Viral Story: केरल के मलप्पुरम जिले के रहने वाले 29 साल के अश्कर ने शिक्षा की अलख जगाने के लिए अपने घर से 3 हजार किलोमीटर का सफर तय किया है. अश्कर इन दिनों अरुणाचल प्रदेश के शि-योमी जिले के कारो गांव में बच्चों को पढ़ा रहे हैं. यह गांव भारत-चीन सीमा के बिल्कुल करीब बसा है. अश्कर का कहना है कि वे यहां के बच्चों को पढ़ाने आए थे, लेकिन इन पहाड़ी बच्चों ने उन्हें जिंदगी के ऐसे सबक सिखा दिए जो किसी यूनिवर्सिटी में नहीं मिलते.
टीचर बनने का फैसला क्यों किया?
इंडिया टुडे की रिपोर्ट के मुताबिक, अश्कर ने यह फैसला फैसला रातों-रात नहीं लिया. पंजाब सेंट्रल यूनिवर्सिटी से MA और पॉन्डिचेरी से BEd करने के बाद, जब वे शिलॉन्ग की नेहू यूनिवर्सिटी से MEd कर रहे थे, तब उन्हें नॉर्थ-ईस्ट को करीब से जानने का मौका मिला. यहीं से उन्होंने ठान लिया था कि वे दूरदराज के इलाकों में जाकर कुछ सार्थक काम करेंगे.
पुंछ से अरुणाचल प्रदेश कैसे पहुंचे?
पढ़ाई पूरी करने के बाद करीब डेढ़ साल तक उन्होंने जम्मू-कश्मीर के पुंछ में भी पढ़ाया. इसी बीच उन्हें सनबर्ड ट्रस्ट नाम के एनजीओ के बारे में पता चला, जिसके काम से प्रभावित होकर उन्होंने अरुणाचल का रुख किया. उनका मानना था कि शहरों में तो कोई भी पढ़ा सकता है, असली जरूरत इन ग्रामीणों को है.
2 साल में ढ़ाई गुना बढ़ी बच्चों की संख्या
कारो गांव के नेताजी सुभाष चंद्र बोस आवासीय स्कूल में अश्कर पिछले 2 साल से पढ़ा रहे हैं. 1975 में बने इस स्कूल में जब सनबर्ड ट्रस्ट ने काम शुरू किया था, तब यहां 40 से भी कम बच्चे थे, जो अब बढ़कर 102 हो गए हैं. पहली से पांचवीं तक के इस स्कूल के हॉस्टल में 60 बच्चों की क्षमता है, लेकिन फिलहाल 62 बच्चे यहां रहकर पढ़ाई कर रहे हैं.
रियल लाइफ एक्सपीरियंस देकर पढ़ाई
रिपोर्ट के मुताबिक, स्मार्ट क्लास और डिजिटल संसाधनों की कमी के बीच अश्कर ने प्रकृति को ही अपना क्लासरूम बना लिया है. वे कहते हैं कि किताबों में जो पहाड़ और जंगल छपे हैं, वो यहां साक्षात मौजूद हैं. इसीलिए वे बच्चों को बाहर ले जाकर एक्टिविटी और नेचर वॉक कराते हैं, ताकि उन्हें जरूरी चीजें आसानी से समझाई जा सकें.
सोलर लैंप के सहारे पढ़ाई करते हैं बच्चे
अश्कर ने बताया, 'खराब सड़कें, आए दिन होने वाले लैंडस्लाइट, इंटरनेट की कमी और बिजली का ना होना, ये सब यहां की रोजमर्रा की दिक्कते हैं. पहले स्कूल सिर्फ जनरेटर के भरोसे था, लेकिन सनबर्ड ट्रस्ट ने सोलर पैनल लगवाए हैं. फिर भी गांव में बिजली की रेगुलर सप्लाई नहीं है और छोटे बच्चे सोलर लैंप के सलारे पढ़ाई करते हैं.
'बच्चों ने मुझे सिखाया, इसीलिए रूस नहीं गया'
अश्कर बताते हैं कि इन बच्चों ने उन्हें बहुत कुछ सिखाया है. बुनियादी सुविधाओं की कमी के बावजूद ये बच्चे बहुत खुश और पॉजिटिव रहते हैं. कड़ाके की ठंड में लकड़ियां बीनने से लेकर पहाड़ी खेतों में काम करने तक, ये बच्चे हर जिम्मेदारी हंसते हुए निभाते हैं. इन बच्चों से ही उन्होंने सीखा है कि सादगी में भी खुशी तलाशी जा सकती है. इसी जुड़ाव के चलते मैंने इस साल रूस जाकर आगे की पढ़ाई करने का अपना विचार छोड़ दिया.
यह भी पढ़ें | शादी के दिन खेत में पलटी कार, सिर से लेकर पैर तक कीचड़ में सन गई प्रेग्नेंट दुल्हन; वीडियो वायरल
यह भी पढ़ें | भारत में है 'OD' नाम का रेलवे स्टेशन, सिर्फ 2 अक्षरों का है नाम; जानिए कहां है और क्या हैं सुविधाएं
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं