विज्ञापन
OPINION

कर्नाटक का कोक्कारेबेल्लरु गांव जहां प्रवासी पक्षी 'बेटी' बनकर आते हैं,उनके बीट से लहलहाती हैं फसलें

कर्नाटक का कोक्कारेबेल्लरु गांव, वहां आने वाले प्रवासी पक्षियों की वजह से मशहूर है. गांव वाले प्रवासी पक्षियों को 'बेटी' मानकर उनकी देखभाल करते हैं. इस गांव में जैव संरक्षण के प्रयासों के बारे में बता रही हैं श्वेता सिंह.

श्वेता सिंह
  • कॉलमिस्ट
कर्नाटक का कोक्कारेबेल्लरु गांव जहां प्रवासी पक्षी 'बेटी' बनकर आते हैं,उनके बीट से लहलहाती हैं फसलें

वन्यजीव संघर्ष के बारे में तो हम काफी सुनते आ रहे हैं, भले ही वो जंगली सुअर, बंदर, तेंदुआ या नीलगाय आदि का हो. लेकिन हमने विरले ही हमने उसी वन्यजीव का प्राकृतिक संतुलन में योगदान के बारे में सुना हो. सारस, पेंटेड स्टॉर्क, प्रवासी या स्थानीय चिड़ियों,जंगली बिल्ली और जंगली खरगोश जैसे छोटे स्तनपायी जैसे, हाथी, बाघ, तेंदुआ, लोमड़ी, भालू, जंगली हिरन जैसे विशाल स्तनधारी या सांप, मकड़ी, छिपकली जैसे अभयचर (एम्फीबियन्स और रेप्टाइल्स). ये सब कीट नियंत्रण, जंगल निर्माण, खाद्य श्रृंखला और विविधता में संतुलन और परागण में मदद करते हैं. हम वन्यजीवों के अस्तित्व और उनका योगदान, मनुष्य के अस्तित्व और उसके रहने के स्थान का संतुलन बनाए रखने के बारे में बहुत कम जानते हैं. समय के साथ उसका अचल संघटक होने का ज्ञान भी खोता जा रहा है. 

पक्षियों से प्यार करने वाला गांव

आज मैं आपको एक ऐसे गांव और वहां के लोगों के बारे में बताने जा रही हूं, जो आज भी इस संतुलन को समझता है और उसके संरक्षण के लिए मिलकर काम करता है. मैं बात कर रही हूं बेंगलुरु से मैसूर जाते समय रास्ते में पड़ने वाले कोक्कारेबेल्लरु गांव की. इस गांव का नाम कोकरे यानि स्टॉर्क और बेल्लरु यानि गुड़ से मिलकर बना है. प्रवास के मौसम में यह गांव पेंटेड स्टॉर्क और स्पॉट-बिल्लड पेलिकन से भरा रहता है. हालांकि इस गांव के लोगों का कहना है कि पिछले 20-25 सालों में प्रवासी पक्षियों की संख्या घटकर आधी रह गई है. ग्रामीण इसके लिए गांव और उसके आसपास के इलाकों में पेड़ों की कटान, खासकर  इमली, पीपल, वट और उनके जैसे लंबे और सदाबहार पेड़ों की कटान को जिम्मेदार बताते हैं. 

पेड़ों की कटान से गांव में आने वाले प्रवासी पक्षियों की संख्या में बड़ी गिरावट आई है.

पेड़ों की कटान से गांव में आने वाले प्रवासी पक्षियों की संख्या में बड़ी गिरावट आई है.
Photo Credit: Sweta Singh

इस गांव के लोगों को इन प्रवासी पक्षियों की बीट में मिलने वाले उर्वरकों का ज्ञान था. इसकी वजह से इस इलाके में हर साल गन्ने, सब्जियों और दूसरे अनाज की फसलें लहलहाती थीं. इन फसलों का उत्पादन भी अधिक होता था. गांव वालों ने वन विभाग के सहयोग से एकजुट होकर पहले तो पेड़ों की कटान रोकी. इन्हीं पेड़ों पर ये पक्षी अपना घोसला बनाते हैं. इसके साथ ही गांव वालों ने नए पेड़ लगाने का अभियान भी चलाया. गांव वाले पक्षियों के उन बच्चों की, जो घोसलों से किसी कारणवश जमीन पर कारण गिर जाते थे, उन्हें एक सुरक्षित जगह पर रखकर अपने हाथ से खाना खिलाते हैं और उनकी देखभाल करते हैं. एक तरह से ये गांव वाले उन बच्चों को गोद ले लेते हैं.

पक्षियों को बेटी मानने वाला गांव

यह पहल इसलिए भी महत्वपूर्ण है क्योंकि इन ग्रामीणों ने अपने खेतों में यूरिया और एनपीके जैसे रासायनिक उर्वरकों का इस्तेमाल करने की जगह उसके प्राकृतिक स्रोत 'पक्षी के बीट' को अपनाया. आज इस गांव के ज्यादातर घरों के पिछले हिस्से में आप इमली या पीपल के पेड़ पर पक्षियों के घोसले आसानी से देख सकते हैं.

इस गांव में आने वाले प्रवासी पक्षी वहां के पेड़ों पर अपने घोंसले बनाते हैं.

इस गांव में आने वाले प्रवासी पक्षी वहां के पेड़ों पर अपने घोंसले बनाते हैं.
Photo Credit: Sweta Singh

यह प्राकृतिक संतुलन इस गांव के परे जाकर इन पक्षियों के खाद्य स्रोतों यानि मछलियों को भी शामिल करता है. गांव के सबसे नजदीकी जल स्रोत कनाल नदी के प्रदूषित होने से उसकी पानी में इन मछलियों की संख्या में घटती जा रही है. ये मछलियां ही इन पक्षियों का मुख्य भोजन हैं.मछलियों की संख्या घटने का दुष्परिणाम यह हुआ कि इन पक्षियों के एक बार में अंडे देने की संख्या (क्लच साइज) घटती जा रही है. 

जब मैं वन्यजीवों के प्राकृतिक संतुलन बनाने के बारे में सोचती हूं तो यह गांव, वहां के पक्षी और उनके बुजुर्गों के बारे में जरूर सोचती हूं, जो इन पक्षियों को अपनी बेटी की तरह मानते हैं. ये पक्षी हर साल ससुराल से अपने घर आते हैं और बच्चे पैदा करते हैं. 

(डिस्क्लेमर: श्वेता सिंह पिछले 11 सालों से प्राकृतिक संरक्षण और जैव विविधता के क्षेत्र में काम कर रही हैं. इस लेख में व्यक्त विचार उनके निजी हैं, उनसे एनडीटीवी का सहमत या असहमत होना जरूरी नहीं है.)

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Bio Diversity Park, Migratory Birds, Migratory Birds In India
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com