ODI World Cup 2027 Playing XI: आईसीसी मेंस क्रिकेट वर्ल्ड कप 2027 के लिए तैयारियां तेज होती जा रही हैं. मेजबान दक्षिण अफ्रीका और जिम्बाब्वे सहित कई टीमें पहले ही टूर्नामेंट में अपनी जगह पक्की कर चुकी हैं, जबकि बाकी चार स्थानों के लिए क्वालिफायर मुकाबले फरवरी और मार्च 2027 में खेले जाएंगे. ऐसे में क्रिकेट जगत में यह चर्चा भी तेज हो गई है कि भारत की आदर्श प्लेइंग इलेवन कैसी दिख सकती है.
आकाश चोपड़ा ने अपनी पसंदीद प्लेइंग XI का किया खुलासा
भारत ने सितंबर 2026 की कट-ऑफ रैंकिंग के आधार पर सीधे वर्ल्ड कप के लिए क्वालिफाई कर लिया है. टीम इंडिया को टूर्नामेंट के प्रबल दावेदारों में गिना जा रहा है और फैंस की नजर इस बात पर है कि अगले साल होने वाले सबसे बड़े वनडे इवेंट में किन खिलाड़ियों पर जिम्मेदारी होगी. इसी बीच पूर्व भारतीय बल्लेबाज और क्रिकेट विशेषज्ञ आकाश चोपड़ा ने अपनी पसंदीदा भारतीय प्लेइंग XI का खुलासा किया है.
दरअसल, News18 SportsNext को दिए इंटरव्यू में आकाश चोपड़ा ने अनुभव और युवा प्रतिभा के बैलेंस पर जोर दिया. उन्होंने कप्तान रोहित शर्मा और शुभमन गिल की जोड़ी को पारी की शुरुआत के लिए सबसे उपयुक्त माना, जबकि विराट कोहली और श्रेयस अय्यर को मिडिल ऑर्डर की रीढ़ बताया. उनके अनुसार भारत के पास बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों विभागों में मैच जिताने वाले खिलाड़ी मौजूद हैं.
चोपड़ा की टीम में रोहित शर्मा और शुभमन गिल बतौर ओपनर शामिल हैं. तीसरे नंबर पर विराट कोहली, चौथे पर श्रेयस अय्यर और पांचवें नंबर पर केएल राहुल को जगह मिली है. ऑलराउंडर की भूमिका में हार्दिक पांड्या और अक्षर पटेल को चुना गया है. गेंदबाजी अटैक में हर्षित राणा, कुलदीप यादव, जसप्रीत बुमराह और अर्शदीप सिंह को शामिल किया गया है.
अगर आकाश चोपड़ा की इस टीम पर नजर डालें तो इसमें अनुभव, संतुलन और आक्रामकता का मिश्रण दिखाई देता है. रोहित, कोहली और राहुल जैसे अनुभवी खिलाड़ियों के साथ गिल, हर्षित राणा और अर्शदीप सिंह जैसे नाम भविष्य की योजनाओं का संकेत देते हैं. अब देखना दिलचस्प होगा कि वर्ल्ड कप 2027 तक भारतीय टीम प्रबंधन की सोच कितनी हद तक इस प्लेइंग इलेवन से मेल खाती है.
यह भी पढ़ें- बांग्लादेश को हराकर एशिया कप राइजिंग स्टार्स के फाइनल में पहुंचा पाकिस्तान, श्रीलंका से होगी खिताबी जंग
यह भी पढ़ें- सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में खेलेंगे श्रेयस अय्यर, मुंबई के लिए नागपुर में दिखाएंगे दम
यह भी पढ़ें- 'उस मैसेज को कभी नहीं भूलूंगा...,' आर्यवीर ने सुनाया पिता वीरेंद्र सहवाग से जुड़ा भावुक किस्सा
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं