विज्ञापन

ढाई करोड़ के इनामी नक्सली कमांडर का सरेंडर, 40 सालों से फैला रहा था आतंक, 3 राज्यों में वांटेड

झारखंड और ओडिशा में 2.20 करोड़ के इनामी टॉप माओवादी असीम मंडल ने कोलकाता STF के सामने सरेंडर किया. वह 40 साल से सारंडा के जंगलों से माओवादी गतिविधियां चला रहा था.

ढाई करोड़ के इनामी नक्सली कमांडर का सरेंडर, 40 सालों से फैला रहा था आतंक, 3 राज्यों में वांटेड
माओवादी असीम मंडल ने कोलकाता STF के सामने डाले हथियार (Photo: NDTV)
  • माओवादी असीम मंडल कोलकाता एसटीएफ के सामने सरेंडर कर दिया है.
  • असीम मडर पर झारखंड में 1 करोड़ और ओडिशा में 1.20 करोड़ रुपये का इनाम था.
  • 2011 में किशनजी की मौत के बाद वह सारंडा के घने जंगलों में शिफ्ट हो गया था और वहीं से संगठन चलाता था.
नई दिल्ली:

झारखंड और पश्चिम बंगाल के सीमावर्ती इलाकों में करीब चार दशकों से माओवादी गतिविधियों से जुड़ा रहा असीम मंडल आखिरकार सुरक्षा एजेंसियों की पकड़ से बच नहीं सका. एक वक्त सारंडा के घने जंगलों से माओवादी गतिविधियों को संचालित करने वाले असीम मंडल ने गुरुवार को कोलकाता पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स (STF) के सामने सरेंडर कर दिया. उसके खिलाफ झारखंड और ओडिशा में कुल 2.20 करोड़ रुपये का इनाम घोषित था. साल 2011 में टॉप माओवादी नेता किशनजी के मारे जाने के बाद असीम मंडल जंगलमहल से हटकर झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले के सारंडा के घने जंगलों में पहुंच गया. यहां से उसने लंबे समय तक अपनी गतिविधियां संचालित कीं.

हाल के महीनों में सारंडा में सुरक्षा बलों का दबाव बढ़ा तो असीम मंडल अपने दस्ते के साथ पश्चिम बंगाल की ओर चला गया. अगस्त में उसके दस्ते से जुड़े कई माओवादियों के आत्मसमर्पण के बाद उसकी गतिविधियां और सुरक्षा एजेंसियों की निगरानी का दायरा बढ़ गया था.

कौन है असीम मंडल?

64 वर्षीय असीम मंडल उर्फ आकाश, तिमिर, मनोज समेत कई दूसरे नामों से माओवादी संगठन में एक्टिव रहा है. वह पश्चिम बंगाल के पश्चिम मेदिनीपुर जिले के चंद्रकोना थाना क्षेत्र के फुलचक गांव का रहने वाला है. छात्र जीवन में वामपंथी विचारधारा से प्रभावित होने के बाद वह पीपुल्स वार ग्रुप (PWG) से जुड़ा और बाद में भाकपा (माओवादी) का हिस्सा बना.

सारेंगा, गोआलतोड़ और झारखंड के पूर्वी सिंहभूम के गुराबंदा क्षेत्र में संगठन को मजबूत करने के बाद वह जंगलमहल क्षेत्र में एक्टिव रहा. 2010 में उसे पश्चिम बंगाल स्टेट कमेटी का सचिव बनाए जाने की जानकारी सामने आई थी. बाद में वह बंगाल-झारखंड-ओडिशा क्षेत्रीय कमेटी में भी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियों से जुड़ा रहा.

जंगल में AK-47 छोड़ी, फिर बदलता रहा ठिकाना

पुलिस के मुताबिक, खराब स्वास्थ्य और सुरक्षा बलों के बढ़ते दबाव के बीच असीम मंडल ने जंगल में अपना सशस्त्र दस्ता भंग कर दिया था. असीम मंडल अगस्त में जंगल में एक AK-47 और कुछ अहम दस्तावेज छोड़ दिए थे और कार से सुरक्षित ठिकाने की ओर निकल गया था. इसके बाद वह परिचितों और रिश्तेदारों के घरों में ठिकाने बदलकर रह रहा था. इसके साथ ही, वह भेष बदलकर भी रह रहा था.

पहले 1 करोड़, अब 2.20 करोड़ का इनाम

असीम मंडल पर झारखंड में एक करोड़ रुपये का इनाम घोषित था. ओडिशा सरकार की तरफ से भी उसके ऊपर 1.20 करोड़ रुपये का इनाम बताया गया है. इस तरह उसके खिलाफ कुल घोषित इनाम 2.20 करोड़ रुपये था.

वह झारखंड में एक करोड़ रुपये के इनाम वाला प्रमुख माओवादी था और उसकी तलाश लंबे वक्त से सुरक्षा एजेंसियां कर रही थीं. सितंबर की शुरुआत में भी पुलिस ने उसके समेत छह वांछित माओवादियों के पोस्टर जारी किए थे.

असीम के दस्ते के कई सदस्य कर चुके हैं सरेंडर

असीम मंडल के दस्ते पर सुरक्षा बलों के साथ कई मुठभेड़ों और हमलों में शामिल होने के आरोप रहे हैं. मार्च 2026 में पश्चिमी सिंहभूम के मारांगपोंगा क्षेत्र में उसके दस्ते से मुठभेड़ में 209 कोबरा बटालियन के एक अधिकारी समेत दो सुरक्षाकर्मियों घायल हुए थे.

इससे पहले सितंबर में उसके दस्ते से जुड़े 15 लाख रुपये के इनामी रामप्रसाद मार्डी, 10 लाख रुपये की इनामी मीता और एक अन्य महिला माओवादी ने पश्चिम बंगाल पुलिस के सामने सरेंडर किया था. 

पत्नी भी रही है माओवादी कैडर...

असीम मंडल की पत्नी भी माओवादी संगठन से जुड़ी रही है. वह पूर्व मेदिनीपुर के पोटाशपुर की रहने वाली है और वर्ष 2010 में STF ने उसे गिरफ्तार किया था. 

असीम मंडल के सरेंडर के बाद अब सुरक्षा एजेंसियां उससे संगठन के बचे हुए कैडरों, हथियारों, पुराने ठिकानों और माओवादी नेटवर्क से जुड़ी अहम जानकारी हासिल करने की कोशिश करेंगी. इससे झारखंड-पश्चिम बंगाल सीमा पर सक्रिय माओवादी नेटवर्क की आगे की तस्वीर और साफ हो सकती है.

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Jharkhand News, West Bengal, Maoist, STF
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com