- ओवैसी ने कानपुर में युवाओं को शादी से पहले प्यार जताने की बजाय पहले शादी करने की सलाह दी
- ओवैसी ने कहा कि इस्लाम में शादी आधा ईमान होती है और शादी से पुरुष और महिला का संबंध मजबूत होता है
- शादीशुदा पुरुषों को सलाह दी कि वे दिन में तीन से चार बार अपनी पत्नी की आंखों में देखकर आई लव यू जरूर कहें
AIMIM प्रमुख और हैदराबाद के सांसद असदुद्दीन ओवैसी ने एक बार फिर अपनी रैली में अनोखे अंदाज में शादी और मोहब्बत पर टिप्स दिए. ओवैसी ने कहा कि वो हर भाषण में लोगों से कह रहे हैं कि अपनी बीवी को आई लव यू कहो. इस बार कुंवारे लड़कों और युवाओं को सलाह देते हुए ओवैसी ने कहा, "जिससे भी मोहब्बत करते हैं, पहले उससे शादी करें और फिर 'आई लव यू' बोलें." उत्तर प्रदेश के कानपुर में रैली के दौरान उनके द्वारा दी गई ये अनोखी सलाह सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है.
बीवी की आंखों में देखकर कहो...
ओवैसी ने रैली के दौरान कुंवारे लड़कों से हाथ उठाने को कहा. उन्होंने कहा- जितने लोगों की शादी नहीं हुई हाथ उठाओ. भीड़ में बड़ा नंबर देखकर उन्होंने कहा- माशाल्लाह बड़ा नंबर है, आप शादी करना चाहते हैं? ओवैसी ने युवाओं से कहा कि शादी से पहले प्यार का इजहार करने के बजाय, सीधे शादी के बंधन में बंधना चाहिए, क्योंकि इस्लाम में शादी को आधा ईमान माना गया है. उन्होंने कहा याद रखो जब शादी होती है तो हाफ ईमान मुकम्मल होता है. शादीशुदा पुरुषों को सलाह देते हुए उन्होंने कहा कि घर में होने वाले झगड़ों को भूलकर पति-पत्नी के रिश्ते में कभी खटास नहीं आनी चाहिए. पतियों को दिन में कम से कम तीन से चार बार अपनी बीवी की आंखों में देखकर "आई लव यू माई डियर" जरूर कहना चाहिए.
'मेरी दाढ़ी व्हाइट हो गई, मैं अभी तक सेट नहीं हुआ'
ओवैसी ने अपनी एक मुलाकात का किस्सा भी सुनाया. उन्होंने बताया कि वो औरंगाबाद में अपने सांसद इम्तियाज जलील के घर गए थे. उनके छोटे बेटे से बोले- अरे शादी कर ले भाई. वो बेटा बड़ा काबिल है, बोला- अरे नहीं नहीं, अंकल अभी हमको सेट होना है. इस पर ओवैसी ने कहा- मेरे भाई मेरी दाढ़ी व्हाइट हो गई, मैं अभी तक सेट नहीं हुआ हूं, आप सेट नहीं होते, शादी करो सेट हो जाता पूरा मामला.
ये भी पढ़ें:- 'निकाह कॉन्ट्रैक्ट है, जन्मों का साथ नहीं, BJP विधायक को चुनौती', भोपाल में UCC के खिलाफ बोले ओवैसी
लव मैरिज के टिप्स
ओवैसी ने कहा कि शादी करना घर जमाई बनने के लिए नहीं, एक शहजादी को अपने घर में लाने के लिए है. अगर आप किसी से मोहब्बत करते हैं, तो जाके अपने मां-बाप को बताइए. मां बाप नहीं समझे तो ये वीडियो दिखाओ हमारा, तब भी राजी नहीं हुए, तो मोहल्ले के गांव के उलमा इकराम के पास जाकर उनके हाथ-पैर पकड़ कर बोलो- हजरत जरा मेरी अम्मा अब्बा को बता दो. ओवैसी ने नसीहत दी- शादी करो गुनाह मत करो, दहेज मत लो, दहेज लेना कमजोरी की निशानी है. जिससे मोहब्बत करते हो उससे शादी करो और आई लव यू बोलो. जिससे शादी करो उसको दिन में तीन मर्तबा बोलना- आई लव यू. डरने की बात नहीं है, बीवी को जितना आई लव यू बोलेंगे, उतना सुकून इत्मीनान मिलता है.
ये भी पढ़े:- SIR से जुड़े कोर्ट के फैसले पर ओवैसी की पुनर्विचार याचिका, चुनाव आयोग पर अनियमितताओं का आरोप
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं