विज्ञापन

पटाखों को लेकर बागपत में बवाल, दिवाली की रात राष्ट्रपति भवन के सैनिक के सिर में लगी गोली

बागपत के गोपालपुर खदाना गांव में दीपावली की रात पटाखे चलाने को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया. आरोप है कि धीरज नामक युवक ने फायरिंग कर दी, जिसमें राष्ट्रपति भवन में तैनात सैनिक सौरभ के सिर में गोली लग गई.

पटाखों को लेकर बागपत में बवाल, दिवाली की रात राष्ट्रपति भवन के सैनिक के सिर में लगी गोली
NDTV

दीपावली की खुशियां उस वक्त दहशत में बदल गईं, जब पटाखों की गूंज के बीच अचानक गोलियां चलने लगीं. बागपत के रमाला थाना क्षेत्र स्थित गोपालपुर खदाना गांव में पटाखे छोड़ने को लेकर शुरू हुई कहासुनी देखते ही देखते खूनी संघर्ष में बदल गई. फायरिंग में राष्ट्रपति भवन में तैनात एक सैनिक के सिर में गोली लग गई, जबकि एक अन्य युवक भी घायल हो गया. दोनों को गंभीर हालत में मेरठ के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है. घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है और पुलिस आरोपी युवकों की तलाश में जुटी हुई है.

जानकारी के अनुसार, गोपालपुर खदाना गांव में दिवाली की रात करीब 9:15 बजे ग्रामीण त्योहार मना रहे थे. इसी दौरान जनकराज के बेटे विनीत, सौरभ और मिंटू अपने घर के सामने पटाखे चला रहे थे. आरोप है कि उसी समय वहां से गुजर रहे धीरज पुत्र इंद्रपाल की किसी बात को लेकर उनसे कहासुनी हो गई. देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और माहौल गरमा गया.

कहासुनी के बाद गोली चली दी

परिजनों का आरोप है कि कहासुनी के दौरान धीरज ने बंदूक निकाल लिया और जनकराज के परिवार पर फायरिंग कर दी. गोली सौरभ पुत्र जनकराज के सिर में जा लगी. गोली लगते ही सौरभ जमीन पर गिर पड़ा और मौके पर अफरा-तफरी मच गई. सौरभ की उम्र करीब 26-27 वर्ष बताई जा रही है और वह राष्ट्रपति भवन में सैनिक के पद पर तैनात है.

घटना यहीं नहीं रुकी. आरोप है कि धीरज का भाई मोनू उर्फ प्रवीण कुमार भी लाठी लेकर मौके पर पहुंच गया और उसने विनीत पर हमला कर दिया. इसके बाद दोनों पक्षों में जमकर मारपीट हुई. लाठी-डंडे चले और कई लोग घायल हो गए. हंगामे के बीच आरोपी मौके से फरार हो गए.

सूचना मिलने पर डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय पुलिस को घटना की जानकारी दी गई. इसके बाद रमाला थाना पुलिस, सीओ बड़ौत और एडिशनल एसपी मौके पर पहुंचे. अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और घायलों को उपचार के लिए पहले बड़ौत भेजा गया. वहां से उनकी गंभीर हालत को देखते हुए मेरठ के हायर सेंटर रेफर कर दिया गया.

पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही

पीड़ित पक्ष की ओर से जनकराज ने रात में ही थाने में तहरीर देकर धीरज और उसके भाई मोनू उर्फ प्रवीण कुमार के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कराया. पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है.

उधर जांच के दौरान विशेष पुत्र राजीव का नाम भी सामने आया है. पुलिस उसकी भी तलाश कर रही है. ग्रामीणों के मुताबिक विशेष अक्सर धीरज के साथ देखा जाता है. हालांकि पुलिस अभी पूरे मामले की जांच कर रही है और आरोपियों की भूमिका खंगाली जा रही है.

घटना के बाद पुलिस प्रशासन अलर्ट मोड में है. थाना प्रभारी राकेश शर्मा का कहना है कि धीरज, मोनू उर्फ प्रवीण कुमार और विशेष की तलाश जारी है. जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा किया जाएगा.

वहीं, दूसरी ओर अनवर गांव के रहने वाले घायल विकास ने आरोप लगाया कि दिन में पटाखे छोड़ने को लेकर विवाद हुआ था, जिसके बाद शाम को कुछ लोग लाठी-डंडों और धारदार हथियारों के साथ पहुंचे और हमला कर दिया. विकास का कहना है कि उसके सिर पर गंभीर चोट लगी है, जबकि परिवार की एक महिला का हाथ भी टूट गया. उसने दावा किया कि उनके पक्ष के सात से आठ लोग घायल हुए हैं. पुलिस अब दोनों पक्षों के दावों और घटनाक्रम की जांच कर रही है.

यह भी पढ़ें: मंडी में टला बड़ा हादसा, हाईटेंशन तार में फंसा रूसी पैराग्लाइडर, सुरक्षित बचाया गया

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Baghpat, Baghpat News, Diwali
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com