- कोलकाता के गारिया इलाके में सॉफ्टवेयर इंजीनियर सार्थक सरकार की चाकू से हत्या का मामला सामने आया है.
- पुलिस ने मृतक की लिवइन पार्टनर संचालिका बसु और उसकी मां मौमिता बसु को हत्या के आरोप में गिरफ्तार किया है.
- घटना काली पूजा के दौरान सार्थक के किराए के फ्लैट में हुई जहाँ बहस के बाद चाकू से हमला हुआ था.
Kolkata Garia Live In Partner Murder: पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता के गारिया इलाके में सॉफ्टवेयर इंजीनियर सार्थक सरकार की चाकू घोंपकर हत्या के आरोप में पुलिस ने मृतक की लिवइन पार्टनर संचालिका बसु और उसकी मां मौमिता बसु को गिरफ्तार कर लिया है. काली पूजा के दौरान हुई इस वारदात से इलाके में सनसनी फैल गई है. दरअसल, पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता के बाहरी इलाके गारिया से एक सनसनीखेज हत्याकांड की खबर सामने आई थी.
लिवइन रिलेशनशिप में रह रहे एक 28 वर्षीय सॉफ्टवेयर इंजीनियर की शनिवार रात उसके ही किराए के फ्लैट में बेरहमी से हत्या कर दी गई. इस मामले में पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए मृतक की प्रेमिका और उसकी मां को गिरफ्तार कर लिया है. काली पूजा के उत्सव के बीच हुई इस खौफनाक वारदात से स्थानीय निवासियों में हड़कंप मच गया है.
बहस के बाद चाकू से हमला
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, मृतक की पहचान सार्थक सरकार के रूप में हुई है, जो मूल रूप से उत्तर 24 परगना जिले के बारासात का रहने वाला था. सार्थक साल्ट लेक के आईटी हब सेक्टर 5 स्थित एक नामी कंपनी में बतौर सॉफ्टवेयर इंजीनियर कार्यरत था. इस बीच शनिवार रात गारिया स्थित फ्लैट में सार्थक और उसकी लिवइन पार्टनर के बीच किसी बात को लेकर तीखी बहस हुई. विवाद इतना बढ़ा कि युवती ने कथित तौर पर धारदार हथियार से सार्थक के कंधे और गर्दन के पास ताबड़तोड़ वार कर दिए.
प्रेमिका और उसकी मां गिरफ्तार
घटना के दौरान फ्लैट से आ रही चीख पुकार सुनकर आसपास के पड़ोसी तुरंत मौके पर पहुंचे. इन लोगों ने खून से लथपथ सार्थक को फौरन पास के अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया. घटना की शुरुआती पड़ताल और साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने सार्थक की लिवइन पार्टनर संचालिका बसु को हिरासत में लिया, जो टेक्नो इंडिया इंस्टीट्यूट की छात्रा बताई जा रही है. जांच आगे बढ़ने पर हत्याकांड में साजिश और संलिप्तता के संदेह में संचालिका की मां मौमिता बसु को भी गिरफ्तार कर लिया गया है. पुलिस को शक है कि इस जघन्य अपराध में मां ने भी भूमिका निभाई हो सकती है.
यह भी पढ़ें- राजस्थान के बहरोड़ से भाजपा विधायक और पूर्व मंत्री डॉ. जसवंत सिंह यादव का निधन; लंबे समय से थे कैंसर से पीड़ित
हत्या के पीछे की वजह तलाशने में जुटी पुलिस
कोलकाता पुलिस की फॉरेंसिक टीम और जांचकर्ता घटना के पीछे के असली कारणों की पड़ताल कर रहे हैं. फिलहाल, यह साफ नहीं हो सका है कि यह हत्या अचानक हुए झगड़े का नतीजा थी, या इसके पीछे कोई पुरानी रंजिश या सोची समझी साजिश थी. पुलिस दोनों आरोपी महिलाओं से आमने सामने बैठाकर सख्त पूछताछ करने की तैयारी में है, ताकि हत्या की मुख्य वजह और अपराध में इस्तेमाल हथियार की बरामदगी सुनिश्चित की जा सके.
यह भी पढ़ें- जयपुर Cafe संचालक मयंक गोपालिया पर बीच सड़क पर लोहे के रॉड से हमला, CCTV फुटेज में कैद हुआ खौफनाक मंजर
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं