- मुंबई में टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग मामले में गिरफ्तार एक आरोपी बेगूसराय का रहने वाला है
- बेगूसराय पुलिस ने आरोपी के बताए गए पते का सत्यापन किया
- ऋतिक कुमार के परिवार का कहना है कि मुंबई में रहने वाला उनका बेटा नहीं है
मुंबई में अभिनेता टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग मामले में गिरफ्तार किए गए तीन आरोपियों में से एक का संबंध बिहार के बेगूसराय से बताया जा रहा है. मुंबई पुलिस की ओर से जारी जानकारी के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी का नाम ऋतिक कुमार उर्फ रोशन है, जो बेगूसराय जिले के रतनपुर थाना क्षेत्र के पिपरा गांव का रहने वाला बताया गया है.
मुंबई पुलिस की सूचना के बाद बेगूसराय पुलिस ने बताए गए पते का सत्यापन किया. जांच में पता चला कि पिपरा गांव में रामू महतो नामक व्यक्ति रहते हैं, जो नाश्ते और श्रृंगार सामग्री की दुकान चलाते हैं. उनके बेटे का नाम भी ऋतिक कुमार उर्फ रोशन है और उसकी उम्र करीब 22-23 वर्ष बताई गई है. परिवार के अनुसार वह मुंबई में रहता है और पिछले दो दिनों से उसका मोबाइल फोन बंद आ रहा है.
हालांकि मामले में नया मोड़ तब आया जब परिजनों ने मुंबई पुलिस द्वारा दिखाए गए आरोपी के फोटो को देखकर पहचानने से इनकार कर दिया. परिवार का कहना है कि नाम, उम्र और पता भले मिल रहे हों, लेकिन गिरफ्तार किया गया युवक उनका बेटा नहीं है.
रतनपुर थाना पुलिस भी रामू महतो के घर और दुकान पर पहुंचकर जांच कर चुकी है. फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि मुंबई में गिरफ्तार किया गया आरोपी और बेगूसराय के रामू महतो का बेटा एक ही व्यक्ति हैं या नहीं. हालांकि अब तक सामने आई कई जानकारियां आपस में मेल खाती हैं.
मां ने क्या कहा?
ऋतिक की मां संयुक्ता देवी ने कहा,'मेरा बेटा मुंबई में रहता है. नाम जरूर मिल रहा है, लेकिन वह मेरा बेटा नहीं है. हम भी उसे तलाश रहे हैं. मीडिया से भी अनुरोध है कि उसे खोजने में मदद करे. कल से उससे बात नहीं हो रही है, मोबाइल स्विच ऑफ बता रहा है. वह मुंबई में मिस्त्री का काम करता था.'
जब उनसे पूछा गया कि क्या उनका बेटा गोलीबारी की घटना में शामिल हो सकता है, तो उन्होंने कहा, 'नहीं, मेरा बेटा ऐसा नहीं कर सकता. बाकी किस्मत इंसान को कहां से कहां ले जाए, यह कोई नहीं जानता.'
यह भी पढ़ें | लॉरेंस बिश्नोई नया दाऊद है? फिल्मी दुनिया में कब हुई अंडरवर्ल्ड की एंट्री; अमिताभ की 'दीवार' का क्या कनेक्शन
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं