विज्ञापन

दृश्यम फिल्म देखकर जिगरी दोस्त का मर्डर! सोने की चेन के लिए चाकू से हमला, फिर पेट्रोल डालकर जला दिया शव

ठाणे के ब्रह्मांड इलाके में दो नाबालिगों ने सोने की चेन की लालच में 17 साल के जिगरी दोस्त प्रज्योत कांबले की हत्या कर दी. आरोपियों ने दृश्यम फिल्म जैसी साजिश रची.

दृश्यम फिल्म देखकर जिगरी दोस्त का मर्डर! सोने की चेन के लिए चाकू से हमला, फिर पेट्रोल डालकर जला दिया शव
नाबालिगों ने किया जिगरी दोस्त का मर्डर (Photo: NDTV)
थाणे:

महाराष्ट्र के ठाणे में दो नाबालिग लड़कों ने दृश्यम फिल्म से प्रेरित होकर अपने 17 वर्षीय जिगरी दोस्त की बेरहमी से हत्या कर दी. हत्याकांड के पीछे की वजह सिर्फ सोने की एक चेन थी. दोस्तों ने चेन की लालच में अपने जिगरी की हत्या कर दी. मृतक का नाम प्रज्योत कांबले बताया जा रहा है. पुलिस जांच को गुमराह करने के लिए आरोपियों ने पूरी तरह से फिल्मी साजिश रची, लेकिन सीसीटीवी और तकनीकी जांच ने उनके प्लान की पोल खोल दी. ठाणे के ब्रम्हांड, आजाद नगर इलाके का रहने वाला प्रज्योत 24 सितंबर की शाम करीब 7 बजे लापता हो गया था. वारदात के अगले दिन उसके पिता ने कासारवडवली पुलिस स्टेशन में अपहरण का मामला दर्ज कराया है.

पुलिस की पूछताछ में खुलासा...

जांच के दौरान, पुलिस ने प्रज्योत के एक दोस्त से पूछताछ की, जिसने पुलिस को गुमराह करने के लिए कहा कि प्रज्योत एक अनजान लड़के के साथ बाइक से घोडबंदर की ओर गया था. लेकिन जब पुलिस ने उस रूट के करीब 80 से 90 सीसीटीवी फुटेज खंगाले, तो कहानी झूठी निकली. तकनीकी जांच और मोबाइल लोकेशन के आधार पर पुलिस ने फिर से उसी दोस्त से कड़ाई से पूछताछ की, तब जाकर इस हत्या का पर्दाफाश हुआ.

पुलिस के मुताबिक, प्रज्योत के गले में सोने की चेन थी. उसके दो नाबालिग दोस्तों ने उसी चेन के लिए यह साजिश रची. एक दोस्त अपना जन्मदिन मनाना चाहता था, जबकि दूसरे को बाइक खरीदनी थी. 24 सितंबर को सिगरेट पीने के बहाने वे प्रज्योत को ब्रह्मांड फेज-2 के पास एक सुनसान झाड़ियों वाले इलाके में ले गए. वहां उन्होंने उसे चाकू घोंपकर और पत्थर से कुचलकर मार डाला.

सबूत मिटाने के लिए उन्होंने शव पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी. पुलिस को चकमा देने के लिए उन्होंने प्रज्योत का मोबाइल एक बस में फेंक दिया, जिससे दृश्यम फिल्म की प्लॉट की तरह इस रियल लाइफ मर्डर में भी मृतक का लोकेशन ट्रेस न हो सके. लेकिन पुलिस की जांच के आगे उनकी यह साजिश नाकाम हो गई.

दोनों नाबालिग आरोपियों को हिरासत में ले लिया गया है और उन्होंने अपना जुर्म कबूल कर लिया है. कासारवडवली पुलिस स्टेशन के रिटायर्ड सीनियर पुलिस इंस्पेक्टर कोल्हटकर के मार्गदर्शन में आगे की जांच जारी है.

वारदात के बाद, परिमंडल-5 के पुलिस उपायुक्त DCP प्रशांत कदम ने माता-पिता से अपील की है कि वे अपने बच्चों की गतिविधियों, उनके दोस्तों, सोशल मीडिया एक्टिविटी और उनके व्यवहार में आ रहे बदलावों पर कड़ी नजर रखें. उन्होंने आगाह किया है कि फिल्मों के गलत प्रभाव से बच्चों को बचाने के लिए माता-पिता को उनसे खुलकर बातचीत करनी चाहिए और जागरूक रहना चाहिए.

यह भी पढ़ें | कनाडा में दोहरे हत्याकांड के 4 साल बाद गिरफ्तारी, भारतीय मूल का है आरोपी; 2022 में कार के अंदर मिले थे शव

यह भी पढ़ें | हाथ बंधे हुए, मुंह पर टेप... गुरुग्राम में घर में अकेली रही महिला की बेरहमी से हत्या, कई सामान गायब

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Maharashtra, Thane, Thane Crime, Thane Police, Murder
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com