- CM योगी ने गोरखपुर में रोड शो दुर्घटना में मृत बच्चे के परिवार से मुलाकात की और कड़ी कार्रवाई का आश्वासन दिया
- CM ने कहा कि नाबालिग छात्र की मौत हत्या है, जिसमें समाजवादी पार्टी के गुंडों का हाथ है और यह अक्षम्य कृत्य है
- पीड़ित बच्चा गोरखपुर के स्वतंत्रता संग्राम के एक महान क्रांतिकारी का वंशज था, जिसकी बेरहमी से हत्या की गई है
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर में रोड शो के दौरान हुई दुर्घटना में जान गंवाने वाले बच्चे के परिजनों से मुलाकात की. उनके साथ भाजपा सांसद रवि किशन भी मौजूद थे. इस दौरान मुख्यमंत्री ने परिवार को ढांढस बंधाया और मामले में कड़ी कार्रवाई का भरोसा दिया. परिजनों से बातचीत के दौरान मुख्यमंत्री योगी ने कहा, 'यह हादसा नहीं, हत्या है. बच्चे के ऊपर पहिया चढ़ गया है. आप बिल्कुल चिंता मत करिए.'
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा, "कल समाजवादी पार्टी से जुड़े गुंडों ने एक नाबालिग बच्चे को कुचलकर उसकी बेरहमी से हत्या कर दी. मैं पीड़ित परिवार से मिलने आया हूं. यह लड़का गोरखपुर की ऐतिहासिक 'चौरी-चौरा' घटना से जुड़े एक महान क्रांतिकारी का वंशज था. एक स्वतंत्रता सेनानी के परिवार के साथ ऐसी क्रूरता अक्षम्य है. समाजवादी पार्टी का इतिहास हमेशा से यही रहा है. गुंडागर्दी और अराजकता. सड़कें आवागमन के लिए होती हैं, न कि अराजकता फैलाने के लिए. पीड़ित 14 साल के एक मासूम स्कूली छात्र था, जो स्कूल से घर लौट रहा था. उसे एक जेसीबी मशीन ने टक्कर मारी और फिर जानबूझकर उसके ऊपर गाड़ी चढ़ा दी गई ताकि उसकी मौत हो जाए.'
उन्होंने कहा, 'समाजवादी पार्टी के नेताओं और उनके गुंडों की यह हरकत बेहद शर्मनाक है. उत्तर प्रदेश में ऐसी गुंडागर्दी बर्दाश्त नहीं की जाएगी. मैंने प्रशासन को निर्देश दिया है कि कानून के दायरे में रहकर इन गुंडों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए. मैं शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करने आया हूं. इन गुंडों में से हर एक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी.'
गुंडों को ढूंढकर ऐसी सजा देंगे, कई पीढ़ियां याद रखेंगी: CM योगी
इससे पहले गोरखपुर में एक कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा, "बुधवार को समाजवादी पार्टी का एक रोड शो था. उन्होंने एक नाबालिग लड़के को अपने रोड शो का शिकार बना दिया। सपा गुंडागर्दी, दंगे, अराजकता और कर्फ्यू की प्रायः है। यह माफिया सपा का सगा है और जनता के साथ इस पार्टी ने हमेशा धोखा दिया है."
सीएम योगी ने कहा, "उस मासूम की गलती क्या थी? जैसे कुत्ते की पूंछ कभी सीधी नहीं हो सकती, वैसे ही ये गुंडे और माफिया डंडे के बल पर ही सीधे होंगे. यही समाजवादी पार्टी कर रही है. हमने इनकी गुंडागर्दी को ठीक किया है. उसी को ठीक करने के लिए एक बार फिर लगाम कसने की तैयारी हम कर रहे हैं."
उन्होंने कहा कि जिन गुंडों ने कल सड़कों पर अराजकता फैलाई, हमने अधिकारियों को उनके खिलाफ कार्रवाई करने के लिए कहा है. हमने प्रशासन से कहा है कि गुंडों को ढूंढ निकालो और ऐसी सजा मिलनी चाहिए कि कई पीढ़ियां याद रख सकें. सीएम योगी ने कहा, "प्रदेश की सड़कें आम जनमानस के सुगम आवागमन के लिए बनी हैं, न कि सपा और कांग्रेस के गुंडों की अराजकता के लिए. अगर किसी ने दोबारा माफियागिरी दिखाने का दुस्साहस किया, तो उस माफिया को भी मिट्टी में मिलाने में देर नहीं लगेगी."
यह भी पढ़ें | 'गुंडों को ढूंढकर ऐसी सजा देंगे, कई पीढ़ियां याद रखेंगी', अखिलेश के रोड शो में नाबालिग की मौत पर बोले CM योगी
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं