महाराष्ट्र में मिलावटी और घटिया खाद्य पदार्थ बेचने वालों पर फूड एंड ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन(FDA) ने बड़ी कार्रवाई की है. राज्यभर में चले अभियान के दौरान 1.97 करोड़ रुपये से अधिक का खाद्य स्टॉक जब्त किया गया, कई दुकानों और प्रतिष्ठानों पर ताला लगा दिया गया, जबकि चार लाइसेंस निलंबित कर दिए गए. FDA ने साफ कहा है कि लोगों की सेहत से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी.
महाराष्ट्र FDA की ओर से की गई कार्रवाई में सबसे बड़ी जब्ती नवी मुंबई में हुई. यहां एक गोदाम से 97,578 किलो गीले खजूर और कैसिया/दालचीनी का स्टॉक बरामद किया गया. इसकी कीमत करीब 1.11 करोड़ रुपये बताई गई है. अधिकारियों के मुताबिक उत्पादों पर सही लेबलिंग नहीं थी, उनकी गुणवत्ता मानकों के अनुरूप नहीं पाई गई और उन्हें बेहद अस्वच्छ परिस्थितियों में रखा गया था.
इसी तरह पालघर जिले में मुंबई-अहमदाबाद हाईवे पर दो ट्रकों को रोककर जांच की गई. जांच के दौरान 59,496 किलो बिना लेबल वाली सुपारी जब्त की गई, जिसकी कीमत लगभग 68.71 लाख रुपये आंकी गई है.
चार मिठाई दुकानों को बंद करा दिया गया
FDA ने 'सेफ फूड, सेफ महाराष्ट्र' अभियान के तहत अक्कलकोट में स्वामी समर्थ मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए भी कार्रवाई की. यहां से 850 किलो पेड़ा और हलवा जब्त किया गया, जिसकी कीमत करीब 2.50 लाख रुपये है. अधिकारियों को इन मिठाइयों की गुणवत्ता संदिग्ध लगी और लेबलिंग नियमों के उल्लंघन की आशंका भी मिली. कार्रवाई के बाद मंदिर परिसर के आसपास स्थित चार मिठाई दुकानों को बंद करा दिया गया.
पुणे के मशहूर 'खाऊ गली' कैंप इलाके में भी FDA की टीम ने छापेमारी की. यहां पांच खाद्य प्रतिष्ठानों को वैध FSSAI लाइसेंस के बिना कारोबार करते पाए जाने पर 'स्टॉप बिजनेस' नोटिस जारी किए गए और उनका संचालन रोक दिया गया.
मुंबई के वडाला और जोगेश्वरी क्षेत्रों में डाइटरी सप्लीमेंट्स पर भी कार्रवाई हुई. FDA ने करीब 5.59 लाख रुपये मूल्य के उत्पाद जब्त किए. जांच में पाया गया कि इनमें Nicotinamide Mononucleotide (NMN) नामक ऐसा तत्व मौजूद था, जिसके इस्तेमाल पर FSSAI के निर्देशों के तहत रोक है.
सूर पाक के नमूने को जांच में असुरक्षित पाया गया
नागपुर के कोराडी स्थित महालक्ष्मी जगदंबा संस्थान का लाइसेंस भी निलंबित कर दिया गया. संस्थान के मैसूर पाक के नमूने को जांच में असुरक्षित (Unsafe) घोषित किया गया था.
वहीं, मुंब्रा में सागर स्वीट एंड बेकरी समेत अन्य प्रतिष्ठानों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए ₹4.58 लाख से अधिक का स्टॉक जब्त किया गया. जब्त सामान में अफलातून मिठाई, खुला मावा, शुद्ध घी और मैदा शामिल था.
FDA ने घाटकोपर पूर्व स्थित साई किचन का लाइसेंस भी तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया. निरीक्षण के दौरान यहां खाद्य सामग्री में कीड़ों की मौजूदगी मिली. इसके अलावा शाकाहारी और मांसाहारी खाद्य पदार्थों को एक साथ रखा जा रहा था तथा कर्मचारियों की सुरक्षा और मेडिकल रिकॉर्ड से जुड़े गंभीर नियमों का पालन नहीं किया जा रहा था.
FDA आयुक्त तुकाराम मुंडे ने कहा कि उपभोक्ताओं की सेहत के साथ किसी भी तरह का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. जो लोग मिलावटी, घटिया या एक्सपायर्ड खाद्य सामग्री बेचते या संग्रहित करते पाए जाएंगे, उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी. उन्होंने लोगों से अपील की कि खाद्य पदार्थों से जुड़ी शिकायतें टोल-फ्री नंबर 1800222365 पर दर्ज कराएं.
यह भी पढ़ें: अंतरिक्ष में पानी की बूंदों से एस्ट्रोनॉट शुभांशु शुक्ला ने दिखाया साइंस का कमाल, बताया माइक्रोग्रैविटी का असर
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं