श्रीनगर: जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ जिले के दच्छन क्षेत्र में दो स्पेशल पुलिस अधिकारियों की हत्या के मामले में दर्ज FIR ने जम्मू-कश्मीर कांग्रेस अध्यक्ष तारिक हमीद कर्रा के उस दावे पर सवाल खड़े कर दिए हैं, जिसमें उन्होंने कहा था कि दोनों जवानों को सेना ने आतंकवादी समझकर गोली मार दी थी. FIR में स्पष्ट रूप से अज्ञात आतंकवादियों द्वारा हमले और हत्या का उल्लेख किया गया है.
एनडीटीवी को मिली FIR के अनुसार, 11 नवंबर को SPO रशपाल कुमार और SPO भाभी चंद पर अज्ञात आतंकियों ने अवैध हथियारों से हमला किया. दस्तावेज में कहा गया है कि हमलावरों का मकसद क्षेत्र में दहशत फैलाना और देश की एकता एवं अखंडता को कमजोर करना था.
ड्यूटी पर थे दोनों SPO
FIR के मुताबिक दोनों SPO हमले के समय ड्यूटी पर तैनात थे. उन्हें एसओजी कैंप कियार से विशेष ड्यूटी के लिए टोब आर्मी कैंप, बाचनन भेजा गया था. एक पोस्ट से दूसरी पोस्ट की ओर जाते समय आतंकियों ने उन पर घात लगाकर हमला किया, जिसमें दोनों की मौत हो गई.
सरकारी हथियार भी लूट ले गए हमलावर
जांच में यह भी सामने आया है कि हमलावर दोनों SPO के सरकारी हथियार अपने साथ ले गए. रशपाल कुमार के पास INSAS राइफल थी, जबकि भाभी चंद को .303 राइफल जारी की गई थी. हथियारों की लूट ने मामले को और गंभीर बना दिया है, क्योंकि सुरक्षा एजेंसियों को आशंका है कि आतंकवादी इन हथियारों का इस्तेमाल कर सकते हैं. साथ ही इनकी बरामदगी से जांच में अहम सुराग भी मिल सकते हैं.
कर्रा ने क्या दावा किया था?
तारिक हमीद कर्रा ने 15 नवंबर को मीडिया से बातचीत में दावा किया था कि उन्हें किश्तवाड़ जिला कांग्रेस अध्यक्ष से जानकारी मिली है कि दोनों SPO शिकार पर गए थे. उन्होंने कहा था कि दोनों सादे कपड़ों में थे और सेना ने उन्हें आतंकवादी समझकर गोली चला दी. हालांकि FIR में न तो शिकार पर जाने का कोई उल्लेख है और न ही सेना की फायरिंग का. दस्तावेज साफ तौर पर कहता है कि दोनों SPO ड्यूटी पर थे और अज्ञात आतंकवादियों ने उनकी हत्या की.
NDTV के सवाल पर कर्रा की सफाई
एनडीटीवी द्वारा FIR का हवाला देते हुए सवाल पूछे जाने पर कर्रा ने कहा कि उनका उद्देश्य सेना की छवि खराब करना नहीं था. उन्होंने कहा कि एक जनप्रतिनिधि होने के नाते वे केवल उन संभावित पहलुओं को सामने रख रहे थे, जिनकी जानकारी उन्हें किश्तवाड़ से मिली थी और जिनकी जांच होनी चाहिए.
सार्वजनिक माफी की मांग
कर्रा के बयान के बाद भाजपा युवा मोर्चा (BJYM) ने विरोध प्रदर्शन किया था. BJYM के अध्यक्ष अरुण प्रभात ने आरोप लगाया कि कर्रा ने ड्यूटी पर शहीद हुए SPO का अपमान किया और सेना को गलत तरीके से कटघरे में खड़ा करने की कोशिश की. उन्होंने कर्रा से सार्वजनिक माफी की मांग करते हुए कहा कि FIR ने उनके दावे की पोल खोल दी है.
यह भी पढ़ें | 'आर्मी ने आतंकी समझकर चलाई गोली', कश्मीर कांग्रेस नेता के बयान पर विवाद, BJP ने लगाया भ्रम पैदा करने का आरोप
यह भी पढ़ें | जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ में लापता दोनों पुलिस अधिकारियों के शव मिले, शरीर पर दिखे आतंकियों की क्रूरता के निशान
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं