- MP के खरगोन जिले के कसरावद क्षेत्र में एआई से बनाई गई बब्बर शेर की फर्जी तस्वीर ने पूरे गांव में दहशत फैला दी
- 14 वर्षीय नाबालिग ने मजाक में एआई की मदद से शेर की तस्वीर बनाई और सोशल मीडिया पर वायरल कर दी
- तस्वीर वायरल होने के बाद ग्रामीणों में अफरातफरी मच गई और कई किसानों ने खेतों में जाने से भी परहेज किया
"गांव में बब्बर शेर आ गया, शेर आ गया..." आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का इस्तेमाल जहां नई तकनीक और सुविधाओं के लिए किया जा रहा है, वहीं इसका गलत इस्तेमाल लोगों के लिए परेशानी का सबब भी बन रहा है. मध्य प्रदेश के खरगोन जिले के कसरावद क्षेत्र में एआई से बनाई गई बब्बर शेर की एक फर्जी तस्वीर ने पूरे गांव में दहशत फैला दी. तस्वीर सोशल मीडिया पर वायरल होते ही ग्रामीणों में हड़कंप मच गया. हालात ऐसे हो गए कि खेतों में काम करने वाले किसान भी रातभर डर के साये में रहे. यहां तक की वन विभाग की टीम भी शेर पकड़ने के लिए गांव में पहुंच गई.
मामला ग्राम पानवा का है, जहां शुक्रवार रात एक 14 वर्षीय नाबालिग ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की मदद से बब्बर शेर की तस्वीर तैयार की. इसके बाद उसने सोशल मीडिया पर तस्वीर पोस्ट करते हुए दावा कर दिया कि गांव में बब्बर शेर आ गया है. देखते ही देखते यह तस्वीर वायरल हो गई और आसपास के इलाके में भी शेर आने की खबर फैलने लगी. ऐसे में गांव के लोग घरों में ही बैठे रहे. पूरे गांव में सन्नाटा छा गया. गांव में शेर आने की खबर सुन वन विभाग की टीम भी लोगों की मदद के लिए पहुंच गई.
कागजी शेर को सच मान बैठे ग्रामीण
सोशल मीडिया पर शेर की तस्वीर सामने आने के बाद गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया. ग्रामीणों को आशंका होने लगी कि कहीं शेर उनके घरों या खेतों के आसपास न पहुंच जाए. खासकर खेतों में काम करने वाले किसान और रात के समय बाहर रहने वाले लोग ज्यादा घबरा गए. दहशत का असर यह हुआ कि कई लोगों ने रात में अपने घरों के दरवाजे बंद कर लिए. वहीं, कुछ किसानों ने खेतों में जाना तक बंद कर दिया. गांव में हर तरफ शेर के आने की चर्चा होने लगी. लोग एक-दूसरे से तस्वीर की सच्चाई जानने की कोशिश करते रहे, लेकिन शुरुआत में किसी को इसकी असलियत का अंदाजा नहीं था.

वन विभाग की टीम ने की जांच
गांव में शेर आने की सूचना मिलने के बाद वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची. टीम ने पूरे मामले की जांच की और ग्रामीणों से जानकारी जुटाई. जांच के दौरान सामने आया कि सोशल मीडिया पर वायरल हो रही बब्बर शेर की तस्वीर असली नहीं है, बल्कि उसे आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की मदद से तैयार किया गया था. इसके बाद वन विभाग की टीम ने तस्वीर की सच्चाई स्पष्ट की और बताया कि गांव में शेर आने की खबर का कोई सबूत नहीं है. इससे ग्रामीणों ने राहत की सांस ली.

ये भी पढ़ें:- फोटो से छेड़छाड़ के बढ़ते मामलों के बीच यामी गौतम ने की अपील, तस्वीर को बेहतर दिखाने के लिए भी ना करें एडिट
मजाक में बनाई थी AI तस्वीर
पूछताछ के दौरान तस्वीर पोस्ट करने वाले 14 वर्षीय नाबालिग ने स्वीकार किया कि उसने महज मजाक-मस्ती के लिए एआई की मदद से बब्बर शेर की तस्वीर बनाई थी. इसके बाद उसने इसे सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दिया. हालांकि, उसे अंदाजा नहीं था कि उसकी इस हरकत से पूरे गांव में दहशत फैल जाएगी और लोग रातभर परेशान रहेंगे. इस घटना ने एक बार फिर सोशल मीडिया पर बिना जांचे-परखे तस्वीरों और सूचनाओं को साझा करने के खतरों को उजागर किया है. एआई से तैयार की गई तस्वीरें कई बार इतनी वास्तविक दिखाई देती हैं कि लोग आसानी से उन्हें सच मान लेते हैं.
ये भी पढ़ें:- 'AI से मुझे डर लगता है', NDTV वर्ल्ड समिट में कृति सेनन ने पर्सनैलिटी राइट्स और कानूनों की जरूरत पर की बात
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं