मंत्री कपिल मिश्रा के ऑफिस के बाहर हुई फायरिंग की वारदात में भी नसीम दुर्रानी के साथ अमन गाजी की भूमिका होने की बात सामने आई थी. अब पुलिस मुठभेड़ के बाद अमन गाजी से पूछताछ कर इस फायरिंग मामले समेत अन्य आपराधिक वारदातों में उसकी भूमिका की जांच करेगी. साथ ही उसके नेटवर्क और अन्य साथियों के बारे में भी जानकारी जुटाई जाएगी.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं