बिहार के चर्चित यूट्यूबर और सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर मनीष कश्यप एक बार फिर सुर्खियों में हैं. हालांकि इस बार वजह कोई राजनीतिक बयान या विवाद नहीं, बल्कि उनकी निजी जिंदगी है. मनीष कश्यप ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर बताया कि उनकी जिंदगी में कौन है. मनीष कश्यप ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट साझा करते हुए अपनी खुशी जाहिर की. उन्होंने लिखा, "हमसफर का साथ मिला है, अब ज़िंदगी का हर सफ़र खूबसूरत होगा. एक नई शुरुआत, नए सपनों के साथ."
इस पोस्ट के बाद उनके समर्थक और फॉलोअर्स लगातार उन्हें शुभकामनाएं दे रहे हैं.
कौन हैं अनुष्का शर्मा?
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, अनुष्का शर्मा बिहार के औरंगाबाद जिले के दाउदनगर की रहने वाली हैं. उन्होंने पटना विश्वविद्यालय से मास कम्युनिकेशन की पढ़ाई की है. पढ़ाई के दौरान ही उनकी रुचि छात्र राजनीति में भी रही और वह विश्वविद्यालय की गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी करती रही हैं.
अनुष्का का नाम उस समय चर्चा में आया था जब उन्होंने पटना विश्वविद्यालय छात्र संघ चुनाव में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) की ओर से अध्यक्ष पद का चुनाव लड़ा था. छात्र राजनीति में सक्रिय भूमिका निभाने के कारण उनकी पहचान विश्वविद्यालय परिसर में काफी चर्चित रही है.
कौन हैं मनीष कश्यप?
मनीष कश्यप बिहार के पश्चिमी चंपारण के रहने वाले हैं. कुछ साल पहले उन्होंने यूट्यूब वीडियो के जरिए अपनी अलग पहचान बनाई. हालांकि उन्होंने राजनीति में भी हाथ आजमाया. अप्रैल 2024 में उन्होंने भारतीय जनता पार्टी (BJP) की सदस्यता ली थी. फिर बाद में उन्होंने बीजेपी छोड़कर प्रशांत किशोर की जन सुराज पार्टी का दामन थाम लिया.
2025 के बिहार विधानसभा चुनाव में उन्होंने पश्चिम चंपारण की चनपटिया विधानसभा सीट से जन सुराज के टिकट पर चुनाव लड़ा था, लेकिन उन्हें जीत नहीं मिली.
यह भी पढ़ें: चक्रवात अर्नब का भयावह चेहरा: टनों मलबे के नीचे दफन हुआ पूरा गांव, 2 शव मिले, 10 अब भी लापता
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं