विज्ञापन

वर्धमान जैन कौन हैं, तिरुपति बालाजी में 121 किलो सोना दान करने के लिए कहां से जुटाए 160 करोड़ रुपये? चेन्नई में जन्‍मे, अमेरिका से पढ़ाई, पूरी डिटेल

Vardhman Jain: मेडिकल बिलिंग से अरबों की कंपनी तक का सफर, वर्धमान जैन के लिए कोई रातों-रात का खेल नहीं था. चेन्नई के कारोबारी वर्धमान जैन ने तिरुपति बालाजी को 121 किलो सोने के आभूषण दान किए. जानिए उनके कारोबार और संपत्ति के बारे में.

वर्धमान जैन कौन हैं, तिरुपति बालाजी में 121 किलो सोना दान करने के लिए कहां से जुटाए 160 करोड़ रुपये? चेन्नई में जन्‍मे, अमेरिका से पढ़ाई, पूरी डिटेल
जानिए कौन हैं तिरुपति बालाजी को 121 किलो सोना देने वाले वर्धमान जैन
Source: NDTV Graphics/Canva

Vardhman Jain Gold Donation: तिरुपति बालाजी मंदिर में 121 किलो सोने के आभूषण दान करने वाले चेन्नई के कारोबारी वर्धमान जैन इन दिनों चर्चा में हैं. उन्होंने अपनी पत्नी राधिका जैन के साथ भगवान वेंकटेश्वर को सोने के 46 विशेष आभूषण भेंट किए हैं. इनकी कीमत 160 करोड़ रुपये से ज्यादा बताई जा रही है. आभूषणों में मुकुट, हार, बाजूबंद, कमरबंद और दूसरे पारंपरिक गहने शामिल हैं. इनमें से कुछ पर हीरे भी जड़े हैं.

26 नवंबर को आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू की मौजूदगी में ये आभूषण भगवान को अर्पित किए गए. इस दान के बाद लोगों के मन में सवाल है कि आखिर वर्धमान जैन कौन हैं और उन्होंने इतनी बड़ी रकम कैसे जुटाई?

कौन हैं वर्धमान जैन?

वर्धमान जैन हेल्थकेयर टेक्नोलॉजी और आउटसोर्सिंग कारोबार से जुड़े उद्यमी हैं. उन्होंने करीब तीन दशक पहले मेडिकल बिलिंग के छोटे कारोबार से शुरुआत की थी. आगे चलकर उन्होंने एक ग्लोबल हेल्थकेयर टेक्नोलॉजी कंपनी खड़ी की.

Latest and Breaking News on NDTV

चेन्नई के उद्यमी वर्धमान जैन हेल्थकेयर टेक्नोलॉजी और रेवेन्यू साइकिल मैनेजमेंट कंपनी एक्सेस हेल्थकेयर (Access Healthcare) के फाउंडर और वाइस चेयरमैन हैं. ये कंपनी अस्पतालों और स्वास्थ्य सेवा प्रोवाइडर्स को बिलिंग, बीमा क्लेम और वित्तीय प्रबंधन से जुड़ी सेवाएं देती है.

जैन ने चेन्नई के लोयोला कॉलेज से स्टैटिस्टिक्स की पढ़ाई की. इसके बाद उन्होंने अमेरिका की यूनिवर्सिटी ऑफ टेक्सास, ऑस्टिन से कंप्यूटर साइंस में पोस्ट ग्रेजुएट डिग्री हासिल की.

वह एशिया इंजीनियरिंग के डायरेक्टर भी हैं. इसके अलावा, वह कांची कामकोटि चिल्ड्रन्स ट्रस्ट हॉस्पिटल के मैनेजिंग ट्रस्टी हैं. ये संस्थान जरूरतमंद बच्चों को स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए काम करता है.

Latest and Breaking News on NDTV

1997 में मेडिकल बिलिंग के कारोबार से की शुरुआत

वर्धमान जैन का कारोबारी सफर 1997 में शुरू हुआ था. उन्होंने अनुराग जैन के साथ मिलकर विजन हेल्थसोर्स (Vision HealthSource) की स्थापना की थी. कंपनी मेडिकल बिलिंग और हेल्थकेयर क्लेम मैनेजमेंट का काम करती थी.

मोटा-माटी कहें तो अस्पतालों और डॉक्टरों को मरीजों के इलाज के बाद बीमा कंपनियों से भुगतान लेने, बिल तैयार करने और क्लेम की प्रक्रिया पूरी करने में मदद करना उनके इस कारोबार का हिस्सा है.

साल 2003 में पेरोट सिस्टम्स (Perot Systems) ने विजन हेल्थसोर्स का अधिग्रहण कर लिया. इसके करीब छह साल बाद डेल (Dell) ने पेरोट सिस्टम्स को खरीद लिया. इस तरह जैन का कारोबार एक बड़े ग्लोबल टेक्नोलॉजी और सर्विस नेटवर्क का हिस्सा बन गया.

Latest and Breaking News on NDTV

इसके बाद वर्धमान जैन डेल सर्विसेज के ग्लोबल बिजनेस प्रोसेस आउटसोर्सिंग (BPO) कारोबार के मैनेजिंग डायरेक्टर बने. इस भूमिका में उन्होंने 100 से ज्यादा क्लाइंट और करीब 9,000 कर्मचारियों वाली टीम के कामकाज की जिम्मेदारी संभाली.

यह भी पढ़ें | तिरुपति मंदिर में श्रद्धालु ने चढ़ाए 207 करोड़ के उपहार, CM नायडू की मौजूदगी में 121 KG सोना किया दान

एक्सेस हेल्थकेयर से कैसे बदली कारोबारी पहचान?

डेल के साथ काम करने के बाद वर्धमान जैन ने अपना नया कारोबार शुरू किया. उन्होंने एक्सेस हेल्थकेयर की स्थापना की. कंपनी का फोकस हेल्थकेयर आउटसोर्सिंग और टेक्नोलॉजी सेवाओं पर रहा.

एक्सेस हेल्थकेयर अस्पतालों और स्वास्थ्य सेवा कंपनियों को उनके प्रशासनिक और वित्तीय कामकाज में मदद करती है. इसके लिए कंपनी ऑटोमेशन, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और मशीन लर्निंग जैसी तकनीकों का इस्तेमाल करती है.

कंपनी की सेवाओं में मेडिकल बिलिंग, इंश्योरेंस क्लेम प्रोसेसिंग और रेवेन्यू साइकिल मैनेजमेंट जैसे काम शामिल हैं. इस कारोबार के जरिए जैन ने हेल्थकेयर सेवाओं और टेक्नोलॉजी के क्षेत्र में अपनी पहचान बनाई.

Latest and Breaking News on NDTV

कैसे जुटाई इतनी मोटी रकम?

वर्धमान जैन की संपत्ति और तिरुपति मंदिर में किए गए दान की चर्चा के पीछे एक्सेस हेल्थकेयर में निवेश से जुड़ी एक बड़ी कारोबारी डील भी है.

जनवरी 2025 में अमेरिका की प्राइवेट इक्विटी कंपनी न्यू माउंटेन कैपिटल (New Mountain Capital) ने एक्सेस हेल्थकेयर में बहुलांश हिस्सेदारी लेने के लिए रणनीतिक निवेश की घोषणा की थी.  रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस सौदे का मूल्य 1.5 अरब से 2 अरब डॉलर के बीच बताया गया था.

रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस सौदे में जैन ने अपनी करीब 70% हिस्सेदारी बेची थी. इसके बाद उन्होंने भगवान वेंकटेश्वर को 200 करोड़ रुपये से ज्‍यादा मूल्य के सोने के आभूषण दान करने की योजना की घोषणा की थी.

दान किए 121 किलो सोने के आभूषण

वर्धमान जैन और उनकी पत्नी राधिका जैन ने तिरुमला मंदिर में भगवान वेंकटेश्वर को 121 किलो सोने के विशेष आभूषण भेंट किए. मंदिर प्रबंधन तिरुमला तिरुपति देवस्थानम (TTD) ने भी सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए इस दान की जानकारी दी.

Latest and Breaking News on NDTV

TTD के मुताबिक, भगवान के लिए 121 किलो सोने से 45 तरह के विशेष आभूषण तैयार किए गए हैं. इनमें मुकुट, हार, बाजूबंद, कंधों के आभूषण, कमरबंद और चरणों के गहने शामिल हैं. इन आभूषणों को भगवान वेंकटेश्वर के सिर से पैर तक के श्रृंगार के लिए तैयार किया गया है. मंदिर में इनका इस्तेमाल रोजाना होने वाले धार्मिक अनुष्ठानों और विशेष श्रृंगार के दौरान किया जाएगा.

Latest and Breaking News on NDTV

यह भी पढ़ें | 121 किलो सोने के आभूषण, भारत के इस मंदिर को मिलने वाला अब तक का सबसे बड़ा चढ़ावा

यह भी पढ़ें | तिरुपति मंदिर की अनोखी डोनर पॉलिसी, सोने-चांदी के सिक्कों से भक्तों को किया जाता है सम्मानित

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Vardhman Jain, Vardhman Jain Access Healthcare, Vardhman Jain Profile, 121 Kg Gold Donation, Tirupati Balaji Donations
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com