जम्मू-कश्मीर में सोमवार को लश्कर-ए-तैयबा का कमांडर लतीफ भट एनकाउंटर में मारा गया. लतीफ भट का मारा जाना लश्कर-ए-तैयबा के लिए एक बड़ा झटका है, क्योंकि वह कश्मीर में उनका आखिरी एक्टिव कमांडर था. उस पर 15 लाख रुपये का इनाम था. लतीफ भट लश्कर का टॉप कमांडर था. वह घाटी में हुए कई हमलों से जुड़ा था. कुलगाम में 11 नवंबर को CRPF पर जो हमला हुआ था, उसका मास्टरमाइंड लतीफ भट ही था. इसके अलावा, वह कश्मीर में मजदूरों की टारगेट किलिंग का मास्टरमाइंड था.


लतीफ भट कौन था?
लतीफ भट लश्कर-ए-तैयबा का टॉप कमांडर था और सिर्फ 22 साल का ही था. इतनी कम उम्र में ही उसने कई बड़े हमलों को अंजाम दिया था. लतीफ भट कुलगाम के ख्रेवन चादर गांव का रहने वाला था. जानकारी के मुताबिक, नवंबर 2025 में लतीफ घर छोड़कर चला गया था और लश्कर-ए-तैयबा में शामिल हो गया था.
सुरक्षा एजेंसियों के लिए लतीफ भट सिरदर्द बन गया था क्योंकि उसने छोटे स्तर के हमले करके वहां से सुरक्षित निकल जाने का तरीका सीख लिया था. हमले के बाद वह स्थानीय आबादी के बीच घुल-मिल जाता था, जिससे उसे ट्रैक करना बहुत मुश्किल हो गया था. पिछले एक साल में वह लश्कर-ए-तैयबा के लिए एक बहुत ही अहम मोहरा बन गया था.
लश्कर-ए-तैयबा अपने प्रॉक्सी संगठन 'द रेजिस्टेंस फ्रंट' के नाम से हमले करता है. उसे पाकिस्तान में बैठे अपने आकाओं से निर्देश मिलते थे. आईएसआई लतीफ भट की मदद से कश्मीर में अपना स्थानीय नेटवर्क और मजबूत करना चाहती थी. लतीफ भट का मारा जाना सुरक्षा एजेंसियों के लिए एक बड़ी कामयाबी है.
यह भी पढ़ें | कुलगाम में ढेर हुआ 15 लाख का इनामी आतंकी अब्दुल लतीफ भट कौन था? बढ़ई कैसे बन गया आतंकी
यह भी पढ़ें | कुलगाम CRPF हमले का मास्टरमाइंड लतीफ भट रडार पर, 500 से ज्यादा लोगों से पूछताछ; लश्कर नेटवर्क की तलाश तेज
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं