विज्ञापन

कुलगाम CRPF हमले का मास्टरमाइंड लतीफ भट रडार पर, 500 से ज्यादा लोगों से पूछताछ; लश्कर नेटवर्क की तलाश तेज

कुलगाम में CRPF नाका पार्टी पर हुए हमले की जांच में लश्कर-ए-तैयबा के आतंकी अब्दुल लतीफ भट का नाम सामने आया है. सुरक्षा एजेंसियों ने स्थानीय मददगारों की भूमिका की जांच के लिए 500 से अधिक लोगों से पूछताछ की है.

कुलगाम CRPF हमले का मास्टरमाइंड लतीफ भट रडार पर, 500 से ज्यादा लोगों से पूछताछ; लश्कर नेटवर्क की तलाश तेज
कुलगाम हमले के बाद एक्शन मोड में सुरक्षा एजेंसियां
अल्टर्ड बाय NDTV
  • कुलगाम आतंकी हमले के बाद 500 लोगों से पूछताछ, 20 हिरासत में
  • लश्कर के OGW नेटवर्क पर सुरक्षा एजेंसियों का शिकंजा
  • कुलगाम हमले में स्थानीय मददगारों की भूमिका की जांच, बड़ा ऑपरेशन जारी
जम्मू:

जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में सीआरपीएफ जवानों पर हुए आतंकी हमले की जांच तेज हो गई है. सुरक्षा एजेंसियों का मानना है कि यह हमला पहले से बनाई गई योजना के तहत अंजाम दिया गया था और इसके पीछे लश्कर-ए-तैयबा का मॉड्यूल सक्रिय था. जांच में स्थानीय आतंकी अब्दुल लतीफ भट का नाम प्रमुखता से सामने आया है. एजेंसियों को आशंका है कि उसके साथ दो पाकिस्तानी आतंकवादी भी शामिल थे. हमले के बाद आतंकियों को स्थानीय स्तर पर मदद मिलने की संभावना को देखते हुए बड़े पैमाने पर पूछताछ और छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है.

11 नवंबर को अचानक हुआ था हमला

यह हमला 11 नवंबर को दोपहर करीब 2:15 बजे कुलगाम के मीर बाजार के पास अखरन इलाके में हुआ था. 46वीं बटालियन की सीआरपीएफ नाका पार्टी पर आतंकियों ने अचानक फायरिंग शुरू कर दी. हमले में हेड कांस्टेबल सोमवीर सिंह, कांस्टेबल राकेश दास और कांस्टेबल संतोष चंद्रू घायल हो गए. सोमवीर सिंह के हाथ में, राकेश दास के पैर में गोली लगी, जबकि संतोष चंद्रू को पेट और रीढ़ की हड्डी में चोट आई. उन्हें पहले जीएमसी अनंतनाग और बाद में बेहतर इलाज के लिए श्रीनगर के 92 बेस अस्पताल भेजा गया.

ऐसे दिया गया हमले को अंजाम; लतीफ भट पर जांच एजेंसियों की नजर

सूत्रों के अनुसार हमले को लश्कर-ए-तैयबा से जुड़े आतंकी अब्दुल लतीफ भट ने अंजाम दिया. एजेंसियों का मानना है कि उसके साथ कम से कम एक अन्य आतंकी भी मौजूद था. लतीफ भट पर दक्षिण कश्मीर में पहले भी कई आतंकी वारदातों में शामिल होने के आरोप हैं. सुरक्षा एजेंसियां उसे घाटी में सक्रिय बचे प्रमुख स्थानीय आतंकियों में से एक मान रही हैं. शुरुआत में आशंका थी कि आतंकी मोटरसाइकिल पर आए थे, लेकिन CCTV फुटेज की जांच में अलग तस्वीर सामने आई.

जांच में पता चला कि आतंकियों ने पेड़ों और दलदली इलाके की आड़ लेकर हमला किया. सीआरपीएफ नाका से लगभग 50 मीटर की दूरी से आतंकियों ने AK राइफलों से फायरिंग शुरू की.

सुरक्षा अधिकारियों के अनुसार महज 15 सेकंड के भीतर करीब 30 राउंड गोलियां चलाई गईं. फायरिंग के बाद आतंकी घने पेड़ों और कठिन भौगोलिक परिस्थितियों का फायदा उठाकर फरार हो गए.

OGW नेटवर्क पर शिकंजा, 500 से अधिक लोगों से पूछताछ

जांच एजेंसियों का मानना है कि हमला बिना स्थानीय मदद के संभव नहीं था. आशंका है कि ओवर ग्राउंड वर्कर्स (OGWs) ने आतंकियों को पहले ठिकाना उपलब्ध कराया और बाद में सुरक्षित भागने में भी मदद की. इसी कड़ी में सुरक्षा बलों ने पिछले दो दिनों के दौरान 500 से अधिक लोगों से पूछताछ की है. इनमें से अधिकांश को पूछताछ के बाद छोड़ दिया गया, लेकिन करीब 20 लोगों को आगे की जांच के लिए हिरासत में रखा गया है. सूत्रों के मुताबिक हिरासत में लिए गए लोगों में तीन ऐसे व्यक्ति भी शामिल हैं जिन पर लश्कर-ए-तैयबा के ओजीडब्ल्यू होने का संदेह है. हालांकि अभी तक किसी की औपचारिक गिरफ्तारी नहीं हुई है.

CCTV और फोरेंसिक जांच के साथ-साथ छापेमारी जारी

जांच एजेंसियां विभिन्न स्थानों के CCTV फुटेज खंगाल रही हैं. घटनास्थल से बरामद खाली कारतूसों को फोरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है. अब यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि क्या इसी प्रकार के कारतूसों का इस्तेमाल घाटी में पूर्व में हुए किसी अन्य आतंकी हमले में भी किया गया था. वहीं हमले के बाद सुरक्षा एजेंसियों ने कई इलाकों में तलाशी अभियान शुरू किया है. संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है और आतंकी नेटवर्क से जुड़े लोगों की पहचान की कोशिश जारी है.

यह भी पढ़ें : जम्मू-कश्मीर में आतंकियों की बौखलाहट की वजह क्या है? ये आंकड़े ही सारी सच्चाई बयां कर रहे हैं

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Kulgam CRPF Attack, Lashkar E Taiba, Kashmir Terror Attack, Latief Bhat, CRPF Attack
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com