विज्ञापन

आप भी आमंत्रित...AAP के ऑफिस के बाहर क्यों लगे कुमार विश्वास की राम कथा के पोस्टर

आम आदमी पार्टी के दफ्तर के बाहर कुमार विश्वास की राम कथा का पोस्टर लगाए जाने से सियासी हलचल तेज हो गई है. दिल्ली विधानसभा में होने वाले इस कार्यक्रम के पोस्टरों में “आप भी आमंत्रित हैं” लिखा होने से पुराने रिश्तों और टकराव की चर्चा एक बार फिर सामने आ गई है.

आप भी आमंत्रित...AAP के ऑफिस के बाहर क्यों लगे कुमार विश्वास की राम कथा के पोस्टर
आप दफ्तर के बाहर लगा कुमार विश्वास का पोस्टर
  • आम आदमी पार्टी के दफ्तर के बाहर कुमार विश्वास की राम कथा का पोस्टर लगा है, जिसकी खूब चर्चा
  • दरअसल इस पोस्टर पर लिखा है आप भी आंमत्रित, इस आमंत्रण को आप और केजरीवाल पर तंज माना जा रहा है
  • कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री, दिल्ली उपराज्यपाल, CM, मंत्रिपरिषद सदस्य और विधानसभा के विधायकों को बुलावा
नई दिल्ली:

कभी आम आदमी पार्टी की पहचान और आवाज रहे कुमार विश्वास का नाम एक बार फिर ‘आप' के दफ्तर तक लौट आया है. बस फर्क इतना है कि इस बार न मंच सियासी है, न भूमिका राजनीतिक, बल्कि चर्चा का केंद्र बनी है उनकी राम कथा का पोस्टर. नई दिल्ली में आम आदमी पार्टी के दफ्तर के बाहर लगे पोस्टर ने सियासी गलियारों में हलचल मचा दी है, जिसमें कुमार विश्वास की राम कथा का प्रचार किया गया है. इस पोस्टर में लिखा है कि यह कार्यक्रम दिल्ली विधानसभा में आयोजित होने वाला है, लेकिन मामला केवल राम कथा के आयोजन तक सीमित नहीं है. पुराने रिश्तों और अदावत की परछाईं तब और गहरी हो जाती है, जब इसी पोस्टर में यह भी लिखा नजर आता है, “आप भी आमंत्रित हैं.” जैसे ही ये पोस्टर दिखा हर जगह इसकी चर्चा होने लगी.

Latest and Breaking News on NDTV

आप नेताओं के घरों के बाहर भी कुमार विश्वास के पोस्टर

कुमार विश्वास बुधवार 6 मई को दिल्ली विधानसभा में ‘अपने-अपने राम' शीर्षक से एक विशेष संगीतमय राम कथा कार्यक्रम प्रस्तुत करेंगे. इस कार्यक्रम को लेकर राजधानी में माहौल बनना शुरू हो गया है. दिलचस्प बात यह है कि आम आदमी पार्टी (AAP) के दफ्तरों और नेताओं के घरों के बाहर भी इस कार्यक्रम के होर्डिंग्स लगाए गए हैं, जिनमें लिखा है- ‘आप भी आमंत्रित हैं.' यह पोस्टर देर रात आम आदमी पार्टी के ऑफिस के बाहर और पार्टी सांसद संजय सिंह के घर के बाहर रास्ते पर लगाया गया है. इन पोस्टर्स से आप और अरविंद केजरीवाल के ऊपर कटाक्ष के रूप में देखा जा रहा है. यह पोस्टर दिल्ली के कई प्रसिद्ध जगहों और चौराहों पर लगाया गया है. यह कार्यक्रम ‘संगीतमय राम कथा' के रूप में आयोजित किया जा रहा है, जिसमें भगवान राम के जीवन, उनके आदर्शों और मानवीय मूल्यों को आधुनिक अंदाज में प्रस्तुत किया जाएगा.

दिल्ली विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता ने कार्यक्रम की जानकारी देते हुए कहा कि भगवान राम केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक नहीं हैं, बल्कि भारतीय संस्कृति और दर्शन के सर्वोच्च आदर्शों का प्रतिनिधित्व करते हैं. उन्होंने कहा कि राम का जीवन हमें कठिन से कठिन परिस्थितियों में भी सत्य और धर्म के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है. इस कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्रियों, दिल्ली के उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू, मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, मंत्रिपरिषद के सदस्य, सांसदों और दिल्ली विधानसभा के सभी विधायकों समेत कई लोगों को आमंत्रित किया गया है.

AAP के मुख्य चेहरा रहे हैं कुमार विश्वास

कुमार विश्वास आम आदमी पार्टी के मुख्य सदस्यों में रहे हैं. उन्होंने अरविंद केजरीवाल के साथ अन्ना हजारे के आंदोलन से निकली आम आदमी पार्टी की स्थापना में अहम भूमिका निभाई थी. पार्टी के शुरुआती दौर में कुमार विश्वास न सिर्फ ‘आप' के सबसे चर्चित चेहरों में शामिल थे, बल्कि उन्हें पार्टी का वैचारिक और वैकल्पिक चेहरा भी माना जाता रहा. लोकसभा चुनाव में उन्होंने ‘आप' के टिकट पर अमेठी से चुनाव भी लड़ा था, हालांकि उन्हें हार का सामना करना पड़ा. इसके बाद पार्टी के भीतर मतभेद खुलकर सामने आने लगे. कुमार विश्वास ने कई बार पार्टी नेतृत्व के कामकाज के तरीके पर सवाल उठाए.

आप पर कुमार विश्वास के कई आरोप

उन्होंने कई बार दावा किया कि आम आदमी पार्टी धीरे‑धीरे अपने मूल सिद्धांतों और अपनी विचारधारा से भटक रही है. कुछ वक्त बाद मतभेद सतह पर आ चुके थे. कुमार विश्वास ने सार्वजनिक मंचों और इंटरव्यू में कई बार आम आदमी पार्टी और अरविंद केजरीवाल पर तीखे आरोप लगाए. उन्होंने दावा किया कि पार्टी में आंतरिक लोकतंत्र खत्म हो चुका है, फैसले एक व्यक्ति के इर्द‑गिर्द सिमट गए हैं और ईमानदार कार्यकर्ताओं की आवाज दबाई जा रही है. कुमार विश्वास ने यह भी आरोप लगाया कि आम आदमी पार्टी ने सत्ता की राजनीति में अपनी शुरुआती वैचारिक प्रतिबद्धताओं से समझौता कर लिया है. हालांकि इन आरोपों को आम आदमी पार्टी ने बार‑बार नकारा है. 

लेखक के बारे में
img
अश्वनी कुमार सिंह
Correspondent
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Kumar Vishwas Ram Katha, AAP Office Poster, Aam Aadmi Party Kumar Vishwas, Ram Katha Delhi Assembly, Kumar Vishwas AAP Controversy
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com