उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले का एक कथित वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें देखा जा सकता है कि एक युवक लाइटर के साथ आता है और कपड़े की दुकान में आग लगा देता है. सोशल मीडिया पर दावा किया जा रहा है कि यह वीडियो मेरठ का है और आग लगाने वाला लड़का मुस्लिम बताया जा रहा है. यह भी कहा जा रहा है कि जिस दुकान में आग लगाई गई, वह किसी हिंदू शख्स की थी. 46 सेकेंड के इस वीडियो में देखा जा सकता है कि युवक के आग लगाने के बाद धुआं निकलता है और फिर दुकान पर टंगा कपड़ा जलने लगता है.
क्या है पूरा मामला?
मेरठ के मवाना कस्बे के मोहल्ला मुन्नालाल में हनुमान मंदिर के पास एक साड़ी शोरूम के बाहर टंगे दुपट्टों में आग लगा दी गई. आरोप है कि एक युवक ने लाइटर से आग लगाई और वहां से भागने लगा. दुकानदारों और स्थानीय लोगों ने आग बुझाई. आग दुकान के अंदर तक नहीं पहुंची.
कृष्णा साड़ी शोरूम के संचालक अजय कुमार शर्मा, निवासी मोहल्ला मुन्नालाल ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि गुरुवार, 12 नवंबर को दोपहर करीब 1:15 बजे वे दुकान पर बैठे थे. तभी एक अज्ञात युवक लाइटर लेकर दुकान के बाहर आया और टंगे दुपट्टों में आग लगा दी.
दुकानदार ने शोरूम के CCTV कैमरों की फुटेज देखी. इसके आधार पर स्थानीय लोगों की मदद से युवक की पहचान कर उसे मवाना क्षेत्र के इस्लामिया मदरसे के पास पकड़ा गया. लोगों ने उसे पुलिस को सौंप दिया.
इसके बाद दुकानदार ने मवाना थाने में तहरीर देकर युवक के खिलाफ केस दर्ज करने और कार्रवाई की मांग की.
सीओ पंकज लवानिया ने बताया कि साड़ी शोरूम के बाहर दुपट्टों में आग लगाने का मामला सामने आया है. दुकानदार की तहरीर के आधार पर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
इसके साथ ही, मेरठ पुलिस ने मामले को लेकर सोशल मीडिया पोस्ट में जानकारी साझा की है. पुलिस ने कहा कि प्रकरण के संबंध में थाना मवाना पर सुसंगत धाराओ में अभियोग रजिस्टर किया गया. अग्रिम वैधानिक कार्यवाही की जा रही है.
(मेरठ से शुभम कुमार की रिपोर्ट)
यह भी पढ़ें | बागपत: राष्ट्रपति के बॉडीगार्ड को मारी गोली, दिवाली की छुट्टी पर आए थे गांव, ICU में लड़ रहे जिंदगी की जंग
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं