महाराष्ट्र में मिलावटी और असुरक्षित खाद्य पदार्थों के खिलाफ खाद्य एवं औषधि प्रशासन (FDA) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए हजारों कारोबारियों पर शिकंजा कसा है. 30 सितंबर तक चलाए गए विशेष अभियान में विभाग ने 19,713 स्थानों पर जांच और छापेमारी की. इस दौरान नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करते हुए 892 फूड लाइसेंस निलंबित कर दिए गए, जबकि करोड़ों रुपये का माल जब्त किया गया.
FDA के अनुसार, राज्यभर में खाने-पीने की वस्तुओं की गुणवत्ता और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए व्यापक स्तर पर निरीक्षण अभियान चलाया गया. जांच के दौरान कई स्थानों पर खाद्य सुरक्षा मानकों का उल्लंघन सामने आया. इसके बाद विभाग ने कार्रवाई करते हुए कुल 892 फूड लाइसेंस निलंबित किए. वहीं प्रतिबंधात्मक कार्रवाई के तहत लगभग 27 करोड़ रुपये मूल्य का माल भी जब्त किया गया.
डेढ़ हजार लोग गिरफ्तार
अभियान के दौरान कानून तोड़ने वालों के खिलाफ आपराधिक कार्रवाई भी की गई. विभाग ने 1,175 एफआईआर दर्ज कराईं और विभिन्न मामलों में अब तक 1,529 लोगों को गिरफ्तार किया है. बड़ी संख्या में हुई गिरफ्तारियां इस बात का संकेत हैं कि खाद्य सुरक्षा नियमों के उल्लंघन को प्रशासन गंभीरता से ले रहा है.
अधिकारियों का कहना है कि खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता से किसी भी तरह का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. आम लोगों तक सुरक्षित और मानक के अनुरूप खाद्य सामग्री पहुंचे, इसके लिए जांच और कार्रवाई का सिलसिला आगे भी जारी रहेगा. विभाग लगातार बाजारों, गोदामों, उत्पादन इकाइयों और बिक्री केंद्रों पर निगरानी बनाए हुए है ताकि खाद्य सुरक्षा नियमों का पालन सुनिश्चित किया जा सके.
यह भी पढ़ें: उत्तराखंड में क्यों बैन हुआ गुटखा-तंबाकू? मुंह और गले के कैंसर के आंकड़े कर देंगे हैरान
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं