NEET पेपर लीक केस की अब CBI जांच करेगी. NTA द्वारा परीक्षा रद्द करने के बाद CBI ने कथित अनियमितताओं और पेपर लीक के संबंध में एक FIR दर्ज की है. पेपर लीक और NEET परीक्षा में गड़बड़ी की जांच के लिए सीबीआई की विशेष टीमें जयपुर समेत अलग-अलग जगहों पर भेजी गईं. NEET पेपर लीक और परीक्षा में गड़बड़ी की जांच के बीच बड़ी जानकारी सामने आई है. 03 मई को NEET UG 2026 की परीक्षा से ठीक एक दिन पहले 02 मई को वाट्सएप ग्रुप पर NEET का पेपर लीक हो गया था. 02 मई को रात 10 बजे एक वाट्सएप ग्रुप पर सॉल्व पेपर डाला गया, जिसको लेकर दावा किया गया कि 03 मई की परीक्षा में 99.99 परसेंट आने का चांस है.
एडमिन ने डाला ग्रुप पर पेपर
वाट्सएप पर प्राइवेट माफिया ग्रुप के एडमिन ने दावा किया था कि पेपर के 99 फीसदी सही हैं. उसने वाट्सएप ग्रुप में 02 मई को रात 10 बजकर 50 मिनट पर मैसेज डाला कि सॉल्व दिस पेपर विच आई पोस्टेड, इट्स हैव चांस 99,.99 परसेंट टू कम 3 मई एक्जाम. प्राइवेट माफिया के मैसेज का मतलब- 03 मई की परीक्षा में इस पेपर के 99.99 फीसदी आने के चांस हैं. ग्रुप एडमिन ने आगे लिखा, "अगर कोई डाउट है तो ग्रुप में ही बताएं, इनबॉक्स में मैसेज न करें."

एडमिन ने बताया लीक पेपर का पासवर्ड
इसके बाद ग्रुप में एक दूसरे का मैसेज था कि सर वॉट इज द पासवर्ड क्या है... तो पासवर्ड बताया गया...लीक माफिया @9466. एक छात्रा ने मैसेज डाला, "सर आपने जो पेपर आपने दिया है, क्या वही पेपर आएगा कृपया कर बताइये मुझे घबराहट हो रही है." फिर एडमिन का लंबा मैसेज आता है- जो पेपर डाला हूं ग्रुप पर, वहीं आएगा. जहां पे पेपर रखा जाता है, वहां से उठाया हूं. आज सेंटर पर ये वाला पेपर ही आएगा. ग्रुप पर जो पेपर दिया हूं. उसका जो सवाल 2 नंबर पर हो, हो सकता है तुम्हारे पेपर में वो तुम्हारे में दस नंबर पर पूछे... बाकी सब सेम आएगा, ये गारंटी मैं देता हूं.
इतना मैसेज आ गया मेरे इनबॉक्स में कि सवाल सेम रहेगा या नहीं, जो पेपर दिया हूं, वही आएगा आज के एग्जाम में मिला लेना, फालतू में बार बार एक ही सवाल करते जा रहे हो. इतना डाउट था तो पेमेंट करने की कोई जरूरत नहीं था, पैसा जब ट्रस्ट करके दिये हो तो ट्रस्ट रखो मेरे ऊपर. पेपर सेम ही आएगा. पेपर पहले ही डाल दिया हूं, इस ग्रुप में पेपर लीक करने के विज्ञापन भी दिये जा रहे हैं.
पेपर खरीदने के लिए एडमिन ने किया धन्यवाद
एडमिन ने यहां तक भी आगे लिखा कि आपके सहयोग और इस प्रश्न पत्र को खरीदने के लिए धन्यवाद. यदि आपको इस प्रश्न पत्र के संबंध में कोई भी समस्या आती है, तो अपनी समस्या के समाधान के लिए एडमिन से संपर्क करें. आशा है कि यह प्रश्न पत्र आपको NEET 2026 परीक्षा में अच्छे अंक प्राप्त करने में मदद करेगा और आपको एक सरकारी मेडिकल कॉलेज मिलेगा.
यहां देखें वाट्सएप ग्रुप मैसेज
राजस्थान में मिले गेस पेपर से लीक की बढ़ी आशंका
बता दें कि 03 मई 2026 को हुई NEET UG 2026 की परीक्षा का राजस्थान में कई स्टूडेंट्स को हाथ से लिखा हुआ गेस पेपर मिला था, जिसके सवाल NEET एग्जाम में आए कई सवालों से मैच हुए. 10 मई को राजस्थान स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप यानी SOG ने इंटेल इनपुट पर कार्रवाई करते हुए NEET पेपर में गड़बड़ी को लेकर देहरादून, सीकर और झुंझुनूं से 15 संदिग्धों को हिरासत में लिया. SOG की जांच में पता चला कि परीक्षा के 720 में से 600 नंबर के सवाल दो दिन पहले ही सीकर में छात्रों के पास पहुंच गए थे.
SOG ने बताया कि केरल में MBBS कर रहे एक स्टूडेंट ने सीकर में अपने पिता गेस पेपर को भेजा था. MBBS छात्र का पिता सीकर में हॉस्टल चलाता है. उसने अपने पिता से कहा कि उसको उसके दोस्त ने पेपर भेजा है. छात्राओं को दे दो मदद मिलेगी. स्टूडेंट्स तक जो क्वेश्चन बैंक पहुंचा, उसमें फिजिक्स, केमिस्ट्री और बायोलॉजी के 300 से ज्यादा सवाल हैं. ये सभी हाथ से लिखे गए हैं और इनकी हैंडराइटिंग भी एक ही है. इसमें से 150 सवाल हूबहू NEET UG 2026 के पेपर में आए.
यह भी पढे़ं-
NEET-UG पेपर लीक मामला CBI को हैंड ओवर, पकड़े गए 15 लोगों के साथ दस्तावेज सौंपेगी SOG
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं