जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ जिले में एक SPO (स्पेशल पुलिस ऑफिसर) के सर्विस राइफल समेत अचानक लापता हो जाने के बाद तलाश जारी है. 55 वर्षीय बशीर अहमद बुधवार सुबह पुलिस पोस्ट से घर के लिए निकले थे, लेकिन वह घर नहीं पहुंचे. उनके पास मौजूद SLR राइफल भी गायब है. इसके बाद पुलिस और सुरक्षा बलों ने बड़े पैमाने पर तलाश अभियान शुरू कर दिया है.
किश्तवाड़ के त्रेहगाम निवासी बशीर अहमद एक स्पेशल पुलिस ऑफिसर (SPO) के तौर पर तैनात हैं. अधिकारियों के मुताबिक वह सुबह करीब 7 बजे अपनी ड्यूटी पोस्ट से घर जाने के लिए निकले थे. हालांकि काफी समय बीत जाने के बाद भी जब वह घर नहीं पहुंचे तो परिवार के लोगों की चिंता बढ़ गई. परिवार ने उनसे संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन उनका फोन भी नहीं लग सका.
क्या बता रहीं हैं बशीर अहमद की पत्नी?
सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को अलर्ट किया गया. पुलिस की कई टीमें संभावित रास्तों, जंगलों और आसपास के इलाकों में सर्च ऑपरेशन चला रही हैं. लापता SPO के साथ उनकी सर्विस वेपन SLR भी होने के कारण मामले को गंभीरता से लिया जा रहा है.
किसी हादसे की आशंका को लेकर भी जांच
सूत्रों के मुताबिक जांच के दौरान पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रख रही है. अधिकारियों का कहना है कि सुबह किश्तवाड़ में भारी बारिश हो रही थी, इसलिए यह भी जांच का विषय है कि कहीं बशीर अहमद रास्ते में फिसलकर किसी हादसे का शिकार तो नहीं हो गए. पुलिस इलाके के कठिन पहाड़ी मार्गों और संवेदनशील स्थानों की भी तलाशी ले रही है.
गौरतलब है कि अतीत में जम्मू-कश्मीर में कुछ ऐसे मामले सामने आए हैं, जिनमें सुरक्षाकर्मी अपनी सर्विस राइफल के साथ ड्यूटी छोड़कर आतंकी संगठनों में शामिल हो गए थे. इसी वजह से पुलिस इस मामले की जांच बेहद सतर्कता और गंभीरता से कर रही है.
फिलहाल बशीर अहमद और उनकी सर्विस राइफल का कोई सुराग नहीं मिला है. पुलिस ने अभी तक इस मामले में कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है. सर्च ऑपरेशन जारी है और परिवार उनकी सुरक्षित वापसी की उम्मीद लगाए बैठा है.
यह भी पढ़ें: पहले शादी, फिर 'आई लव यू', कुंवारे लड़कों को असदुद्दीन ओवैसी के टिप्स
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं