चीन की दिग्गज ऑटोमोबाइल कंपनी BYD के लग्जरी सब-ब्रांड Denza ने भारत में आधिकारिक तौर पर अपना कदम रख दिया है. कंपनी ने अपनी प्रीमियम इलेक्ट्रिक एमपीवी Denza D9 को भारतीय बाजार में लॉन्च कर दिया है. इसे 90 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) की शुरुआती कीमत पर पेश किया गया है, जो भारत में इस ब्रांड का पहला मॉडल है. इसको 10 लाख में प्री-रिजर्व किया जा सकता है. 7-सीटर लेआउट वाली इस कार को भारत में पूरी तरह से बनी-बनाई यूनिट (CBU) के रूप में इम्पोर्ट करके बेचा जाएगा. बाजार में ये गाड़ी सीधे तौर पर Toyota Vellfire, Lexus LM 350h और MG M9 जैसी अल्ट्रा-लग्जरी गाड़ियों को कड़ी टक्कर देगी. इस गाड़ी का भारत में आना काफी सही समय पर हुआ है क्योंकि देश में अब इस तरह की बड़ी लग्जरी गाड़ियों का क्रेज काफी तेजी से बढ़ रहा है.
लुक की बात करें तो Denza D9 एक ट्रेडिशनल लग्जरी एमपीवी की तरह क्लासी नजर आती है. इसमें एकदम सीधा फ्रंट नोज, ऊंची रूफलाइन और काफी लंबा व्हीलबेस दिया गया है. इसके फ्रंट में एक बड़ा और बोल्ड क्रोम ग्रिल मिलता है, जिसके दोनों तरफ पैनी प्रोजेक्टर हेडलाइट्स, LED DRLs और मस्कुलर बंपर दिए गए हैं जो इसे सड़क पर एक जबरदस्त रोड प्रेजेंस देते हैं. किनारे की तरफ इसमें स्पोर्टी दिखने वाले 18-इंच के अलॉय व्हील्स लगे हैं, जबकि पीछे की तरफ पाई-शेप डिजाइन वाली बेहद खूबसूरत एलईडी टेललाइट्स मिलती हैं.
काफी बड़ी और लग्जरी फील
साइज के मामले में ये गाड़ी काफी बड़ी है, जिसकी लंबाई 5,250 mm, चौड़ाई 1,960 mm, ऊंचाई 1,920 mm और व्हीलबेस 3,110 mm का है. इस गाड़ी में सामान रखने के लिए भी बहुत बड़ी जगह मिलती है. नॉर्मल स्थिति में इसका बूट स्पेस 410 लीटर का है, लेकिन पीछे की सीटों को पूरी तरह से फ्लैट फोल्ड करने के बाद ये बढ़कर पूरे 2,310 लीटर का एक बड़ा केबिन बन जाता है. कलर ऑप्शन की बात करें तो ग्राहक इसे व्हेल सी ब्लू, कॉस्मॉस ब्लू, स्टारी नाइट ग्रे और आर्कटिक व्हाइट जैसे कलर्स में खरीद सकते हैं. इसके अलावा लग्जरी फील के लिए इसमें सॉफ्ट-क्लोज इलेक्ट्रिक स्लाइडिंग डोर्स, पीछे बड़ा इलेक्ट्रिक टेलगेट और इलेक्ट्रिक सनशेड्स के साथ बड़ा पैनोरमिक सनरूफ मिलता है.

यह भी पढ़ें | बस 9 मिनट के चार्ज में दिल्ली से पटना, सबसे ज्यादा रेंज वाली इलेक्ट्रिक कार लॉन्च, जानें कीमत
ये एक बड़ी 7-सीटर लग्जरी एमपीवी है जिसमें 2+2+3 का सीटिंग लेआउट दिया गया है. इसके केबिन को ब्राउन, बेज और ब्लैक कलर की थीम पर तैयार किया गया है. इस गाड़ी में सबसे ज्यादा ध्यान पीछे बैठने वाले यात्रियों के आराम पर दिया गया है. इसकी दूसरी रो में पर्सनल कैप्टन सीटें दी गई हैं, जो इलेक्ट्रॉनिक एडजस्टमेंट, हीटिंग, वेंटिलेशन और मसाज जैसी सुविधाओं से लैस हैं. पीछे बैठने वाले यात्रियों के मनोरंजन और आराम के लिए अलग से टचस्क्रीन कंट्रोल्स और एंटरटेनमेंट स्क्रीन्स भी दी गई हैं.
15.6-इंच का टचस्क्रीन इंफोनेमेंट सिस्टम
ड्राइवर और फ्रंट पैसेंजर के लिए डैशबोर्ड पर 15.6-इंच का बड़ा फ्लोटिंग टचस्क्रीन इंफोनेमेंट सिस्टम और 10.25-इंच का फुल डिजिटल इंस्ट्रूमेंट डिस्प्ले दिया गया है. केबिन में थियेटर जैसे म्यूजिक के लिए 14 स्पीकर्स वाला प्रीमियम Dynaudio साउंड सिस्टम मिलता है. इसके अन्य फीचर्स में थ्री-जोन क्लाइमेट कंट्रोल, खूबसूरत एम्बिएंट लाइटिंग, 360-डिग्री कैमरा और सुरक्षा के लिए एडवांस ADAS सुइट शामिल है.
परफॉर्मेंस की बात करें तो Denza D9 में 115 kWh का एक बहुत बड़ा और दमदार बैटरी पैक दिया गया है, जो सिंगल चार्ज में पूरे 730 किमी तक की शानदार ड्राइविंग रेंज देने का दावा करता है. भारतीय बाजार में ये गाड़ी फ्रंट-व्हील-ड्राइव (FWD) सेटअप के साथ बेची जाएगी, जिसकी इलेक्ट्रिक मोटर मिलकर 455 hp की बेमिसाल पावर और 365 Nm का टॉर्क जनरेट करती है. आपको बता दें कि इसके विदेशी मार्केट्स में ऑल-व्हील-ड्राइव (AWD) का ऑप्शन भी मिलता है, लेकिन भारत में फिलहाल इसे सिंगल-मोटर फ्रंट-व्हील-ड्राइव के साथ ही उतारा गया है.
यह भी पढ़ें | सेकंड हैंड में बेस्ट है Hyundai की ये 7-सीटर SUV, लाखों की बचत, फीचर्स दमदार
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं