विज्ञापन

1700KM की रेंज और लग्जरी फीचर्स, 1-BHK फ्लैट बन जाती है ये SUV, जानें कीमत

Xiaomi Skynomad N90 Max Studio Edition के साथ केवल गाड़ी नहीं बल्कि फ्लैट भी मिलती है. इसके साथ कई दमदार फीचर्स मिलते हैं. आइए आपको इसकी पूरी डिटेल्स बताते हैं.

1700KM की रेंज और लग्जरी फीचर्स, 1-BHK फ्लैट बन जाती है ये SUV, जानें कीमत
Xiaomi SkyNomad N90 Max Studio
Xiaomi Planet

अक्सर लोग बड़े साइज की SUV कारों को उनके शानदार केबिन स्पेस की वजह से मजाक में "पहियों पर चलता-फिरता फ्लैट" (Apartments on Wheels) कह देते हैं. लेकिन क्या हो अगर हम आपको बताएं कि मार्केट में एक ऐसी SUV बिक रही है जो बिना किसी एडिशनल एक्सेसरी के एक फ्लैट का काम कर सकती है? चौंक गए न? हम आपको चीन की दिग्गज टेक कंपनी Xiaomi की एक ऐसी ही SUV के बारे में बताने जा रहे हैं, जो घर की सभी सुख-सुविधाओं को फेल कर देती है.

हम यहां पर बात कर रहे हैं Xiaomi Skynomad N90 Max Studio Edition की. इसे हाल ही में चीनी टेक दिग्गज Xiaomi ने अपने सबसे फ्लैगशिप मॉडल के रूप में पेश किया है. जहां इसके N70 वेरिएंट्स सामान्य 5-सीटर मॉडल्स हैं, वहीं N90 सीरीज में 7-सीटर का ऑप्शन मिलता है. लेकिन इसका सबसे टॉप-एंड मॉडल N90 Max एक कदम और आगे निकल जाता है. ये एक ऐसी 5-सीटर गाड़ी है जिसे कंपनी ने बकायदा टू-लेवल लॉफ्ट लेआउट मोबाइल घर के रूप में डिजाइन किया है. इसमें मिलने वाली सुविधाएं किसी फ्लैट से कम नहीं है. 

Xiaomi Skynomad N90: दो मंजिला केबिन और हीटिंग फ्लोर

Xiaomi Skynomad N90 Max Studio Edition की सबसे बड़ी खासियत इसका दो मंजिला केबिन है. इसमें फैक्ट्री-फिटेड और लिफ्टिंग रूफ दी गई है, जो बटन दबाते ही ऊपर उठकर एक लॉफ्ट-स्टाइल की दूसरी मंजिल तैयार कर देती है. इसकी छत लगभग 100 mm तक ऊपर उठ जाती है, जिससे ऊपरी हिस्से में एक एक्स्ट्रा बेडरूम बन जाता है. इस लॉफ्ट बेडरूम में एक बेड बोर्ड और 30 mm का आरामदायक मैट्रेस दिया गया है, जो 200 किलोग्राम तक का वजन बहुत आसानी से संभाल सकता है. कंपनी का दावा है कि छत पूरी तरह ऊपर उठने के बाद 1.8 मीटर (करीब 6 फीट) तक की हाइट वाला इंसान भी इसके पिछले हिस्से में बहुत आसानी से सीधा खड़ा हो सकता है.

Latest and Breaking News on NDTV

इसके अलावा, कार के अंदर आराम करने के लिए इसके पिछले हिस्से की सीटों को महज 30 सेकंड के भीतर 1.87×1.24 मीटर के एक बड़े डबल बेड में बदला जा सकता है. इस सीट को आप 40:60 के रेशियो में अपनी जरूरत के हिसाब से अलग-अलग भी फोल्ड कर सकते हैं. सर्दियों में गर्माहट के लिए केबिन के फर्श पर 1.7 स्क्वायर मीटर का वुड-फिनिश एल्युमिनियम हीटिंग फ्लोर दिया गया है, जिसे आप तीन अलग-अलग सेटिंग्स के जरिए 38 डिग्री सेल्सियस तक गर्म रख सकते हैं.

एंटरटेनमेंट और लग्जरी का पूरा पैकेज

अगर आपको लगता है कि इस गाड़ी के फीचर्स यहीं खत्म हो जाते हैं, तो आपको इस कार में मिलने वाली लग्जरी सुविधाओं की ये लिस्ट जरूर देखनी चाहिए जो शायद किसी नॉर्मल फ्लैट में भी न मिले.

Latest and Breaking News on NDTV
  • थिएटर जैसा मजा: केबिन के अंदर मनोरंजन के लिए पूरे 30-इंच का इंटीग्रेटेड प्रोजेक्टर स्क्रीन दिया गया है, जिसे आप केबिन के बीच में पार्टीशन बनाकर प्राइवेसी के लिए भी इस्तेमाल कर सकते हैं.
  • शानदार कम्फर्ट: चैन की नींद सोने के लिए खिड़कियों पर ब्लैकआउट पर्दे, ऊपरी मंजिल के लिए अलग से स्पेशल एसी वेंट्स, ऊपर ही मोबाइल चार्जिंग के लिए 18W का फास्ट चार्जिंग पोर्ट और साइड में चीजें टांगने के लिए मैग्नेटिक माउंटिंग पॉइंट्स दिए गए हैं.
  • काम के फीचर्स: बेड के पास ही एक फ्लोटिंग बेडसाइड टेबल, सामान रखने के लिए 20 लीटर का बड़ा केबिन कैबिनेट, 4,000K वार्म रिंग लाइट के साथ 11.5-इंच का वैनिटी मिरर और बड़े इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस चलाने के लिए 220V और 15V के पावर सॉकेट्स दिए गए हैं.

पावर और रेंज

घर जैसी खूबियों के बाद अब बात करते हैं इसकी कार वाली परफॉर्मेंस की, क्योंकि आखिरकार इसे सड़क पर दौड़ना भी है. इस गाड़ी में 1.5-लीटर का टर्बो-पेट्रोल रेंज एक्सटेंडर इंजन दिया गया है. आपको बता दें कि ये पेट्रोल इंजन गाड़ी को चलाने के लिए नहीं, बल्कि केवल जनरेटर की तरह बैटरी को बिजली सप्लाई करने का काम करता है. जिसके साथ डुअल-मोटर ऑल-व्हील-ड्राइव (AWD) सिस्टम मिलता है. इसमें 76 kWh की बड़ी NMC बैटरी लगी है जो रोजमर्रा के कामों के लिए इसे एक प्योर इलेक्ट्रिक कार बना देती है.

Latest and Breaking News on NDTV

इस पावरट्रेन के दम पर ये गाड़ी केवल बैटरी पर 460 किमी की रेंज दे देती है. वहीं, पेट्रोल इंजन और बैटरी दोनों को मिलाकर इसकी कुल कंबाइंड रेंज पूरे 1,700 किमी से भी ज्यादा की है. इतनी भारी और दो मंजिला छत होने के बावजूद ये कार रफ्तार के मामले में किसी स्पोर्ट्स कार जैसी है, जो महज 5.9 सेकंड में 0 से 100 किमी प्रति घंटे की रफ्तार पकड़ लेती है. इसकी मोटर्स मिलकर पूरे 415 bhp की पावर और 190 किमी प्रति घंटे की टॉप स्पीड देती हैं.

मॉडर्न टेक्नोलॉजी से लैस

Xiaomi का प्रोडक्ट होने के नाते ये SUV टेक्नोलॉजी से भरी है. इसके डैशबोर्ड पर 6.1-इंच का 3K रिजॉल्यूशन वाला प्राइमरी टचस्क्रीन, ड्राइवर के लिए 8.88-इंच का डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर, सामने विंडशील्ड पर 20-इंच का बड़ा हेड्स-अप डिस्प्ले (HUD) और पीछे बैठे यात्रियों के लिए 21.4-इंच की बड़ी स्क्रीन दी गई है. ये पूरा सिस्टम Xiaomi के सबसे एडवांस HyperOS ऑपरेटिंग सिस्टम पर काम करता है.

सुरक्षा के मामले में भी Xiaomi ने इस कार से समझौता नहीं किया है. इसमें चारों तरफ पूरे 12 एयरबैग्स, 11 हाई-डेफिनिशन कैमरे, 12 अल्ट्रासोनिक रडार, एडवांस ड्राइवर असिस्टेंस के 25 फीचर्स (ADAS) और तंग जगहों पर ऑटोमैटिक पार्किंग के लिए एडवांस LiDAR सेंसर जैसी बेहद सुरक्षित और आधुनिक तकनीकें दी गई हैं. अगर हम इसकी कीमत की बात करें, तो चीनी बाजार में Xiaomi की इस Skynomad N90 Max Studio Edition की कीमत भारतीय रुपयों के हिसाब से करीब 45 लाख रुपये है.

यह भी पढ़ें | E85 पेट्रोल पर चलेगी नई Innova Hycross, आज होगी लॉन्च, माइलेज भी दमदार, जानें संभावित फीचर्स

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Xiaomi, Car, SUV, Skynomad Car
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com