विज्ञापन

आम आदमी पार्टी छोड़ BJP में शामिल हुए राघव चड्ढा समेत ये सांसद आज राष्‍ट्रपति से मिलेंगे, जानें वजह

AAP के बागी सांसदों का प्रतिनिधिमंडल राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से पंजाब सरकार के खिलाफ शिकायत दर्ज कराएगा. वे प्रशासनिक दुरुपयोग और राजनीतिक दबाव की बात कर रहे हैं.

आम आदमी पार्टी छोड़ BJP में शामिल हुए राघव चड्ढा समेत ये सांसद आज राष्‍ट्रपति से मिलेंगे, जानें वजह
  • आम आदमी पार्टी के बागी सांसदों का एक प्रतिनिधिमंडल राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मिलने जा रहा है
  • बागी सांसद राष्ट्रपति के समक्ष पंजाब की AAP सरकार के खिलाफ सत्ता दुरुपयोग और राजनीतिक प्रतिशोध के आरोप लगाएंगे
  • सांसद निष्पक्ष जांच और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए राष्ट्रपति से हस्तक्षेप की मांग करेंगे
नई दिल्‍ली:

आम आदमी पार्टी (AAP) में जारी अंदरूनी सियासी खींचतान अब खुलकर सामने आ गई है. पार्टी छोड़कर भारतीय जनता पार्टी (BJP) का दामन थाम चुके सांसदों का एक प्रतिनिधिमंडल आज राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात करेगा. यह मुलाकात सुबह 10:40 बजे निर्धारित है, जिसमें सांसद संदीप पाठक, राघव चड्ढा, अशोक मित्तल और राजिंदर गुप्ता शामिल होंगे.  उधर, पंजाब के मुख्‍यमंत्री भगवंत मान भी आज राष्‍ट्रपति से मिलने जा रहे हैं. 

AAP के बागी नेताओं के आरोप

बताया जा रहा है कि ये नेता राष्ट्रपति के समक्ष पंजाब की आम आदमी पार्टी सरकार के खिलाफ शिकायत दर्ज कराएंगे. बागी सांसदों का आरोप है कि राज्य सरकार उनके खिलाफ सत्ता का दुरुपयोग कर रही है. राजनीतिक बदले की भावना से कार्रवाई की जा रही है. उनका कहना है कि पार्टी छोड़ने के बाद उन्हें प्रशासनिक दबाव, जांच एजेंसियों के जरिए परेशान करने और राजनीतिक रूप से हाशिए पर डालने की कोशिश की जा रही है. 

CM भगवंत मान भी करेंगे राष्‍ट्रपति से मुलाकात 

प्रतिनिधिमंडल राष्ट्रपति से निष्पक्ष जांच की मांग करेगा और इस पूरे मामले में हस्तक्षेप की अपील करेगा. सांसदों का दावा है कि लोकतांत्रिक मूल्यों को कमजोर किया जा रहा है और विपक्ष की आवाज को दबाने की कोशिश हो रही है. वहीं, इस पूरे मामले पर पंजाब सरकार ने बागी नेताओं को आड़े हाथों लिया है. आम आदमी पार्टी के नेताओं की राष्ट्रपति से मुलाकात के मुद्दे पर मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा, "कानून सभी के लिए समान होना चाहिए, नहीं तो एक ही पार्टी के पांच लोग अलग-अलग पार्टी के होने का दावा करेंगे. क्या बीजेपी में शामिल होने के बाद कोई कानून से ऊपर हो सकता है? कानून सर्वोपरि है. मैं राष्ट्रपति को इस बारे में सूचित करूंगा और उन्हें सारी जानकारी दूंगा."

विशेषज्ञों का मानना है कि इस मुलाकात के बाद केंद्र और राज्य के बीच राजनीतिक टकराव और तेज हो सकता है. अब देखना होगा कि राष्ट्रपति से मुलाकात के बाद इस विवाद में क्या नया मोड़ आता है और क्या इस पर कोई ठोस कार्रवाई होती है.

ये भी पढ़ें :- आप भी आमंत्रित...AAP के ऑफिस के बाहर क्यों लगे कुमार विश्वास की राम कथा के पोस्टर

लेखक के बारे में
img
तिलकराज
Deputy News Editor
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Raghav Chadha, Aam Aadmi Party, CM Bhagwant Mann
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com