विज्ञापन

टाइगर श्रॉफ पर हमला करने वाले तीनों बालिग, लॉरेंस बिश्नोई की कस्टडी पर भी बोले मुंबई के DCP

मुंबई पुलिस के मुताबिक जांच का सबसे अहम हिस्सा वारदात में इस्तेमाल किए गए हथियार की बरामदगी है. पुलिस टीमें हथियार की तलाश में जुटी हुई हैं और फिलहाल जांच का फोकस इसी दिशा में है. साथ ही आरोपियों से पूछताछ कर यह जानने की कोशिश की जाएगी कि हथियार कहां से आया और हमले की पूरी साजिश कैसे तैयार की गई.

टाइगर श्रॉफ पर हमला करने वाले तीनों बालिग, लॉरेंस बिश्नोई की कस्टडी पर भी बोले मुंबई के DCP
मुंबई पुलिस ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि ऐसा लगता है कि हमलावरों ने हथियार फेंक दिए हैं.
NDTV

मुंबई में अभिनेता टाइगर श्रॉफ पर गोलीबारी के बाद मुंबई पुलिस ने आज प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बताया कि हमने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. मुंबई पुलिस का कहना है कि तीन में से दो आरोपियों ने अभिनेता पर गोली चलाई थी, जबकि फायरिंग के बाद तीनों एक मोटरसाइकिल पर सवार होकर फरार हो गए थे. अब पुलिस उन्हें मुंबई लाकर आगे की पूछताछ करेगी.

मुंबई पुलिस ने कहा, "आरोपियों में से 2 हरियाणा से हैं और 1 बिहार से है. इस मामले में कोई नाबालिग आरोपी नहीं है."

मुंबई पुलिस की क्राइम ब्रांच के डीसीपी राज तिलक रौशन ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि घटना के बाद जांच टीम लगातार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई थी. तकनीकी और अन्य सुरागों के आधार पर उनकी लोकेशन का पता लगाया गया और इसकी जानकारी कोटा पुलिस को दी गई. इसके बाद राजस्थान के कोटा में तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया.

डीसीपी राज तिलक रौशन ने कहा कि मैं बताना चाहूंगा कि हमें दिल्ली पुलिस, गुजरात पुलिस और राजस्थान पुलिस से सहयोग मिला. यह एक टीम वर्क था.

प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान डीसीपी ने लॉरेंस बिश्नोई के सवाल पर कहा कि हम लॉरेंस बिश्नोई की कस्टडी लेने के लिए SOPs और कानूनी प्रक्रियाओं का पालन कर रहे हैं. 

गौरतलब है कि इस घटना के तार लॉरेंस बिश्नोई से जुड़े हैं. हमले के बाद अनिल पंडित नाम के एक शख्स ने इसकी जिम्मेदारी ली और कहा कि उसने ये लॉरेंस बिश्नोई की शह पर किया है.

हत्या की कोशिश का मामला दर्ज

डीसीपी ने बताया कि तीनों आरोपियों के खिलाफ हत्या की कोशिश (अटेम्प्ट टू मर्डर) का मामला दर्ज किया गया है. पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि हमले के पीछे असल मकसद क्या था. सोशल मीडिया पर वायरल हो रही पोस्ट और उससे जुड़े सभी पहलुओं की भी जांच की जा रही है. अधिकारियों का कहना है कि फिलहाल जांच कई बिंदुओं पर आगे बढ़ रही है और किसी भी संभावना को नजरअंदाज नहीं किया जा रहा है.

हथियार को तलाश रहे हैं: मुंबई पुलिस

मुंबई पुलिस के मुताबिक जांच का सबसे अहम हिस्सा वारदात में इस्तेमाल किए गए हथियार की बरामदगी है. पुलिस टीमें हथियार की तलाश में जुटी हुई हैं और फिलहाल जांच का फोकस इसी दिशा में है. साथ ही आरोपियों से पूछताछ कर यह जानने की कोशिश की जाएगी कि हथियार कहां से आया और हमले की पूरी साजिश कैसे तैयार की गई.

डीसीपी राज तिलक रौशन ने कहा कि पुलिस का प्रयास है कि आरोपियों को आसानी से जमानत न मिल पाए. उन्होंने कहा कि जांच पूरी तरह कानून और निर्धारित प्रक्रिया के तहत की जा रही है. कोर्ट की कार्यवाही और कानूनी प्रक्रियाओं का पालन करते हुए मामले को आगे बढ़ाया जा रहा है. पुलिस को उम्मीद है कि आरोपियों से पूछताछ के बाद मामले से जुड़े कई अहम खुलासे हो सकते हैं.

फायरिंग में इस्तेमाल बाइक की डिटेल आई सामने

सूत्र के मुताबिक, टाइगर श्रॉफ फायरिंग केस में इस्तेमाल बाइक 11 सितंबर 2026 को खरीदी गई थी. आरोपी ऋतिक कथित तौर पर बाइक चला रहा था जबकि रेहान और फूल सिंह शूटर थे. तीनों आरोपी बालिग हैं.  दो आरोपी 18 साल के हैं, जबकि तीसरा आरोपी 22 साल का है. इन्वेस्टिगेटर जांच कर रहे हैं कि बाइक खास तौर पर फायरिंग के लिए खरीदी गई थी या हमले से पहले रेकी के लिए इस्तेमाल की गई थी. इस हमले में किसका क्या हाथ था ये जांच के दायरे में है. 

यह भी पढ़ें: दो दिन से फोन बंद, बेटा ऐसा नहीं कर सकता... टाइगर श्रॉफ के हमलावर की मां ने कही किस्मत वाली बात

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Mumbai
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com