विज्ञापन

दिल्ली विधानसभा में गाड़ी घुसाने वाले की पहली तस्वीर आई सामने, बुके के साथ हाथ में पेपर भी थे

दिल्ली विधानसभा में सोमवार को एक शख्स बैरिकेड तोड़कर कार लेकर अंदर तक घुस गया. उसने वहां स्पीकर के दफ्तर के पास गुलदस्ता रखा और फिर गेट से बाहर निकल गया.

दिल्ली विधानसभा में गाड़ी घुसाने वाले की पहली तस्वीर आई सामने, बुके के साथ हाथ में पेपर भी थे
कार का ड्राइवर सरबजीत हाथ में गुलदस्ते के साथ.
  • दिल्ली विधानसभा के गेट नंबर दो से एक नकाबपोश व्यक्ति कार लेकर बैरियर तोड़कर अंदर घुस गया था
  • आरोपी ने विधानसभा स्पीकर के दफ्तर के बाहर गुलदस्ता रखा और स्पीकर की गाड़ी पर स्याही फेंकी थी
  • घटना के बाद आरोपी कार में बैठकर उसी गेट से बाहर निकल गया और अभी तक फरार है
क्या हमारी AI समरी आपके लिए उपयोगी रही?
हमें बताएं।
नई दिल्ली:

दिल्ली विधानसभा परिसर में बैरियर तोड़कर घुसने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. उसकी गाड़ी भी पुलिस ने जब्त कर ली है. पुलिस ने आरोपी समेत तीन लोगों को हिरासत में लिया है. आरोपी कार लेकर सोमवार दोपहर दिल्ली विधानसभा में बैरियर तोड़कर अंदर तक जा घुसा था. वहां उसने स्पीकर के दफ्तर के पास गुलदस्ता रखा और फिर वहां से फरार हो गया था. घटना के वक्त स्पीकर विजेंद्र गुप्ता भी विधानसभा में ही थे.

जानकारी के मुताबिक, दिल्ली विधानसभा के गेट नंबर-2 से शख्स कार लेकर घुसा था. घटना के वक्त गेट पर सीआरपीएफ तैनात थी. आरोपी शख्स बैरिकेडिंग तोड़कर अंदर घुसा. आरोपी के पास एक गुलदस्ता, हार और एक बैग भी था. अंदर आने के बाद आरोपी स्पीकर की गाड़ी के अंदर बैठा और गुलदस्ता रखा. इसके बाद आरोपी कार लेकर वहां से भागने में कामयाब रहा था.

अब पुलिस ने आरोपी के साथ दो और लोगों को पकड़ा है. बताया जा रहा है कि गाड़ी सरबजीत सिंह चला रहा था. वहीं, उसकी गाड़ी को उत्तरी दिल्ली के रूप नगर से बरामद किया गया है.

यह भी पढ़ेंः दिल्ली विधानसभा को तीन दिनों में लगातार तीसरी बार बम की धमकी मिली

विधानसभा में क्या हुआ था?

अधिकारियों ने बताया कि सोमवार दोपहर को एक नकाबपोश व्यक्ति कार लेकर दिल्ली विधानसभा परिसर के बाउंड्री गेट तोड़कर अंदर घुस गया, जिसके बाद हड़कंप मच गया. उन्होंने बताया कि यूपी रजिस्ट्रेशन नंबर वाली यह कार दोपहर करीब 2 बजे गेट नंबर-2 को तोड़कर विधानसभा परिसर में दाखिल हुई.

दिल्ली सचिवालय के एक अधिकारी ने बताया कि ड्राइवर विधानसभा स्पीकर विजेंद्र गुप्ता के दफ्तर की तरफ बढ़ा और वहां के बरामदे के पास फूलों का एक गुलदस्ता रखकर वापस चला गया. 

सचिवालय के अधिकारी ने कहा कि इस घटना ने सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंताएं खड़ी कर दी हैं और अधिकारी इसे एक संभावित सुरक्षा में सेंध के तौर पर देख रहे हैं. यह घटना हाल ही में खत्म हुए बजट सत्र के दौरान विधानसभा को मिली बम की धमकियों के ठीक बाद हुई है.

यह भी पढ़ेंः CAG रिपोर्ट पर बहस, प्रवेश वर्मा ने सदन में केजरीवाल को लेकर लगाए ये आरोप

सुरक्षा में चूक से गिरफ्तारी तक, क्या-क्या हुआ?

  • सुरक्षा में चूक: आरोपी के चेहरे पर नकाब था. वह दोपहर करीब 2 बजकर 5 मिनट पर विधानसभा के अंदर दाखिल हुआ. वह गेट नंबर-2 से अंदर आया, जो सिर्फ VIP लोगों की एंट्री के लिए है.
  • गुलदस्ता रखकर फरार: आरोपी बैरियर तोड़कर अंदर घुसा. उसने कार रोकी, उतरा, गुलदस्ता और कुछ कागज रखे और फिर कार लेकर फरार होने में कामयाब रहा.
  • गाड़ी के बारे में क्या पता चला: सफेद रंग की टाटा सिएरा गाड़ी थी, जिसका रजिस्ट्रेशन नंबर यूपी का था. गाड़ी का नंबर UP26AZ8090 बताया जा रहा है.
  • आरोपी गिरफ्तार: आरोपी गेट नंबर-2 से ही भाग गया था. बाहर निकलने के बाद गाड़ी को दिल्ली यूनिवर्सिटी की तरफ जाते देखा गया था. पुलिस ने गाड़ी को बरामद कर लिया है और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है.

घटना के वक्त स्पीकर कहां थे?

जब यह घटना हुई तब विधानसभा स्पीकर विजेंद्र गुप्ता अपने दफ्तर में मौजूद थे. इस घटना से ठीक पहले दोपहर लगभग 1:30 बजे उन्होंने शिक्षा विभाग के ऑफिस का दौरा किया था, जो विधानसभा परिसर के भीतर ही है. इसके बाद वह अपने दफ्तर वापस आ गए और कुछ समय बाद यह घटना हो गई.

अभी क्या है हाल?

इस घटना को सुरक्षा में चूक माना जा रहा है और जांच शुरू कर दी गई है. मौके पर पहुंचकर बॉम्ब स्क्वॉड ने गुलदस्ते की भी जांच की. गुलदस्ते में कोई विस्फोटक या संदिग्ध चीज नहीं मिली. फिलहाल मौके पर सुरक्षा कड़ी है. दिल्ली पुलिस कमिश्नर सतीश गोलचा और स्पेशल सेल के कमिश्नर अनिल शुक्ला विधानसभा में मौजूद हैं.

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com