विज्ञापन

पंजाब में बागेश्वर धाम की कथा पर पायलट का तंज, बोले- 'कथा करवाने से चुनाव नहीं जीते जाते'

पंजाब में बागेश्वर धाम की कथा को लेकर कांग्रेस नेता सचिन पायलट ने आम आदमी पार्टी पर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि चुनाव कथाओं से नहीं बल्कि जनता के मुद्दों पर काम करने से जीते जाते हैं.

पंजाब में बागेश्वर धाम की कथा पर पायलट का तंज, बोले- 'कथा करवाने से चुनाव नहीं जीते जाते'
अपंजब चुनाव को लेकर सचिन पायलट ने आप पर हमला बोला है.
  • पायलट ने मुख्यमंत्री भगवंत मान पर सीमा सुरक्षा और प्रशासनिक गंभीरता के अभाव में चुटकुले करने का आरोप लगाया है
  • उन्होंने पंजाब में हाल के दो वर्षों में 395 हत्याओं और बढ़ते नशे तथा अपराध की गंभीर स्थिति का उल्लेख किया है
  • पायलट ने बीजेपी और अकाली दल के गठबंधन को अवसरवादिता और मजबूरी बताते हुए पुराने विवादों का हवाला दिया है

पंजाब में आम आदमी पार्टी की ओर से बागेश्वर धाम के धीरेन्द्र शास्त्री की कथा करवाने को लेकर कांग्रेस महासचिव और पंजाब कांग्रेस प्रभारी सचिन पायलट ने निशाना साधा है. पायलट ने कहा कि अब कथाएं करवाने से कोई चुनाव नहीं जीता जाता. चुनाव जीतने के लिए जनता के मुद्दों पर काम करना पड़ता है. पंजाब की जनता सरकार के कामकाज से परेशान है. वहां के लोगों को रोजगार, सुरक्षा और बेहतर कानून-व्यवस्था चाहिए, लेकिन सरकार इन मुद्दों पर ध्यान देने के बजाय दूसरी गतिविधियों में लगी हुई है.

पायलट ने मुख्यमंत्री भगवंत मान पर भी निशाना साधा. उन्होंने कहा कि पंजाब जैसे सीमावर्ती और संवेदनशील राज्य में गंभीरता से काम करने की जरूरत है लेकिन मुख्यमंत्री हर बात पर चुटकुले सुनाते हैं और मजाक करते रहते हैं. पायलट ने तंज कसते हुए कहा कि पंजाब के मुख्यमंत्री अभी भी कॉमेडी में व्यस्त हैं, जबकि प्रदेश में कानून-व्यवस्था की स्थिति चिंता का विषय बनी हुई है.

पंजाब की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए पायलट ने दावा किया कि पिछले 24 महीनों में राज्य में 395 हत्याएं हुई हैं. खुलेआम लोगों को गोलियां मारी जा रही हैं. शहरों में पुलिस थानों पर हैंड ग्रेनेड से हमले हो रहे हैं. ड्रोन के जरिए नशा, पैसा और हथियार पहुंचाए जा रहे हैं. गैंगस्टर जेलों से फिरौती मांग रहे हैं. उन्होंने कहा कि जिन लोगों से फिरौती मांगी जाती है, उनमें से करीब 45 प्रतिशत लोग डर के कारण पुलिस तक नहीं पहुंचते. पुलिस अधिकारियों की भी हत्या की गई है.

पायलट ने कहा कि पंजाब में नशे और अपराध का मुद्दा लगातार गंभीर होता जा रहा है. सीमावर्ती राज्य होने के कारण यहां सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने की जरूरत है. उन्होंने आरोप लगाया कि आम आदमी पार्टी की सरकार ने कानून-व्यवस्था को बदतर कर दिया है. जनता अब सरकार के कामकाज का हिसाब चाहती है. पायलट ने दावा किया कि आम आदमी पार्टी की सरकार जल्द ही ताश के पत्तों की तरह ढह जाएगी.

बीजेपी-अकाली गठबंधन को बताया मजबूरी

पंजाब में बीजेपी और अकाली दल के गठबंधन पर भी पायलट ने सवाल उठाए. उन्होंने कहा कि छह साल पहले अकाली दल ने तीन कृषि कानूनों के विरोध में बीजेपी से गठबंधन तोड़ा था. उस समय दोनों दलों ने एक-दूसरे के खिलाफ गंभीर आरोप लगाए थे. अकाली दल ने बीजेपी को किसान विरोधी बताया था. 

पायलट ने सवाल किया कि क्या अब वे सभी मुद्दे खत्म हो गए हैं क्या किसानों को एमएसपी की गारंटी मिल गई है क्या पंजाब को कोई विशेष आर्थिक पैकेज दिया गया है. उन्होंने इस गठबंधन को मजबूरी और अवसरवादिता का उदाहरण बताया. पायलट के मुताबिक, दोनों दल पंजाब में अपनी राजनीतिक स्थिति बचाने के लिए फिर साथ आए हैं, लेकिन जनता उनके पुराने बयानों और आरोपों को भूली नहीं है.

 छवि और नए चेहरों को मौका देने पर चर्चा

पंजाब विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर पायलट ने बताया कि कांग्रेस की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में करीब तीन घंटे तक चुनावी रणनीति और टिकट वितरण पर चर्चा हुई. उन्होंने कहा कि पार्टी में साफ छवि वाले और जनता के बीच सक्रिय रहने वाले लोगों को प्राथमिकता देने की बात हुई है. मेरिट के आधार पर उम्मीदवारों का चयन होगा और नए लोगों को भी मौका देने पर विचार किया गया है.

पायलट ने कहा कि पंजाब में कांग्रेस पार्टी चुनाव के लिए पूरी तरह तैयार है. उन्होंने आम आदमी पार्टी के कई सांसदों और विधायकों के पार्टी छोड़ने का भी जिक्र किया. उनका दावा है कि राज्य में जनता बदलाव चाहती है और कांग्रेस एक विकल्प के रूप में सामने है. उन्होंने कहा कि कांग्रेस का लक्ष्य आने वाले विधानसभा चुनावों में जनता का समर्थन हासिल करना और 2029 के लोकसभा चुनाव में विपक्ष की जीत सुनिश्चित करना है.

अमित शाह पर पायलट का पलटवार

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के 31 दिसंबर 2029 तक पंजाब को नशामुक्त करने के वादे पर कांग्रेस महासचिव सचिन पायलट ने कहा कि राहुल गांधी ने ठीक कहा है कि हो सकता है 2029 तक अमित शाह गृह मंत्री ही नहीं रहें. उन्होंने कहा कि अगली सरकार NDA गठबंधन की नहीं बनेगी. 

पायलट ने कहा कि पंजाब को नशामुक्त करने की समयसीमा देना आसान है, लेकिन हकीकत यह है कि आम आदमी पार्टी ने भी सत्ता में आने के बाद तीन महीने में पंजाब को नशामुक्त करने का वादा किया था. कांग्रेस की सरकार भी वहां रही है और वह भी इस समस्या को पूरी तरह खत्म नहीं कर पाई. लेकिन आम आदमी पार्टी की सरकार में नशे और कानून-व्यवस्था की स्थिति और खराब हुई है. उन्होंने कहा कि पंजाब में ड्रग्स का कारोबार, गैंगस्टर गतिविधियां और अपराध गंभीर चुनौती बने हुए हैं. केंद्र सरकार की जिम्मेदारी है कि सीमाओं से होने वाली नशे की तस्करी पर रोक लगाए. पायलट ने कहा कि केवल चुनावी घोषणाओं और समयसीमा तय करने से पंजाब नशामुक्त नहीं होगा. इसके लिए ठोस कार्रवाई और प्रभावी व्यवस्था की जरूरत है.

राजस्थान में मुख्यमंत्री चेहरे पर बोले- अभी चर्चा का कोई औचित्य नहीं

राजस्थान में अगले विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के मुख्यमंत्री चेहरे को लेकर पूछे गए सवाल पर पायलट ने कहा कि अभी इस चर्चा का कोई तर्क नहीं है. विधानसभा चुनाव में करीब दो साल का समय है. फिलहाल प्राथमिकता जनता की उम्मीदों पर खरा उतरने और ग्रामीण क्षेत्रों में चुने जाने वाले जनप्रतिनिधियों की जिम्मेदारी निभाने की है. उन्होंने कहा कि कांग्रेस के सभी नेता पार्टी के अनुशासित सिपाही हैं और नेतृत्व जिसको जो जिम्मेदारी देगा वह उसे स्वीकार करेगा.

यह भी पढ़ें | पंजाब चुनाव: AAP से आए सांसद BJP-अकाली के लिए करेंगे काम, चड्ढा, भज्जी, पाठक किसे मिली क्या जिम्मेदारी?

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Sachin Pilot, Aam Aadmi Party, Punjab Politics
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com