लोकसभा सीटों के परिसीमन को लेकर विपक्षी खेमे में बड़ा मतभेद खुलकर सामने आ गया है. कांग्रेस नेतृत्व ने तमिलनाडु के मुख्यमंत्री और DMK प्रमुख एमके स्टालिन को मनाने की पूरी कोशिश की, लेकिन स्टालिन ने साफ संकेत दे दिया कि वह अपना फैसला बदलने वाले नहीं हैं.
चेन्नई में रविवार को कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के नेतृत्व में विपक्ष के वरिष्ठ नेताओं के एक प्रतिनिधिमंडल ने DMK प्रमुख एमके स्टालिन से मुलाकात की. इस प्रतिनिधिमंडल में कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी, लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी और पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी भी शामिल थीं. बैठक का मकसद केंद्र सरकार के प्रस्तावित परिसीमन बिल पर DMK को अपना समर्थन वापस लेने के लिए राजी करना था.
यह मुलाकात ऐसे समय हुई जब एक दिन पहले ही DMK ने संकेत दिया था कि वह केंद्र के परिसीमन विधेयक का समर्थन करेगी. इस रुख ने कांग्रेस और DMK के बीच खुले मतभेद को उजागर कर दिया है. कांग्रेस लगातार प्रस्तावित संवैधानिक संशोधनों और परिसीमन प्रक्रिया का विरोध कर रही है.
चेन्नई के अलवरपेट स्थित अपने आवास पर स्टालिन ने खुद विपक्षी नेताओं का स्वागत किया. बैठक में DMK की ओर से उदयनिधि स्टालिन, कनिमोझी, दयानिधि मारन और पार्टी के कई सांसद भी मौजूद रहे.
कांग्रेस की चिंता क्या है?
कांग्रेस नेता राहुल गांधी पिछले कुछ समय से परिसीमन प्रक्रिया का विरोध करते रहे हैं. उनका आरोप है कि भारतीय जनता पार्टी (BJP) प्रस्तावित बदलावों के जरिए देश के चुनावी नक्शे को अपने राजनीतिक फायदे के अनुसार ढालना चाहते हैं.
राहुल गांधी का कहना है कि लोकसभा का विस्तार कर सीटों की संख्या 850 तक किए जाने का प्रस्ताव भारतीय लोकतंत्र पर गंभीर असर डाल सकता है. उनके मुताबिक इससे निर्वाचन क्षेत्रों के पुनर्गठन में ऐसी स्थिति पैदा हो सकती है, जिसका राजनीतिक लाभ सत्ताधारी दल को मिले.
स्टालिन का दो टूक जवाब
कांग्रेस नेताओं के चेन्नई पहुंचने से कुछ घंटे पहले ही एमके स्टालिन ने राहुल गांधी की अपील का सार्वजनिक जवाब दे दिया था. सोशल मीडिया पर किए गए अपने संदेश में उन्होंने राहुल गांधी को 'भाई' कहकर संबोधित किया, लेकिन साथ ही साफ कर दिया कि DMK की राजनीति का केंद्र तमिलनाडु और वहां के लोगों का हित है.
स्टालिन ने कहा कि उनकी पार्टी राज्य के अधिकारों और तमिलनाडु के हितों की रक्षा के रास्ते से पीछे नहीं हटेगी. उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी इस मुद्दे पर कोई समझौता नहीं करेगी.
अपने संदेश में स्टालिन ने कहा, "हम इस रास्ते से नहीं हटेंगे और मुझे विश्वास है कि इतिहास हमें कट्टाबोम्मन के रूप में याद करेगा, एट्टप्पन के रूप में नहीं."
स्टालिन का यह बयान तमिल इतिहास और लोककथाओं के दो चर्चित पात्रों के संदर्भ में था. वीरपांडिया कट्टाबोम्मन को ब्रिटिश शासन के खिलाफ संघर्ष करने वाले योद्धा के रूप में याद किया जाता है, जबकि एट्टप्पन का नाम तमिल राजनीति में अक्सर विश्वासघात या गद्दारी के प्रतीक के तौर पर इस्तेमाल किया जाता है.
राहुल ने की थी साथ आने की अपील
इससे पहले राहुल गांधी ने घोषणा की थी कि INDIA गठबंधन के वरिष्ठ नेता चेन्नई जाकर स्टालिन से मुलाकात करेंगे और परिसीमन से जुड़े संवैधानिक संशोधन विधेयकों के खिलाफ DMK का समर्थन मांगेंगे.
राहुल गांधी ने सोशल मीडिया मंच X पर लिखा था कि लोकसभा की सीटों का विस्तार कर 850 तक पहुंचाने की योजना भारतीय लोकतंत्र को नुकसान पहुंचा सकती है. उन्होंने कहा था कि इससे BJP और RSS को चुनावी सीमाओं के पुनर्निर्धारण में अधिक अवसर मिल जाएंगे.
राहुल ने अपने संदेश में स्टालिन की तारीफ करते हुए कहा था कि उन्होंने हमेशा 'तमिल-विरोधी ताकतों' के खिलाफ मजबूती से खड़े होकर लड़ाई लड़ी है. साथ ही उन्होंने राष्ट्रीय हित, तमिलनाडु के हित और संविधान की रक्षा के लिए इस विधेयक का मिलकर विरोध करने की अपील भी की थी.
यह भी पढ़ें: परिसीमन बिल को लेकर उद्धव ठाकरे का केंद्र पर हमला, बोले- यह महिला आरक्षण नहीं, वोट चोरी की तैयारी है
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं