विज्ञापन

FBI वांटेड हरमनवीर सिंह गिरफ्तार; कनाडा से अमेरिका तक फैला था ड्रग नेटवर्क, रविंदर धांधा गैंग के खुलेंगे राज

अमेरिका, कनाडा और मैक्सिको में फैले कथित ड्रग तस्करी नेटवर्क के एक अहम सदस्य को कैलिफोर्निया से गिरफ्तार किया गया है. FBI की वांटेड लिस्ट में शामिल हरमनवीर सिंह की गिरफ्तारी से अंतरराष्ट्रीय ड्रग सिंडिकेट के कई राज खुलने की उम्मीद जताई जा रही है.

FBI वांटेड हरमनवीर सिंह गिरफ्तार; कनाडा से अमेरिका तक फैला था ड्रग नेटवर्क, रविंदर धांधा गैंग के खुलेंगे राज
  • कैलिफोर्निया के स्टॉकटन से हरमनवीर सिंह गिरफ्तार, कोकीन और मेथामफेटामाइन की तस्करी की साजिश में नाम
  • रविंदर धांधा ऑर्गेनाइज्ड क्राइम ग्रुप से जुड़े होने का आरोप, जून 2026 में अमेरिकी अदालत ने जारी किया था वारंट
  • अमेरिका, कनाडा और मैक्सिको में ड्रग तस्करी नेटवर्क संचालित करने का दावा
कैलिफोर्निया:

FBI Wanted Harmanveer Singh Arrested: अंतरराष्ट्रीय ड्रग तस्करी से जुड़े एक बड़े मामले में अमेरिकी एजेंसियों को महत्वपूर्ण सफलता मिली है. कनाडा के वैंकूवर स्थित कथित संगठित अपराध नेटवर्क “रविंदर धांधा ऑर्गेनाइज्ड क्राइम ग्रुप” से जुड़े वांटेड आरोपी हरमनवीर सिंह को कैलिफोर्निया में गिरफ्तार कर लिया गया है. अधिकारियों के अनुसार हरमनवीर सिंह पर अमेरिका, कनाडा और मैक्सिको में सक्रिय ड्रग तस्करी संगठनों के लिए बड़े पैमाने पर कोकीन और मेथामफेटामाइन की तस्करी करने की साजिश में शामिल होने का आरोप है. अमेरिकी जांच एजेंसियां लंबे समय से उसकी तलाश कर रही थीं. गिरफ्तारी के बाद अब उससे पूछताछ की जा रही है और पूरे नेटवर्क के संचालन की भी जांच आगे बढ़ाई जाएगी.

कैलिफोर्निया में हुई गिरफ्तारी

अधिकारियों के मुताबिक हरमनवीर सिंह को मंगलवार सुबह कैलिफोर्निया के स्टॉकटन शहर में गिरफ्तार किया गया. यह कार्रवाई कैलिफोर्निया हाईवे पेट्रोल (CHP) के अधिकारियों ने की. हरमनवीर सिंह को अमेरिकी जांच एजेंसी FBI लंबे समय से तलाश रही थी. उसके खिलाफ पहले ही गिरफ्तारी वारंट जारी किया जा चुका था और उसे वांछित घोषित किया गया था.

FBI Wanted Harmanveer Singh Arrested: कौन है एफबीआई वांटेड हरमनवीर सिंह

FBI Wanted Harmanveer Singh Arrested: कौन है एफबीआई वांटेड हरमनवीर सिंह

अंतरराष्ट्रीय ड्रग नेटवर्क से कनेक्शन का आरोप

जांच एजेंसियों का आरोप है कि हरमनवीर सिंह एक अंतरराष्ट्रीय आपराधिक संगठन का हिस्सा था, जो मादक पदार्थों की तस्करी और उनके अवैध वितरण की साजिश में शामिल था.

यह संगठन कथित तौर पर “रविंदर धांधा ऑर्गेनाइज्ड क्राइम ग्रुप” के नाम से जाना जाता है और इसका संचालन कनाडा के वैंकूवर क्षेत्र से किया जाता था.

अमेरिकी अधिकारियों के अनुसार यह नेटवर्क अमेरिका, कनाडा और मैक्सिको में सक्रिय विभिन्न ड्रग तस्करी संगठनों तक बड़ी मात्रा में कोकीन और मेथामफेटामाइन पहुंचाने का काम करता था.

जून 2026 में जारी हुआ था वारंट

जानकारी के अनुसार 23 जून 2026 को कैलिफोर्निया के लॉस एंजिल्स स्थित यूनाइटेड स्टेट्स डिस्ट्रिक्ट कोर्ट (सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट ऑफ कैलिफोर्निया) ने हरमनवीर सिंह के खिलाफ संघीय गिरफ्तारी वारंट जारी किया था. उस पर प्रतिबंधित मादक पदार्थों (Controlled Substances) के डिस्ट्रीब्यूशन की साजिश, वितरण के उद्देश्य से मादक पदार्थ रखने और नशे प्रतिबंधित ड्रग्स के निर्यात की साजिश जैसे गंभीर आरोप लगाए गए थे.

FBI ने जारी की थी तलाश सूचना

गिरफ्तारी से पहले FBI ने हरमनवीर सिंह के बारे में सार्वजनिक सूचना जारी कर आम लोगों से उसकी जानकारी साझा करने की अपील की थी. एजेंसी का कहना था कि वह अंतरराष्ट्रीय ड्रग तस्करी नेटवर्क का अहम सदस्य माना जाता है और उसकी गिरफ्तारी से नेटवर्क के अन्य सदस्यों तक पहुंचने में मदद मिल सकती है.

पूरे नेटवर्क की जांच जारी

अमेरिकी एजेंसियां अब यह पता लगाने में जुटी हैं कि नेटवर्क के अन्य सदस्य कौन हैं और ड्रग तस्करी के लिए किन मार्गों तथा तरीकों का इस्तेमाल किया जाता था. जांचकर्ताओं का मानना है कि हरमनवीर सिंह की गिरफ्तारी से अंतरराष्ट्रीय स्तर पर फैले इस कथित ड्रग तस्करी नेटवर्क के बारे में कई महत्वपूर्ण जानकारियां सामने आ सकती हैं. फिलहाल आरोपी को हिरासत में लेकर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है और मामले की जांच जारी है.

यह भी पढ़ें : FBI की मोस्ट वांटेड लिस्ट में शामिल भारत का हरमनवीर सिंह, अमेरिका, कनाडा, मैक्सिको तक फैला ड्रग्स नेटवर्क

यह भी पढ़ें : कौन है पंजाब का पुलिसकर्मी गुरिंदरजीत सिंह नागरा, जिसका नाम FBI लिस्ट में; अब अरेस्ट

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Harmanveer Singh In FBI Most Wanted List, Drug Trafficking Case, FBI Wanted List, US Crime News, Cocaine Smuggling
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com