विज्ञापन

प्रदूषण की मार झेल रहे नोएडा-गाजियाबाद के लिए आ रहा है नया प्लान, CM योगी और भूपेंद्र यादव की बड़ी बैठक

नोएडा और गाजियाबाद के लोग हर साल प्रदूषण की गंभीर समस्या झेलते हैं. अब इसे लेकर एक बड़ी हलचल शुरू हुई है.

प्रदूषण की मार झेल रहे नोएडा-गाजियाबाद के लिए आ रहा है नया प्लान, CM योगी और भूपेंद्र यादव की बड़ी बैठक
  • UP सरकार ने एनसीआर क्षेत्र के आठ जिलों में वायु प्रदूषण नियंत्रण के लिए प्रयासों पर चर्चा की.
  • प्रदूषण नियंत्रण के लिए पुराने वाहनों की जगह बीएस-6 गाड़ियों और इलेक्ट्रिक बसों के उपयोग को बढ़ावा दिया.
  • उद्योगों कारखानाओं में ऑनलाइन उत्सर्जन निगरानी प्रणाली और एयर पॉल्यूशन डिवाइस लगाए जा रहे हैं.
लखनऊ:

प्रदूषण नियंत्रण के लिए केंद्र और उत्तर प्रदेश की सरकार मिलकर काम कर रही हैं. यूपी की राजधानी लखनऊ में CM योगी आदित्यनाथ और केंद्रीय पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन मंत्री भूपेंद्र यादव के बीच बैठक हुई. बैठक में उत्तर प्रदेश के एनसीआर क्षेत्र से जुड़े नोएडा, गाजियाबाद, मेरठ, हापुड़, बुलंदशहर समेत 8 जिलों में वायु प्रदूषण रोकने के उपायों की समीक्षा की गई. दोनों नेताओं ने प्रदूषण कम करने के लिए विभिन्न विभागों के बीच बेहतर तालमेल और प्रभावी कार्रवाई पर जोर दिया.

 कैसे नियंत्रित होगा प्रदूषण? मंत्री ने बताया

लखनऊ में हुई इस बैठक के बाद केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव ने बताया कि गाड़ियों से होने वाले प्रदूषण को नियंत्रित करने के लिए कदम उठाये जा रहे हैं. पुरानी गाड़ियों की जगह BS-6 गाड़ियों को लाने, नई ईवी नीति बनाने, डीजल कुंजवाल इलेक्ट्रिक बसों के संचालन करने, प्रदूषण प्रमाणपत्र की अनिवार्यता और एग्रीगेटर वाहनों से जुड़े विषयों पर बैठक में चर्चा हुई. यूपी सरकार पहले से ही इलेक्ट्रिक गाड़ियों की नीति को लेकर काम कर रही है.

फैक्ट्रियों में एयर पॉल्यूशन डिवाइस लगाने की तैयारी

औद्योगिक प्रदूषण की समीक्षा में करीब 80 प्रतिशत उद्योगों में ओसीईएमएस (ऑनलाइन सतत उत्सर्जन निगरानी प्रणाली) और एयर पॉल्यूशन डिवाइस लगाए जाने की जानकारी दी गई हैं. बाकी के उद्योगों में भी इन्हें लागू करने की कार्रवाई की जा रही है. इस बैठक में धूल प्रदूषण पर मैकेनाइज्ड और डीप क्लीनिंग की कार्ययोजना पर चर्चा हुई. सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट और कंस्ट्रक्शन एंड डेमोलिशन वेस्ट मैनेजमेंट रूल्स को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए विभिन्न विभागों और हितधारकों के साथ कंसल्टेशन कार्यक्रम चलाने पर भी सहमति बनी है.

पौधरोपण के लिए CM योगी को बधाई

एनसीएपी के तहत देश के 130 शहरों के स्वच्छ वायु सर्वेक्षण में लखनऊ ने प्रथम स्थान हासिल किया है. आगरा समेत प्रदेश के अन्य शहरों का प्रदर्शन भी सराहनीय रहा है. केंद्रीय मंत्री ने ‘एक पेड़ मां के नाम' अभियान के तहत लक्ष्य से अधिक पौधरोपण के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को बधाई दी. केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव ने बताया कि हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ बैठक हुई है. अब राजस्थान और पंजाब के मुख्यमंत्रियों के साथ भी बैठक कर प्रदूषण नियंत्रण के प्रयासों को आगे बढ़ाया जाएगा. 

खेतों ने निकलने वाले पराली के प्रबंधन को लेकर राज्यों के कृषि मंत्रियों के साथ केंद्रीय कृषि मंत्रालय के स्तर पर भी समन्वय किया जा रहा है. एनसीआर में वायु प्रदूषण नियंत्रण को लेकर पिछले दिसंबर से अब तक 30 से अधिक बैठकें हो चुकी हैं. 63 छोटे शहरों के स्थानीय निकायों और जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक कर नोडल अधिकारी नियुक्त करने के निर्देश दिए गए हैं. इस अभियान को सफल बनाने में जनता के सहयोग और मीडिया की जागरूकता की भी महत्वपूर्ण भूमिका है.

ये भी पढ़ें : नंदीग्राम से कांग्रेस उम्मीदवार मिलन प्रधान गिरफ़्तार, ममता बनर्जी ने कुछ घंटे पहले ही दिया था समर्थन

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Noida Pollution, Ghaziabad Pollution,  UP News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com