विज्ञापन

बिना आंखों की रोशनी के हिमालय चढ़ गई हिमाचल की बेटी, DU से पढ़ी किन्नौर की महिला बैंक अफसर बोली- नया रिकॉर्ड बनाऊंगी

छोंजिन आंग्मो दुनिया की सबसे ऊंचे पर्वत शिखर, माउंट एवरेस्ट की चोटी पर पहुंचने वाली दुनिया की पहली और एकमात्र दृष्टिबाधित महिला हैं. केवल 8 साल की उम्र में आंखों की रोशनी जाने के बावजूद उन्होंने हार नहीं मानी और सबके लिए मिशाल बन गईं.

बिना आंखों की रोशनी के हिमालय चढ़ गई हिमाचल की बेटी, DU से पढ़ी किन्नौर की महिला बैंक अफसर बोली- नया रिकॉर्ड बनाऊंगी
हर इंसान को प्रेरणा देती है Chhonzin Angmo की कहानी (फोटो- Chhonzin Angmo/Instagram)

हिमाचल प्रदेश के किन्नौर जिले के एक दूरदराज गांव की रहने वाली आदिवासी महिला छोंजिन आंग्मो पूरी तरह से दृष्टिहीन हैं, लेकिन उन्होंने कभी भी अपनी इस दृष्टिहीनता को अपने सपनों के आड़े नहीं आने दिया. छोंजिग आज के वक्त में माउंट एवरेस्ट की चोटी पर पहुंचने वाली दुनिया की पहली और एकमात्र दृष्टिबाधित महिला हैं. माउंट एवरेस्ट दुनिया का सबसे ऊंचा पर्वत शिखर है, जिसकी आधिकारिक ऊंचाई 8,848.86 मीटर है. छोंजिन आंग्मो का मानना ​​है कि असाधारण उपलब्धियां हासिल करने के लिए आंखों की रोशनी होना जरूरी नहीं है. उनका कहना है कि उन्होंने पर्वतारोहण को इसलिए चुना ताकि वे दिव्यांगता के बारे में समाज की सोच को चुनौती दे सकें और दूसरों को अपनी सीमाओं से पार पाने के लिए प्रेरित कर सकें.

8 साल की उम्र में खो दी आंखों की रौशनी, DU से की पढ़ाई, वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया

मूल रूप से हिमाचल प्रदेश के किन्नौर की रहने वाली आंग्मो ने यूरोप और अफ्रीका की सबसे ऊंची चोटियों पर भी भारतीय तिरंगा फहराया है. भारत-तिब्बत सीमा पर स्थित सुदूर गांव 'चांगो' में जन्मी आंग्मो की आठ साल की उम्र में आंखों की रोशनी चली गई थी. इसके बावजूद, उन्होंने दिल्ली यूनिवर्सिटी के मिरांडा हाउस से ग्रेजुएशन और पोस्टग्रेजुएशन की डिग्रियां हासिल कीं. फिलहाल, वह दिल्ली में यूनियन बैंक ऑफ इंडिया के साथ कस्टमर सर्विस एसोसिएट के तौर पर काम कर रही हैं.

आंग्मो ने कई खेलों में अपनी उपलब्धियों के लिए राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाई है. पिछले साल राष्ट्रपति भवन में आयोजित एक समारोह में, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने आंग्मो को राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित किया था. पर्वतारोहण के अलावा, उन्होंने साइकिलिंग, तैराकी, मैराथन दौड़, मार्शल आर्ट्स और अन्य खेल गतिविधियों में भी बेहतरीन प्रदर्शन किया है.

यह भी पढ़ें | दीपाली राठौड़ लेफ्टिनेंट बनकर पहली बार गांव पहुंची, जश्‍न में डूबे ग्रामीण, स्‍वागत को उमड़े लोग ने बताया अपना नया सपना

गुरुवार को आंग्मो धर्मशाला में 'टोंग-लेन चैरिटेबल ट्रस्ट' द्वारा आयोजित वार्षिक 'थैंक यू डे' समारोह में मुख्य अतिथि के तौर पर बोल रही थीं. कार्यक्रम के दौरान, आंग्मो ने दुनिया के चार और सबसे ऊंचे पर्वतों पर चढ़कर एक नया विश्व रिकॉर्ड बनाने की अपनी इच्छा बताई. अब तक कोई भी दृष्टिबाधित महिला दुनिया की सात सबसे ऊंची चोटियों पर सफलतापूर्वक नहीं चढ़ पाई है, और आंग्मो ने इस चुनौती को पूरा करने के लिए कमर कस ली है.

किन्नौर से एवरेस्ट की चोटी तक आंग्मो का सफर हिम्मत की बड़ी मिसाल है. इससे पता चलता है कि शरीर की कमी से इंसान की कामयाबी नहीं रुकती.

(इनपुट- एएनआई)

यह भी पढ़ें | सरकारी स्‍कूल में पढ़कर SDM बनी शीतल यादव, अफसर बेटी का स्‍वागत करने पूरा गांव उमड़ा


 

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Mount Everest, Himalaya, Inspiring Stories
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com