विज्ञापन

कांवड़ यात्रा की अनोखी तस्वीर; 24 पोते बने श्रवण कुमार, 95 वर्षीय दादी को पालकी में बैठाकर हरिद्वार से ला रहे

बुलंदशहर की 95 वर्षीय सोनदेवी को उनके 24 पोते पालकी में बैठाकर हरिद्वार से गांव ला रहे हैं. गंगा स्नान कराने के बाद युवाओं की यह सेवा और समर्पण कांवड़ यात्रा में चर्चा का विषय बन गया है.

कांवड़ यात्रा की अनोखी तस्वीर; 24 पोते बने श्रवण कुमार, 95 वर्षीय दादी को पालकी में बैठाकर हरिद्वार से ला रहे
95 साल की सोनदेवी की इच्छा पूरी करने निकले 24 पोते, हरिद्वार में कराया गंगा स्नान
मेरठ:

Kanwar Yatra 2026: सावन की कांवड़ यात्रा में जहां डीजे की धुन, भव्य कांवड़ और शिवभक्तों का उत्साह हर किसी को आकर्षित कर रहा है, वहीं सिवाया टोल प्लाजा पर सोमवार को एक ऐसा दृश्य देखने को मिला जिसने लोगों की आंखें नम कर दी. 95 वर्षीय सोनदेवी पालकी में हाथ जोड़कर भोलेनाथ का जयघोष कर रही थीं और उनके 24 पोते बारी-बारी से पालकी को अपने कंधों पर उठाकर आगे बढ़ रहे थे. यह दृश्य देखते ही राहगीरों के कदम थम गए. जिसने भी इस परिवार का समर्पण देखा, उसने इसे आज के दौर की सबसे खूबसूरत तस्वीर बताया.

दादी की अधूरी इच्छा को बनाया अपना संकल्प

बुलंदशहर के हसनपुर जागीर निवासी सोनदेवी की वर्षों से इच्छा थी कि वह हरिद्वार जाकर मां गंगा में स्नान करें और कांवड़ यात्रा का हिस्सा बनें. उम्र के इस पड़ाव पर उनके लिए यह यात्रा संभव नहीं थी. ऐसे में परिवार के युवाओं ने उनकी इच्छा को अपना संकल्प बना लिया. 'महाकाल ग्रुप' के नाम से यात्रा कर रहे 24 पोतों ने दादी को हरिद्वार ले जाकर गंगास्नान कराया और अब पालकी में बैठाकर गांव तक लेकर जा रहे हैं. पोतों का कहना है कि योगी सरकार ने कांवड़ यात्रा में जिस तरह के इंतजाम किए हैं, उससे किसी को परेशानी का सामना नहीं करना पड़ रहा है.  

हर कुछ दूरी पर बदल जाते हैं कंधे

महाकाल ग्रुप के सदस्यों ने बताया कि टोली में शामिल सभी 24 युवक रिश्ते में सोनदेवी के पोते हैं. यात्रा के दौरान कोई एक व्यक्ति लगातार पालकी नहीं उठाता. कुछ दूरी तय करने के बाद दूसरे पोते कंधा संभाल लेते हैं, ताकि दादी को बिना किसी परेशानी के पूरी यात्रा कराई जा सके. परिवार का कहना है कि दादी की खुशी ही उनके लिए सबसे बड़ा आशीर्वाद है.

Kanwar Yatra: दादी को कांवड़ यात्रा कराते हुए पोते

Kanwar Yatra: दादी को कांवड़ यात्रा कराते हुए पोते

सिवाया टोल पर लगा लोगों का जमावड़ा

जैसे ही कांवड़ यात्रा सिवाया टोल प्लाजा पहुंची, पालकी में बैठी सोनदेवी को देखने के लिए लोगों की भीड़ लग गई. कोई उनके चरण स्पर्श कर आशीर्वाद लेने पहुंचा तो किसी ने इस भावुक पल को मोबाइल कैमरे में कैद कर लिया. दादी पूरे रास्ते हाथ जोड़कर 'बोल बम' और 'हर-हर महादेव' के जयघोष करती रहीं, जबकि पोते पूरे उत्साह के साथ उनकी सेवा में जुटे रहे.

आस्था से बढ़कर बना संस्कारों का संदेश

कांवड़ यात्रा में यह दृश्य केवल धार्मिक आस्था का नहीं, बल्कि भारतीय परिवारों के संस्कार और बुजुर्गों के प्रति सम्मान का भी प्रतीक बन गया. जहां एक ओर युवा कांवड़िए भगवान शिव के प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त कर रहे हैं, वहीं सोनदेवी के 24 पोतों ने यह साबित कर दिया कि माता-पिता और बुजुर्गों की सेवा ही सबसे बड़ी भक्ति है. कांवड़ मार्ग पर यह अनोखा कारवां लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र होने के साथ-साथ प्रेरणा का संदेश भी देता नजर आया.

यह भी पढ़ें : अनोखी कांवड़ को देख दांतों तले उंगली दबा रहे लोग; हरिद्वार से अलीगढ़ तक कार खींचकर कांवड़ यात्रा में शामिल

यह भी पढ़ें : 10 लाख कांवड़ियों की तैयारी; कांवड़ यात्रा के 300 कैंप, 12 अगस्त तक ट्रैफिक बदला, गाजियाबाद में सुरक्षा सख्त

यह भी पढ़ें : हुड़दंग किया, माहौल बिगाड़ा तो खैर नहीं... कांवड़ यात्रा पर सीएम योगी ने दे दिया अल्टीमेटम

यह भी पढ़ें : मुजफ्फरनगर में मीट की दुकानों को ढकने के निर्देश; कांवड़ यात्रा को लेकर अलर्ट, ऐसी है सुरक्षा व्यवस्था

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Kanwar Yatra, Shravan Kumar In Real Life, Kanwar Yatra Viral News, Inspirational Story, Kanwar Yatra Viral Video
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com