विज्ञापन

डर फैलाने के लिए कही 1.27 करोड़ हिंदू वोट कटने की बात, सीएम योगी साजिश रच रहे: अखिलेश यादव

अखिलेश यादव ने कहा, 'एक सीएम जो शपथ लेता है, वह कैसे इस तरह की बात कह सकता है. यह भी रहस्य की बात है कि चुनाव आयोग ने उन्हें कैसे जानकारी दी. उन्हें कैसे पता है कि 1 करोड़ 27 लाख हिंदू के वोट कट गए.'

डर फैलाने के लिए कही 1.27 करोड़ हिंदू वोट कटने की बात, सीएम योगी साजिश रच रहे: अखिलेश यादव
  • उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा था कि एसआईआर में 1.27 करोड़ हिंदू वोटरों के नाम कट गए हैं
  • अखिलेश यादव ने इस बयान को मुख्यमंत्री की साजिश करार देते हुए इसे बड़े षड्यंत्र का हिस्सा बताया
  • उन्होंने चुनाव आयोग पर भाजपा के साथ सांठगांठ का आरोप लगाते हुए वोटर लिस्ट में गड़बड़ी का सवाल उठाया
नई दिल्ली:

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पिछले दिनों एसआईआर में 1.27 करोड़ हिंदू वोटरों के नाम कटने की बात कही थी. अब इस पर अखिलेश यादव का कहना है कि यह सीएम योगी आदित्यनाथ की साजिश है और उनका यह बयान किसी बड़े षड्यंत्र का हिस्सा है. इसके अलावा अखिलेश ने यह भी कहा कि हम अपना वोट बचाने में कामयाब रहे हैं. इसके कारण यूपी के मुख्यमंत्री परेशान दिख रहे हैं. जब वोटर लिस्ट फाइनल होने लगी तो नई बात उन्होंने कह दी. उन्होंने कहा कि एक साजिश के तहत हिंदू वोटर कटने की बात कही गई. 

अखिलेश यादव ने कहा, 'एक सीएम जो शपथ लेता है, वह कैसे इस तरह की बात कह सकता है. यह भी रहस्य की बात है कि चुनाव आयोग ने उन्हें कैसे जानकारी दी. उन्हें कैसे पता है कि 1 करोड़ 27 लाख हिंदू के वोट कट गए. यही बात यदि हम कहें तो कहेंगे कि 1 करोड़ पीडीए का वोट कट गया. ऐसा लगता है कि अब इलेक्शन कमीशन ने उन्हें धमकाया है. अब वह 1 करोड़ 27 लाख की बात नहीं करेंगे. मैं उनके भाषण सुन रहा हूं और अब वह बात नहीं आ रही है.' सपा कार्यालय में मीडिया से बात करते हुए अखिलेश ने कहा कि कुछ नहीं मिला तो अब उनका डायलॉग है कि जाओ भैंस चराओ.

उन्होंने कहा कि भाजपा की सरकार आने के बाद  बहुत से लोगों के साथ भेदभाव हो रहा है. गोपालकों को अपशब्द कहकर एक तरह से भगवान गोपाल का ही अपमान किया गया है. यह अक्षम्य है. पहले राम मंदिर में चोरी हुई. अब भगवान कृष्ण पर वार कर रहे हैं. सनातन धर्म से अलग अपनी सत्ता स्थापित करने की कोशिश है. एक ही व्यक्ति के साइन से 100 से ज्यादा फॉर्म 7 भरे गए. इसके बाद चुनाव आयोग ने इसे बंद कराया. सपा के नगर अध्यक्ष से साइन कराकर बड़ी संख्या में सपा के ही वोटों को काट दिया गया. आखिर चुनवा आयोग के साथ भाजपा की क्या सांठगांठ हैं. सीएम को पता है कि 1.27 करोड़ हिंदू वोटरों के नाम कट गए हैं. उन्हें कैसे इस बात की जानकारी है. 

उन्होंने कहा कि अगर मान लें कि 1 करोड़ 27 लाख भाजपा का वोट कट गया तो फिर हर सीट पर 31 हजार वोट कट गया. अब भाजपा बड़ी साजिश में है. उत्तराखंड समेत अलग-अलग राज्यों से लोगों को लाया जा सकता है. ऐसी भी साजिश हो सकती है कि बाहर वोटर लिस्ट अलग होगी और अंदर अलग. वोटरों को यह कहकर विदा किया जा सकता है कि आपका नाम ही लिस्ट में नहीं है. इसलिए मेरा सुझाव है कि वोटर आई़डी मेटल का बने. हमें कोई आपत्ति नहीं है. भले ही इसका काम बाहरी लोगों को ही ठेके पर दिया जाए. यदि पीडीएस में बायोमीट्रिक हो सकता है तो फिर वोटर लिस्ट में ऐसा क्यों नहीं हो सकता. 

सपा नेता ने कहा कि यदि ये लोग नहीं बना सकते तो मैं जनता को भरोसा दिलाता हूं कि सत्ता में आने पर ऐसा करा देंगे. इंडिया गठबंधन और सपा तैय़ार हैं. आप तारीखें तय की कीजिए. जिस दिन डेट का ऐलान होगा, उसी दिन भाजपा हार जाएगी. कुछ लोगों को परमानेंट यहां पर रहना होगा.

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Akhilesh Yadav, Akhilesh Yadav News, Akhilesh Yadav 2027, India News Hindi, India News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com