- बाहुबली विधायक अनंत सिंह की बेटी शिवांगी की शादी बड़े आयोजन के साथ पटना के नदवां गांव में संपन्न हुई.
- सुप्रीम कोर्ट ने दुलारचंद यादव हत्या मामले में अनंत सिंह की जमानत रद्द कर जेल में सरेंडर का आदेश दिया है.
- अनंत सिंह के पटना के मॉल रोड स्थित सरकारी बंगला खाली करने का आदेश मिला था जिसका समयसीमा खत्म हो चुकी है.
मोकामा के बाहुबली विधायक अनंत सिंह की बेटी शिवांगी की शादी खत्म हो गई है. शादी की तस्वीरें और वीडियो कई दिनों तक सोशल मीडिया पर छाए रहे. शादी में जिस तरह का बड़ा आयोजन हुआ, उसकी चर्चा बिहार से लेकर सोशल मीडिया तक खूब हुई. अब शादी के बाद अनंत सिंह के सामने एक और सवाल खड़ा है. पटना में सरकारी बंगला खाली करने की समयसीमा खत्म हो चुकी है. ऐसे में क्या अनंत सिंह जेल जाने से पहले बंगला खाली करेंगे या सरकार उन्हें कुछ और समय देगी?
मोकामा और आसपास के इलाके में अनंत सिंह की मजबूत पकड़
अनंत सिंह बिहार की राजनीति का ऐसा नाम हैं, जो हमेशा चर्चा में रहते हैं. कभी अपने बयान और अंदाज को लेकर, कभी चुनाव में जीत को लेकर, तो कभी विवादों के कारण. मोकामा और आसपास के इलाके में उनकी मजबूत पकड़ मानी जाती है. उन्हें लोग 'छोटे सरकार' के नाम से भी जानते हैं. जेल में रहने के दौरान भी उन्होंने चुनाव जीता और अपनी ताकत दिखाई. अनंत सिंह का नाम बिहार की राजनीति में लंबे समय से चर्चा में रहा है.
अभी अनंत सिंह के खिलाफ चल रहे 28 मुकदमे
अनंत सिंह के साथ विवाद भी लंबे समय से जुड़े रहे हैं. उनके खिलाफ हत्या, हत्या की कोशिश, अपहरण, हथियार रखने, धमकी देने और रंगदारी जैसे कई मामले दर्ज हैं. उनके चुनावी हलफनामे के मुताबिक, 2025 में उनके खिलाफ 28 मामले चल रहे थे.
हालांकि, किसी पर आरोप लगना और अदालत में दोषी साबित होना अलग बात है. कुछ मामलों में उन्हें अदालत से राहत भी मिली है. हथियार रखने के एक मामले में सजा मिलने के बाद उनकी विधायकी भी चली गई थी.
बेटी की शाही शादी से चर्चा के केंद्र में अनंत सिंह
हाल के दिनों में अनंत सिंह फिर चर्चा में आए, जब उनकी बेटी शिवांगी की शादी की तैयारियां शुरू हुईं. 25 नवंबर को पटना के नदवां स्थित उनके पैतृक गांव में शादी हुई. शादी में घोड़े, हाथी, बड़े पंडाल और खाने-पीने के खास इंतजाम किए गए थे.
शादी में कई राजनीतिक नेता, भोजपुरी कलाकार और दूसरे जाने-माने लोग पहुंचे. शादी की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हुए. शादी में घुड़दौड़ भी रखी गई थी, लेकिन भीड़ ज्यादा होने के कारण इसे रोकना पड़ा.
शादी में बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने से आसपास की सड़कों पर जाम भी लगा. इस शादी ने एक बार फिर अनंत सिंह के रुतबे, उनकी लोकप्रियता और उनके खास अंदाज को चर्चा में ला दिया.
दुलारचंद मर्डर केस में 4 दिसंबर को करना होगा सरेंडर
लेकिन शादी के जश्न के बीच अनंत सिंह की मुश्किलें भी कम नहीं हुईं. दुलारचंद यादव हत्या मामले में सुप्रीम कोर्ट ने उनकी जमानत रद्द कर दी है. अदालत ने उन्हें जेल में सरेंडर करने का आदेश दिया है. दुलारचंद यादव की हत्या अक्टूबर 2025 में मोकामा में चुनाव प्रचार के दौरान हुई थी.
इस मामले में अनंत सिंह को गिरफ्तार किया गया था. बाद में पटना हाईकोर्ट से उन्हें जमानत मिल गई थी, लेकिन सुप्रीम कोर्ट ने उनकी जमानत रद्द कर दी. बेटी की शादी का हवाला देकर उन्होंने कुछ समय मांगा था. अदालत ने शादी के बाद जेल में सरेंडर करने का समय दिया.
मॉल रोड स्थित सरकारी बंगले को लेकर चर्चा तेज
सरकारी बंगले को लेकर भी अनंत सिंह के परिवार की मुश्किल बढ़ गई है. उनकी पत्नी नीलम देवी को पटना के मॉल रोड स्थित सरकारी बंगला खाली करने का आदेश दिया गया था. यह बंगला उन्हें सरकारी समिति का सदस्य होने के कारण मिला था. समिति से हटने के बाद सरकार ने 25 नवंबर तक बंगला खाली करने को कहा था. अब यह समय भी खत्म हो चुका है.
अनंत सिंह को जेडीयू से भी छह साल के लिए निकाल दिया गया है. पार्टी ने उन पर दूसरे उम्मीदवार के समर्थन में प्रचार करने और पार्टी के खिलाफ काम करने का आरोप लगाया था.
क्या सरकार अनंत सिंह को समय देगी?
अब बेटी की शादी खत्म होने के बाद सबकी नजर अनंत सिंह के अगले कदम पर है. क्या वह जेल जाने से पहले सरकारी बंगला खाली करेंगे? क्या सरकार उन्हें बंगला खाली करने के लिए कुछ और समय देगी? या फिर प्रशासन अब बंगला खाली कराने के लिए कोई कदम उठाएगा? शादी के जश्न के बाद अनंत सिंह एक बार फिर राजनीति, सरकारी बंगले और जेल जाने के मामले को लेकर चर्चा में हैं.
सख्ती हुई तो जाएगा गलत संदेश
चर्चा यह भी है कि यदि सरकार अनंत सिंह का बंगला खाली कराने के लिए सख्ती करती हैं तो उसका संदेश गलत जाएगा. हालांकि हाल ही में अनंत सिंह ने एक इंटरव्यू में कहा कि उन्होंने नोटिस मिलते ही बंगले से घोड़ा-पलंग आदि हटा दिया. लेकिन आधिकारिक रूप से अभी उनका बंगला खाली नहीं हुआ है.
यह भी पढे़ं - लाखों लोग, सैकड़ों VIP... अनंत सिंह की बेटी की शाही शादी के 10 वीडियो में देखें नदवां की पूरी रंगत
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं