विज्ञापन

Outlook यूजर्स को 16 घंटे बाद राहत, फिर भी Microsoft ने 48 घंटे तक बढ़ाया टाइमआउट, आपको हो सकती हैं ये दिक्कतें

शुरुआत में माइक्रोसॉफ्ट ने कॉन्फिगरेशन में बदलावों की जांच की और प्रभावित सर्वर को रीस्टार्ट करने की कोशिश की. इसके बाद कंपनी ने हेल्थ-चेक का एक वैकल्पिक तरीका अपनाया, जिससे कुछ प्रभावित सर्वर दोबारा काम करने लगे.

Outlook यूजर्स को 16 घंटे बाद राहत, फिर भी Microsoft ने 48 घंटे तक बढ़ाया टाइमआउट, आपको हो सकती हैं ये दिक्कतें
माइक्रोसॉफ्ट आउटलुक की दिक्‍कतें अभी पूरी तरह खत्‍म नहीं हुई हैं.
Source: NDTV Graphics/Canva

माइक्रोसॉफ्ट आउटलुक यूजर्स के लिए राहत की खबर है. करीब 16 घंटे तक चली रुकावट के बाद शुक्रवार शाम भारत में यूजर्स को ईमेल मिलने शुरू हो गए. हालांकि, ईमेल की डिलीवरी अभी धीमी है और इसमें 30-32 घंटे और लग सकते हैं. माइक्रोसॉफ्ट ने कहा है कि सेवा को पूरी तरह सामान्य करने के लिए रिकवरी का काम जारी है.

इस बीच कंपनी ने देरी से आने वाले ईमेल को सुरक्षित रखने के लिए ईमेल टाइमआउट की अवधि बढ़ाकर 48 घंटे कर दी है. इसका मतलब है कि आउटेज के दौरान कतार में फंसे ईमेल को डिलीवर करने के लिए सिस्टम अब 48 घंटे तक का समय देगा.

माइक्रोसॉफ्ट 365 ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर बताया कि प्रभावित इंफ्रास्ट्रक्चर में रिकवरी का काम अलग-अलग चरणों में चल रहा है. कंपनी को कई सेवाओं में सुधार दिख रहा है, लेकिन सिस्टम की क्षमता अभी पूरी तरह सामान्य स्तर पर नहीं लौटी है.

कंपनी ने कहा- कुछ यूजर्स को अभी भी हो सकती है परेशानी

माइक्रोसॉफ्ट के मुताबिक, मेलबॉक्स तक पहुंच और देरी से ईमेल मिलने जैसी प्रमुख सुविधाओं में सुधार हुआ है. हालांकि, कुछ यूजर्स को रुक-रुककर परेशानी का सामना करना पड़ सकता है.

कंपनी ने प्रभावित इंफ्रास्ट्रक्चर के बाकी हिस्सों में भी रिकवरी की प्रक्रिया तेज की है. इसके साथ ही ट्रैफिक को धीरे-धीरे बहाल किया जा रहा है और सिस्टम की क्षमता बढ़ाई जा रही है, ताकि सेवाएं ज्यादा स्थिर हो सकें.

यूजर्स माइक्रोसॉफ्ट 365 एडमिन सेंटर में इंसिडेंट नंबर MO1550821 के जरिए इस समस्या से जुड़ा विस्तृत अपडेट देख सकते हैं. कंपनी के सर्विस स्टेटस पेज पर भी इसकी जानकारी उपलब्ध है.

सर्वर के हेल्थ-चेक में गड़बड़ी से शुरू हुई थी परेशानी

माइक्रोसॉफ्ट की सेवाओं में रुकावट गुरुवार रात शुरू हुई थी. कंपनी के मुताबिक, सर्वर के हेल्थ-चेक में गड़बड़ी के कारण कुछ सर्वर गायब हो गए थे.

शुरुआत में माइक्रोसॉफ्ट ने कॉन्फिगरेशन में बदलावों की जांच की और प्रभावित सर्वर को रीस्टार्ट करने की कोशिश की. इसके बाद कंपनी ने हेल्थ-चेक का एक वैकल्पिक तरीका अपनाया, जिससे कुछ प्रभावित सर्वर दोबारा काम करने लगे.

Outlook, Teams और Copilot समेत कई सेवाएं हुई थीं प्रभावित

इस बड़े आउटेज का असर माइक्रोसॉफ्ट 365 की कई सेवाओं पर पड़ा. Outlook, Teams और AI असिस्टेंट Copilot समेत कई प्रोडक्ट्स तक पहुंच प्रभावित हुई. कंपनी ने बताया कि इस घटना का संबंध Exchange Online और ईमेल इंफ्रास्ट्रक्चर से जुड़ी कई सेवाओं से था. आउटेज के कारण शुक्रवार को कई देशों में कारोबार, एयरलाइन और सरकारी कामकाज भी प्रभावित हुए. माइक्रोसॉफ्ट को सेवाएं सामान्य करने में कई घंटे लगे.

यह भी पढ़ें | Microsoft सर्विस आउटेज की फिक्सिंग में फेल, कंपनी बोली- शुरुआती उपाय काम नहीं कर रहे, लाखों लोग परेशान

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Microsoft Outage, Outlook Outage Today, Technical Fault, MS Office
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com