विज्ञापन

बिहार के लखीसराय में शराब माफियाओं ने किया पुलिस टीम पर हमला! SI समेत 4 जवान घायल

बिहार के लखीसराय के बालगुदर गांव में अवैध गतिविधियों पर छापेमारी करने गई पुलिस टीम पर 200 लोगों की उग्र भीड़ ने पथराव कर दिया. इस हमले में एसआई समेत चार पुलिसकर्मी घायल हो गए और दो वाहन क्षतिग्रस्त हुए. पुलिस ने 12 उपद्रवियों को गिरफ्तार किया है.

बिहार के लखीसराय में शराब माफियाओं ने किया पुलिस टीम पर हमला! SI समेत 4 जवान घायल
छापेमारी करने गई पुलिस पर 200 लोगों की भीड़ ने की पत्थरबाजी.
IANS

बिहार के लखीसराय जिले के बालगुदर गांव में असामाजिक तत्वों और शराबियों की शिकायत पर छापेमारी करने पहुंची पुलिस टीम पर अचानक भारी पथराव कर दिया गया. लगभग 200 लोगों की उग्र भीड़ के इस हमले में एक सब इंस्पेक्टर (SI) और एक महिला सिपाही समेत 4 पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि पुलिस की गाड़ियां भी क्षतिग्रस्त हुई हैं. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 12 उपद्रवियों को गिरफ्तार कर लिया है. 

बिहार के लखीसराय जिले से कानून व्यवस्था को चुनौती देने वाली एक बड़ी और सनसनीखेज खबर सामने आई है. बालगुदर गांव के साहनी टोला इलाके में रविवार सुबह असामाजिक तत्वों के खिलाफ छापेमारी करने गई पुलिस टीम पर अचानक भीड़ ने कातिलाना हमला कर दिया. नशे में धुत उपद्रवियों और स्थानीय भीड़ की ओर से किए गए इस भीषण पथराव में एक सब इंस्पेक्टर और एक महिला सिपाही सहित 4 पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गए. वहीं, पथराव में पुलिस के दो वाहन भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए हैं.

काली स्थान के पास शराब और जुए की शिकायत पर पहुंची थी पुलिस

पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक पूरी घटना रविवार सुबह की है. नगर थाना की टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि बालगुदर गांव के काली स्थान के पास कुछ लोग शराब के नशे में हंगामा कर रहे हैं. साथ ही वहां अवैध शराब के भंडारण और जुए की गतिविधियों की भी शिकायत मिली थी. सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची. गाड़ियों को मंदिर से कुछ दूरी पर खड़ा करके पुलिसकर्मी पैदल ही ठिकाने की ओर बढ़े. पुलिस को देखते ही वहां मौजूद उपद्रवियों ने शोर मचाना शुरू कर दिया. जैसे ही पुलिस ने दो संदिग्धों को हिरासत में लिया, भीड़ में से कुछ लोगों ने मारो-मारो के नारे लगाकर माहौल को हिंसक बना दिया.

SI के सिर में लगी गंभीर चोट

उपद्रवियों ने पहले तो हिरासत में लिए गए अपने साथियों को पुलिस की गिरफ्त से छुड़ा लिया और फिर देखते ही देखते करीब 200 लोगों की हिंसक भीड़ जमा हो गई, जिसने पुलिस टीम पर अंधाधुंध पत्थरबाजी शुरू कर दी. अचानक हुए पथराव में सब इंस्पेक्टर त्रिभुवन ठाकुर के सिर में गंभीर चोट आई है. उनके अलावा एक महिला सिपाही और दो अन्य पुलिसकर्मी भी घायल हुए हैं. सभी घायल जवानों को तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां उन्हें प्राथमिक उपचार दिया गया. पथराव के कारण घटनास्थल पर खड़े पुलिस के दो वाहनों के शीशे टूट गए और गाड़ियां क्षतिग्रस्त हो गईं.

यह भी पढ़ें- जयपुर Cafe संचालक मयंक गोपालिया पर बीच सड़क पर लोहे के रॉड से हमला, CCTV फुटेज में कैद हुआ खौफनाक मंजर

12 उपद्रवी गिरफ्तार, CCTV फुटेज से की जा रही पहचान

घटना के तुरंत बाद लखीसराय पुलिस ने इलाके में भारी बल तैनात कर दिया है और कड़ा रुख अपनाते हुए ऑन ड्यूटी पुलिस टीम पर हमला करने और सरकारी कामकाज में बाधा डालने के आरोप में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कम से कम 12 लोगों को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज को खंगाला जा रहा है, ताकि पथराव में शामिल हर एक चेहरे की पहचान की जा सके. पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि वर्दी पर हमला करने वाले और कानून हाथ में लेने वाले किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा और फरार चल रहे अन्य आरोपियों को भी जल्द से जल्द सलाखों के पीछे भेजा जाएगा.

यह भी पढ़ें- कोलकाता में लिवइन में रह रहे सॉफ्टवेयर इंजीनियर की हत्या की आरोपी प्रेमिका और उसकी मां गिरफ्तार,  चाकू मारकर ली थी जान

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Lakhisarai Crime News, Police Team Attacked, Bihar News, Stone Pelting News, Lakhisarai District
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com