मुंबई-बेंगलुरु वंदे भारत स्लीपर ट्रेन दशहरा के बाद शुरू होने जा रही है. प्लेन के फ्लाइट जैसी सुविधाओं वाली ये वंदे भारत स्लीपर एक्सप्रेस रेलवे की मुंबई से शुरू होने वाली पहली वंदे भारत स्लीपर ट्रेन होगी. मुंबई-बेंगलुरु वंदे भारत स्लीपर ट्रेन 1153 किलोमीटर की दूरी 24 घंटे की बजाय सिर्फ 15-16 घंटे में पूरी हो जाएगी. ये लंबी दूरी के रात की यात्रा को आरामदायक बनाएगी. इस रूट पर सबसे लोकप्रिय उद्यान एक्सप्रेस करीब 24 घंटे का समय लगता है. नई स्लीपर ट्रेन से यात्रियों के 8 से 9 घंटे बचेंगे. छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस से शुरू होकर ठाणे, पुणे, सोलापुर के बाद कर्नाटक में वाडी जंक्शन, रायचूर के आंध्र प्रदेश में गुंतकल जंक्शन, अनंतपुर से होते हुए केएसआर बेंगलुरु सिटी जंक्शन तक जाने की संभावना है.
मुंबई-बेंगलुरु वंदे भारत स्लीपर का शेड्यूल
इस ट्रेन को मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस से देर शाम में चलाने की योजना है ताकि बिजी टाइम में लोकल ट्रेनों का आवागमन प्रभावित न हो. मुंबई से रात करीब 10:30 बजे चलते हुए अगले दिन दोपहर करीब 2:50 बजे इसके बेंगलुरु पहुंचने का प्लान है. बेंगलुरु से वापसी में रात 10 बजे चलकर अगले दिन दोपहर 1:50 बजे मुंबई आने की संभावना है. यह ट्रेन सप्ताह में 6 दिन चलाने की तैयारी है.
चलता-फिरता 5 स्टार होटल
इस ट्रेन के कोच को पूरी तरह से फ्लाइट और लग्जरी होटलों के जैसे डिजाइन किया गया है.पारंपरिक स्लीपर ट्रेनों के मुकाबले इसमें ज्यादा चौड़ी, एर्गोनोमिक और गद्देदार सीटें होंगी, जो लंबी दूरी की यात्रा में बिना झटके के अच्छी नींद देंगे. कोच में लकड़ी के फिनिश पैनल, आंखों न चुभने वाली एलईडी लाइट और फर्श पर कालीन बिछे होंगे. ऊपरी बर्थ पर चढ़ने के लिए नई डिजाइन वाली सीढ़ी बनाई गई है.डिब्बे पूरी तरह से साउंडप्रूफ हैं, जिससे बाहर का शोर और कंपन अंदर महसूस नहीं होगा.

अनुमानित रेल किराया
एसी 3-टियर: 2300 रुपये
एसी 2-टियर: 3 000 रुपये
एसी फर्स्ट क्लास: 3600 रुपये
खान-पान में दिखेगा देसी स्वाद
आईआरसीटीसी मुंबई-बेंगलुरु वंदे भारत स्लीपर एक्सप्रेस (27651/27652) ट्रेन में यात्रियों की ऑनबोर्ड कैटरिंग में देसी स्वाद देखने को मिलेगा. मेन्यू में महाराष्ट्र और कर्नाटक के पारंपरिक देसी व्यंजनों मिसल पाव, थालीपीठ, बिसी बेले भात और मैसूर पाक को शामिल किया जा सकता है. ट्रेन में प्रीमियम क्वालिटी का भोजन देने के लिए 4-5 स्टार होटलों के शेफ,क्लाउड किचन और कुकिंग पार्टनर से बातचीत हो रही है.
वंदे भारत की स्पीड और संभावित रूट
इंटीग्रल कोच फैक्ट्री ने खास तौर पर रात की लंबी दूरी की रेलयात्रा के लिए सेमी हाईस्पीड रैक तैयार किए गए हैं. ये ट्रेन अधिकतम 180 किमी प्रति घंटा की रफ्तार दौड़ सकेगी. सुरक्षा मानकों को देखते हुए 160 किमी प्रति घंटा की स्पीड पर चलेगी. मुंबई-बेंगलुरु के बाद मुंबई-दिल्ली और अहमदाबाद-दिल्ली जैसे बिजी रूट पर भी ऐसी ही वंदे भारत स्लीपर ट्रेन चलाने की तैयारी है.

मुंबई-बेंगलुरु वंदे भारत स्लीपर कोच की बनावट
- ट्रेन के 16 डिब्बों में 823 यात्रियों के बैठने-सोने की क्षमता
- एसी 3-टियर के 11 कोच में 611 सीटें
- एसी 2-टियर के 4 कोच में 188 सीटें
- एसी फर्स्ट क्लास के सिंगल कोच में 24 सीटें
ट्रेन में प्रीमियम सुविधाएं
इस ट्रेन के फर्स्ट एसी कोच में यात्रियों के लिए नहाने के लिए गर्म पानी के शॉवर की सुविधा दी है.
यह भारतीय रेल में पहली बार होगा. फ्लाइट की तरह बदबू और टच फ्री सेंसर से लैस वैक्यूम टॉयलेट बने हैं.
बर्थ के नीचे खाली स्थानों के अलावा, ऊपरी बर्थ पर चढ़ने वाली सीढ़ियों के नीचे मोबाइल-किताबें के लिए स्मार्ट स्टोरेज होंगे.
रेल यात्रियों के लिए पर्सनल रीडिंग लाइट, यूएसबी चार्जिंग पोर्ट और नाश्ते की टेबल भी होंगी.
रेल यात्रा में गर्म खाना परोसने के लिए हर यूनिट में एडवांस पैंट्री भी होगी.
ये भी पढ़ें - दिल्ली-हावड़ा रूट पर वंदे भारत दौड़ाने की तैयारी, कानपुर-प्रयागराज से गया-धनबाद तक राजधानी से होगी तेज रफ्तार
कवच प्रणाली से लैस वंदे भारत
सुरक्षा के मायने में ये बेजोड़ होगी. इसमें ट्रेनों की टक्कर से बचाने के लिए स्वदेशी कवच प्रणाली होगी. अगर उसी ट्रैक पर कोई अन्य ट्रेन आ रही होगी तो यह टक्कर रोधी प्रणाली ट्रेन को रोक देगी.ट्रेन हादसे की स्थिति में डिब्बे एक-दूसरे के ऊपर नहीं चढ़ेंगे, ताकि जान-माल का नुकसान नहीं होगा.पूरी ट्रेन में आग बुझाने वाली एरोसोल फायर सिस्टम और हर डिब्बे के आखिरी में फायर बैरियर डोर लगे हैं. यात्री किसी भी आपात स्थिति में सीधे लोको पायलट या ट्रेन मैनेजर से बात कर पाएंगे.
ट्रेन में सेमी परमानेंट कपलर लगे हैं. इससे सामान्य ट्रेनों की तरह ब्रेक लगने या यात्रा के दौरान यात्रियों को झटके नहीं लगते. ट्रेन शून्य से 100 किमी प्रति घंटे की रफ्तार तेजी से पकड़ लेती है. इसमें अनोखा ब्रेकिंग सिस्टम भी होगा, जो ब्रेक इस्तेमाल करने पर बिजली पैदा कर ऊर्जा को वापस ग्रिड में भेजता है.
ये भी पढ़ें - दिल्ली-पटना वंदे भारत फेस्टिवल स्पेशल 16 अक्टूबर से चलेगी, दिवाली-छठ पर कन्फर्म टिकट, जानें ट्रेन रूट-किराया, टाइमटेबल
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं