- तरनतारन जिले के खडूर साहिब में सरपंच मनजीत कौर के पति सुखबीर सिंह पर दिनदहाड़े गोलीबारी कर हमला किया गया
- हमलावरों ने पहले मोटरसाइकिल टक्कर मारी और फिर करीब पांच राउंड फायरिंग कर सुखबीर सिंह को घायल किया
- सरपंच ने आरोप लगाया कि नशे के कारोबार के विरोध के कारण गांव के कुछ लोग इस हमले में शामिल हैं
पंजाब के तरनतारन जिले के खडूर साहिब क्षेत्र में मंगलवार को गोलीबारी की एक सनसनीखेज घटना सामने आई. गांव नवा पिंड डालेके की मौजूदा सरपंच मनजीत कौर के पति सुखबीर सिंह पर कथित तौर पर कुछ लोगों ने दिनदहाड़े हमला कर दिया. घटना गांव डालेके के मोड़ के पास हुई, जहां हमलावरों ने उनका रास्ता रोककर फायरिंग की. हमले में सुखबीर सिंह घायल हो गए. सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और उन्हें इलाज के लिए सिविल अस्पताल तरनतारन में भर्ती कराया गया.
नशा कारोबार के विरोध को बताया वजह
घटना के बाद सरपंच मनजीत कौर ने आरोप लगाया कि गांव के कुछ लोग कथित तौर पर नशे के कारोबार में शामिल हैं और वह लंबे समय से इसका विरोध करती रही हैं. उनके अनुसार, इसी रंजिश के चलते यह हमला किया गया.
सरपंच का दावा है कि पहले हमलावरों ने उनकी मोटरसाइकिल को बुलेट मोटरसाइकिल से टक्कर मारी. इसके बाद हवाई फायरिंग की गई और फिर सुखबीर सिंह पर गोलियां चलाई गईं. उन्होंने बताया कि घटना के दौरान करीब पांच राउंड फायर किए गए, जिनमें एक गोली लगने से उनके पति घायल हो गए.
पुलिस की कार्रवाई पर भी उठाए सवाल
मनजीत कौर ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े किए हैं. उनका आरोप है कि घटना की सूचना दिए जाने के बावजूद पुलिस समय पर मौके पर नहीं पहुंची. उन्होंने कहा कि पुलिस के देरी से पहुंचने का फायदा उठाकर आरोपी घटनास्थल से फरार हो गए.
एक व्यक्ति पर लगाया आरोप
सरपंच ने पास के गांव पलासौर के रहने वाले मंगा नामक व्यक्ति पर फायरिंग में शामिल होने का आरोप लगाया है. हालांकि पुलिस या प्रशासन की ओर से अभी तक इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है.
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और हमलावरों की पहचान व गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं. घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है. वहीं स्थानीय लोगों की नजर अब पुलिस जांच और आगे की कार्रवाई पर टिकी हुई है.
यह भी पढ़ें | बीजेपी-अकाली गठबंधन से पंजाब को कैसे होगा फायदा? एक्सपर्ट ने बताई पूरी कहानी
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं