सिंगर कैलाश खेर ने अपने सबसे लोकप्रिय गीतों में से एक 'पिया घर आवेंगे' के पीछे छिपी भावुक कहानी को शेयर किया है. उन्होंने बताया कि यह गीत उनके पिता के अंतिम क्षणों से प्रेरित है, जिन्होंने वर्ष 2008 में इस दुनिया को अलविदा कहा था. आईएएनएस से बातचीत में कैलाश खेर ने कहा कि उनके पिता का जाना किसी पीड़ा भरे अंत जैसा नहीं था, बल्कि वह एक आनंदमय विदाई थी. उन्होंने कहा कि पिता के प्राण जब शरीर छोड़कर परमात्मा की ओर बढ़ रहे थे, उस अवस्था ने ही उन्हें यह गीत लिखने के लिए प्रेरित किया. यह गीत आत्मा की परमात्मा से मिलने की आध्यात्मिक यात्रा को दर्शाता है.
कैलाश खेर ने कहा, "मेरी मां का निधन बाद में हुआ था. पिता पहले गए, उनका देहांत 2008 में हुआ था. मां का देहांत 2012 में हुआ. जब पिता मृत्युशय्या पर थे, अपने शरीर को छोड़ रहे थे, तब आत्मा के परमात्मा से मिलने की जो अवस्था थी, उस पर मैंने यह गीत बनाया." गायक ने पिता के अंतिम क्षणों को याद करते हुए कहा कि आमतौर पर माना जाता है कि मरते हुए व्यक्ति को बहुत पीड़ा होती है, वह चीखता-चिल्लाता है, लेकिन उनके पिता के साथ ऐसा कुछ नहीं हुआ. वे पूरी तरह शांत और आनंद की अवस्था में थे.
उन्होंने आगे कहा, "मरने वाला इंसान हमेशा दुख में ही नहीं होता. कभी-कभी वह दर्द में चिल्लाता है, लेकिन फिर शांत हो जाता है. मेरे पिता तो मानो गाते हुए, परम आनंद की स्थिति में गए थे. बस उसी को देखकर मैंने यह गीत लिखा." सोशल मीडिया पर चल रहे कुछ दावों के बीच, कैलाश ने इस गीत के पीछे की असली प्रेरणा को स्पष्ट करते हुए बताया कि उनके पिता की वह शांत विदाई ही थी, जिसने उन्हें यह गीत लिखने के लिए प्रेरित किया. 'पिया घर आवेंगे' 2009 का एक भारतीय फ्यूजन गीत है, जिसे कैलाश खेर, परेश कामथ और नरेश कामथ ने तैयार किया था. यह ट्रैक 11 जून 2009 को एल्बम 'चंदन में' के हिस्से के रूप में जारी किया गया था, जिसे 'कैलासा चंदन में' के नाम से भी जाना जाता है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं